
FSSAI से 5-स्टार ‘ईट राइट कैंपस’ प्रमाण-पत्र पाने वाला छत्तीसगढ़ का पहला अस्पताल बना
राजनांदगांव। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मरीजों के पोषण और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में जिला अस्पताल, राजनांदगांव ने प्रदेश स्तर पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा जिला अस्पताल को प्रतिष्ठित ‘ईट राइट कैंपस’ का 5-स्टार प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है। यह गौरव हासिल करने वाला राजनांदगांव जिला अस्पताल पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का पहला शासकीय अस्पताल बन गया है।
यह प्रमाण-पत्र 2 सितंबर 2026 से 1 सितंबर 2028 तक की दो वर्षीय अवधि के लिए वैध रहेगा। FSSAI द्वारा कड़े मानकों पर अस्पताल परिसर में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता, पोषण मूल्य और सुरक्षित भंडारण की जांच के बाद यह 5-स्टार रेटिंग दी गई है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और कलेक्टर के कुशल नेतृत्व, प्रेरणा और निरंतर सहयोग से संभव हो सकी है। अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और समस्त स्वास्थ्य कर्मियों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए निरंतर नवाचारों का यह परिणाम है।
इन प्रमुख बिंदुओं पर खरा उतरा अस्पताल
- स्वच्छ एवं पौष्टिक आहार मरीजों के लिए निर्धारित डाइट चार्ट के अनुरूप सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था।
- किचन हाइजीन: भोजन पकाने के स्थान और बर्तनों की उच्च स्तरीय सफाई।
- कड़े सुरक्षा मानक: खाद्य प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच, एप्रन-ग्लव्स का अनिवार्य उपयोग और कचरा प्रबंधन।
- जागरूकता अभियान: परिसर में स्वस्थ खान-पान और सुरक्षित जीवनशैली को बढ़ावा देना।
अस्पताल प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय चिकित्सकों, नर्सिंग ऑफिसर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और विशेष रूप से खाद्य प्रबंधन से जुड़े ग्राउंड स्टाफ के समर्पण को दिया है। FSSAI से मिली यह मान्यता दर्शाती है कि राजनांदगांव जिला अस्पताल ‘सुरक्षित भोजन – स्वस्थ जीवन – स्वस्थ समाज’ के संकल्प को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू कर रहा है।


