एक दुखद हादसे के बाद फिल्मों में सफल हुए थे बर्थडे ब्वाय रणदीप हुड्डा

बॉलीवुड में जब भी किसी ऐसे एक्टर की बात होती है जो अपने किरदार के लिए अपने आप को पूरी तरह बदल लेता है, तो रणदीप हुड्डा का नाम सबसे ऊपर आता है।

रणदीप हुड्डा का जन्म आज ही के दिन यानी २० अगस्त १९७६ को हरियाणा के रोहतक में हुआ था..पापा डॉक्टर थे और मॉम सोशल एक्टिविस्ट, तो ज्यादातर समय अपने दादा-दादी के साथ बिताया…स्कूल के दिनों से नाटकों में काम करने का ऐसा शौक लगा कि ऑस्ट्रेलिया से डिग्री लेने के बाद फ़िल्मों की लाइन में आ गए…

लेकिन फ़िल्मों में जाने के लिए ना तो उनके पास कोई फ़िल्मी बैकग्राउंड था और ना ही कोई गॉडफ़ादर..
फिर भी वो फ़िल्म इंडस्ट्री में सेटल होने के लिए अपनी पूरी मेहनत कर रहे थे,

…तभी साल 2000 में उनके साथ दिल्ली में एक भयानक सड़क हादसा हो गया। इस एक्सीडेंट में उनका दाहिना हाथ, कोहनी और अंगूठा बुरी तरह टूट गए और सिर में भी गहरी चोटें आईं। वे पूरी तरह बेड रेस्ट पर थे और मुंबई जाने का उनका सपना अधर में लटक गया था।

एक दिन रणदीप अपनी मां के साथ दिल्ली से अपने होमटाउन रोहतक आ रहे थे, तभी उनके पास हॉलीवुड डायरेक्टर मीरा नायर की फिल्म मॉनसून वेडिंग के ऑडिशन के लिए फोन आया…

चूंकि रणदीप का कुछ दिन पहले ही एक्सीडेंट हुआ था और उनका हाथ टूटा हुआ था, इसलिए वे इस ऑडिशन में जाना नहीं चाहते थे और इसे टालना चाहते थे।
लेकिन उनकी माँ ने वो फ़ोन कॉल सुन लिया और ज़िद की कि चलो चलते हैं..देख कर आते हैं..
हाथ टूटे होने की वजह से रणदीप खुद गाड़ी चला नहीं सकते थे, इसलिए उनकी मां ने खुद कार ड्राइव की और उन्हें ऑडिशन वेन्यू तक लेकर गईं।
लेकिन वहाँ जाकर रणदीप ने देखा कि ऑडिशन देने और भी कई एक्टर्स आए हैं, और उन्होंने अगर देख लिया कि ये लड़का तो अपनी माँ के साथ ऑडिशन देने आया है तो मेरे बारे में क्या सोचेंगे..?

तब उन्होंने अपनी मां से गाड़ी को ऑडिशन वाली जगह से दो ब्लॉक दूर पार्क करके वही इंतज़ार करने को कहा और ख़ुद ऑडिशन देने चले गए..

ऑडिशन के दौरान उन्हें स्क्रिप्ट दी गई लेकिन वो बीच में ही भूल गए तब मीरा नायर ने उन्हें कहा कि वो मुझसे फ़्लर्ट करके दिखाएं..
रणदीप ने बिना झिझके एकदम देशी अंदाज़ में फ़्लर्ट करके ऑडिशन पास कर लिया..
और ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई के दौरान उनका अंग्रेजी लहजा भी इस फ़िल्म में उनके किरदार के काम आया और इस तरह उन्हें टूटे हाथ के साथ अपनी पहली फिल्म मिल गई।

इस ऑडिशन की सबसे इंट्रेस्टिंग बात ये थी कि रणदीप उस समय फ़िल्म इंडस्ट्री के लोगों से इतने अनजान थे कि वो ये भी नहीं जानते थे कि ऑडिशन लेने वाली मीरा नायर कितनी बड़ी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित फिल्म मेकर हैं।

फिल्म मॉनसून वेडिंग मिलने के बाद रणदीप को लगा था कि अब उनका करियर चमक जाएगा, लेकिन उन्हें अगली फिल्म के लिए ४ साल का लंबा इंतज़ार करना पड़ा।

चार साल बाद डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा ने उन्हें अपनी गैंगस्टर फिल्म D के लिए साइन किया। राम गोपाल वर्मा चाहते थे कि उनका लुक एकदम नया और सीक्रेट रहे, इसके लिए उन्होंने रणदीप से एक कॉन्ट्रैक्ट साइन करवाया।
इसके तहत रणदीप को हर महीने 35,000 रुपये की सैलरी मिलती थी,
लेकिन शर्त ये थी कि वे बाहर कोई भी दूसरी फिल्म, विज्ञापन या मॉडलिंग नहीं कर सकते थे।

फिल्म को पूरा होने और रिलीज होने में 3 साल लग गए।
इस दौरान रणदीप सिर्फ घर पर बैठे रहे। रणदीप ने एक इंटरव्यू में खुद बताया था कि वो समय उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत कठिन था। वो हर महीने पैसे तो ले रहे थे, लेकिन एक कलाकार के तौर पर उनका दम घुट रहा था क्योंकि वे कोई काम नहीं कर पा रहे थे।

लेकिन जब फिल्म D रिलीज हुई, तो फ़िल्म में उनके काम को काफी सराहा गया। इसके बाद वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई, साहिब बीवी और गैंगस्टर, जन्नत 2 और किक , हाईवे जैसी फिल्मों से उन्होंने अपनी पहचान बनाई…

रणदीप को इंडिया का क्रिश्चियन बेल कहा जाता है…
पाकिस्तानी जेल में बंद सरबजीत का रोल करने के लिए उन्होंने सिर्फ 28 दिन में 18 किलो वजन घटाया। हालत ये थी कि उनकी पसलियां तक दिखने लगी थीं।
इसके बाद साल 2024 में आई फिल्म स्वातंत्र्य वीर सावरकर के लिए तो उन्होंने हद ही पार कर दी।
सावरकर जी के कालापानी के दिनों को दिखाने के लिए उन्होंने करीब 4 महीने तक सिर्फ एक खजूर और एक कप ब्लैक कॉफी की सख्त डाइट ली और अपना 30 किलो वजन कम किया।
कमजोरी इतनी थी कि सेट पर घोड़े से गिर गए और पैर टूट गया।
इस फिल्म के जरिए उन्होंने बतौर डायरेक्टर भी अपनी एक नई पारी की शुरुआत की।

साल 2000 के दशक में मिस यूनिवर्स और बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन के साथ उनका अफेयर भी काफी सुर्खियों में रहा था, दोनों ने लगभग तीन साल तक एक-दूसरे को डेट किया।इसके बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया..

फ़िल्म इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने के कई सालों बाद रणदीप की मुलाकात मणिपुर की मॉडल और एक्ट्रेस लिन लैशराम से हुई। दोनों कई सालों तक एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में रहे…और २९ नवंबर २०२३ को रणदीप ने इंफाल, मणिपुर में पारंपरिक मैतेई रीति-रिवाजों से लिन लैशराम के साथ शादी कर ली।
ये शादी सोशल मीडिया पर अपनी सादगी और खूबसूरत सांस्कृतिक परंपराओं की वजह से खूब वायरल हुई थी

एक्टिंग के अलावा रणदीप भारत के इकलौते ऐसे एक्टर हैं जो प्रोफेशनल लेवल पर घुड़सवारी पोलो और शो जंपिंग करते हैं और देश के लिए नेशनल मेडल भी जीत चुके हैं।
साथ ही, जब भी देश में कोई आपदा आती है जैसे असम की बाढ़, रणदीप खुद जमीन पर उतरकर लोगों को खाना और राहत सामग्री बांटते नजर आते हैं।

प्रीति सिंह, गाजियाबाद