सीबीएसई नेशनल गेम्स में सृष्टि ने साधा रजत पदक पर निशाना

पानीपत में शानदार प्रदर्शन कर राजनांदगांव की तीरंदाज ने बढ़ाया जिले का गौरव
राजनांदगांव। कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर राजनांदगांव की युवा तीरंदाज सृष्टि चौरसिया ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पानीपत में आयोजित सीबीएसई नेशनल गेम्स 2026-27 में सृष्टि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल कर सृष्टि ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय दिया है।

आरक्षक रंजीत चौरसिया और महिला आरक्षक श्रीमती चौरसिया की बेटी सृष्टि डीपीएस स्कूल, राजनांदगांव की छात्रा हैं। वह राजनांदगांव जिला पुलिस विभाग द्वारा संचालित रााह तीरंदाजी अकादमी, पुलिस लाइन में नियमित रूप से तीरंदाजी का प्रशिक्षण भी प्राप्त करती हैं। पढ़ाई के साथ खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सृष्टि ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

इससे पहले भी सृष्टि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल कर चुकी हैं। लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और अभ्यास का प्रमाण है।

रााह तीरंदाजी अकादमी में प्रतिदिन लगभग 50 बच्चे नियमित रूप से तीरंदाजी का अभ्यास करते हैं। पुलिस विभाग द्वारा बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। अकादमी के खिलाड़ी लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक हासिल कर रहे हैं और राजनांदगांव का नाम रोशन कर रहे हैं।

अकादमी के खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में ABIS Group का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। वहीं स्वर्गीय अभिलेख अग्रहरि वेलफेयर फाउंडेशन एवं राजनांदगांव जिला पुलिस के संयुक्त प्रयासों से बच्चों को प्रशिक्षण एवं खेल से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। समय-समय पर पुलिस अधिकारियों एवं फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाता है।

सृष्टि चौरसिया की इस उपलब्धि पर आईजी अजय यादव एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। रिजर्व इंस्पेक्टर लोकेश कसेर, स्वर्गीय अभिलेख अग्रहरि वेलफेयर फाउंडेशन से सचिन अग्रहरि, ABIS Group, वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज चौधरी एवं डॉ. चेतन साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सृष्टि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सृष्टि सहित अकादमी के खिलाड़ियों को कोच अजेंद्र कुमार टांडेकर द्वारा नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। उनके मार्गदर्शन में राह तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी निरंतर मेहनत करते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत रहे हैं।

सृष्टि चौरसिया की यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के साथ-साथ पढ़ाई और खेल के बीच बेहतर संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही राजनांदगांव की नई खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।