
राजनांदगांव। विहार सेवा अधिवेशन मुंबई में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ और राजनांदगांव के नाम की गूंज रही।
इस अधिवेशन में परम पूज्य आचार्य भगवंत महाबोधि सुरीश्वर जी म. सा. के मुखार वृंद से छत्तीसगढ़ के साथ ही राजनांदगांव की तारीफ की गई। उन्होंने राजनांदगांव में खरतर गच्छाचार्य , छत्तीसगढ़ श्रृंगार पीयूष सागर सुरीश्वर जी म.सा के पावन सानिध्य में हुए विहार सेवा सम्मेलन की भी भूरि भूरि अनुमोदना की। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में विहार सेवा ग्रुप के 350 कार्यकर्ता शामिल हुए थे जो कि अनुमोदना के लायक है। उन्होंने इसके लिए श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट समिति के मैनेजिंग ट्रस्टी अजय सिंगी, ट्रस्टीगण ललित भंसाली, भावेश बैद, रोशन गोलछा एवं जीवनचंद बैद सहित राजनांदगांव के सदस्यों से कहा कि मुंबई महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित पूरे भारतवर्ष के विहार सेवा ग्रुप की सम्मेलन में सहभागिता रहती है। अब से छत्तीसगढ़ भी इसमें जुड़ गया है। उन्होंने राजनांदगांव में हुए सम्मेलन की तारीफ करते हुए राजनांदगांव को ट्रॉफी देने की घोषणा की। इस घोषणा के साथ ही राजनांदगांव में हर्ष की लहर दौड़ गई । विहार सेवा ग्रुप के सदस्य एक दूसरे को बधाई देते नजर आए।

