
बैठक में महापौर यादव और पूर्व सांसद अभिषेक भी हुए शामिल
राजनांदगाँव। जिले में रेलवे से जुडे़ विभिन्न विकास कार्यों को लेकर आज रायपुर स्थित स्पीकर हाऊस स्थित कार्यालय में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रेलवे के अधिकारियों की बैठक ली। राजनांदगांव में रेलवे से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में महापौर मधुसूदन यादव और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह भी शामिल हुए।
बैठक में SECR महाप्रबंधक (GM) तरुण प्रकाश, नागपुर DRM दीपक गुप्ता और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजनांदगांव से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा एवं समीक्षा की गई। बैठक में स्टेशन पारा-चिखली और गौरीनगर अंडरब्रिज की धीमी प्रगति, मोतीपुर मिनी अंडरब्रिज, बरगा–आलिवारा–मुसरा में प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के तहत निर्मित ओवरब्रिज को बारिश से हुई क्षति, परमालकसा में ओवरब्रिज की आवश्यकता सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में सुरक्षित आवागमन, सुगम यातायात और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन विकास कार्यों में तेजी लाने और संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय कर समयबद्ध निराकरण हेतु दिशा-निर्देश दिए।

