बच्ची की मासूम जिद ने कैप्टन और फिर 174 यात्रियों की जान बचाई

खुशदीप सहगल, नई दिल्ली

दुबई में रहने वाले भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर के साहस की कहानी तो आप जान ही चुके होंगे. अब उस 6 साल की बच्ची नीना मैनेस के बारे में जानिए जिसकी मासूम जिद ने कैप्टन स्मित की समय रहते जान बचाई…

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान बच्ची नीना मैनेस ने अपनी मां ताली के सामने जिद पकड़ ली कि उसे टॉयलेट जाना है और वो उसे कॉकपिट की तरफ़ मौजूद टॉयलेट में ही लेकर चले…

नीना अपनी मां ताली के साथ आगे वाले टॉयलेट की तरफ जा रही थी. तभी कॉकपिट के अंदर से उन्हें चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं. मां ताली ने जब झांककर देखा तो अंदर खून से सना खौफनाक मंजर चल रहा था. दुबई से तेल अवीव जा रही इस उड़ान में ओमान के को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) से हमला कर विमान को क्रैश करने की कोशिश की. कैप्टन स्मित ने खून से लथपथ होने पर भी बहादुरी से हमलावर का सामना किया. मां ने तुरंत cabin crew के अन्य सदस्यों और यात्रियों को सतर्क किया…

बेटी की घबराहट और पत्नी के जरिए खतरे का संकेत मिलते ही नीना के पिता ज्विका मैनेस (जो एक बैंक के सीईओ हैं) तुरंत हरकत में आ गए. उधर, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. बस फिर क्या था, ज्विका मेनेस और अन्य जांबाज यात्रियों का समूह तुरंत अंदर कूद पड़ा. उन्होंने कुल्हाड़ी लिए बैठे हमलावर को दबोच लिया. इसके बाद विमान में मौजूद ऑफ-ड्यूटी दो पायलटों की मदद से फ्लाइट का कंट्रोल अपने हाथ में लिया. तब तक विमान की ऊंचाई काफी घट चुकी थी. इस बोइंग विमान की सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जिससे 174 यात्रियों की जान बच गई…

आप यहां ताज्जुब करेंगे कि हमलावर को-पायलट के पास विमान में कुल्हाड़ी (क्रैश एक्स) कहां से आ गई? इसे विमान के कॉकपिट में एक जरूरी सुरक्षा उपकरण के रूप में रखा जाता है. इसका उपयोग कैसे हो सकता है…

उड़ान के दौरान यदि विमान के किसी छिपे हुए हिस्से या पैनल के पीछे आग लग जाए, तो क्रू मेंबर इस कुल्हाड़ी के ज़रिए दीवारों या पैनल को काटकर उस तक पहुंच सकते हैं…

यदि विमान दुर्घटनाग्रस्त (Crash) हो जाए और दरवाजे या रास्ते जाम हो जाएं, तो इस कुल्हाड़ी से ढांचे को काटकर बाहर निकलने का रास्ता बनाया जाता है…

अंतराष्ट्रीय विमानन नियमों के अनुसार, एक निश्चित संख्या से अधिक यात्रियों वाले कमर्शियल विमानों में यह आपातकालीन उपकरण रखना अनिवार्य होता है…

#flydubai #CaptainSmit #NeenaMenes #Deshnama

https://www.facebook.com/share/1HApRwGfqj/