
जेड रहमान का हुआ सम्मान
राजनांदगांव। शहर के लेबर कॉलोनी में हिंदी सिनेमा के मशहूर पार्श्व गायक स्वर्गीय मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर संगीत प्रेमी श्रोताओं द्वारा संगीत सरिता यादे मुकेश का आयोजन किया गया। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर मधुसूदन यादव शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने की। इस दौरान लोक गायक एवं पार्षद मनोहर यादव, पार्षद सावन वर्मा भी उपस्थित रहे।
यादें मुकेश के आयोजन अवसर पर स्वर्गीय मुकेश कुमार की आवाज में उनके नगमे गाने वाले शहर के कलाकार एवं शिक्षाविद जियाऊर रहमान को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय मुकेश को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जेड रहमान ने फिल्म चेतना का मशहूर गाना, मैं तो हर मोड़ पर तुझको दूंगा सदा, गाना शुरू किया तो हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।
शहर के लेबर कॉलोनी निवासी जेड रहमान वर्ष 1968 से मुकेश की आवाज में उनकी लोकप्रिय गीतों को आर्केस्ट्रा और अन्य कार्यक्रमों में गाते आ रहे हैं। लगभग 58 वर्षों से मुकेश की आवाज में गाने गा रहे जेड रहमान का सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मान किया गया। वहीं ईपीएस 95 पेंशनर महिलाओं की समूह से उर्मिला बाई, जना बाई, राजेन्द्र वर्मा, एजाजुर रहमान एवं अन्य ने उनको गुलदस्ता और शाल भेंट कर सम्मानित किया। बीएनसी मिल सेवा नियुक्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नजीर अहमद, आनंद बहादुर, एमडी यूसुफ, गंगाधर, अरुण मेहर, राजेश साहू, सूरज भान देवांगन, मकान स्वामित्व समिति लेबर कालोनी के संतोष सिंह, प्रकाश हरिहारनो, तूफानी वर्मा, विजयी श्रीवास्तव सहित अन्य ने सम्मानित किया।
आयोजन के अवसर पर संगीत सरिता वरिष्ठ कलाकार राज कुमार शर्मा, योगेश अग्रवाल, मनोज गुप्ता, मनोज ओस्तवाल, सुभाष कोठारी, प्रदीप औठनकर, गफ्फार खान, मनोहर यादव ने गीतगाकर समा बांधा। इसी बीच महापौर मधुसुदन यादव ने सभी लोंगों के आग्रह पर एक लोकप्रिय गीत, अब के बरस तुझे धरती की रानी कर देंगे गाया, जिससे पूरा माहौल खुशनुमा हो गया।
आयोजन में संगीत सरिता के प्रशांत कुशवाहा, शरद श्रीवास्तव, राजेश मेश्राम, सोनू मेश्राम, अरुण चौधरी, ईश्वर देवांगन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय संगीत प्रेमी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मधुसुदन यादव ने कहा कि स्व. भैया लाल हेड़ाऊ जब हेमन्त कुमार का गाना गाते थे तो ऐसा लगता था जैसे हेमन्त कुमार स्वयं गा रहे हैं, वैसे ही जब जेड रहमान मुकेश की आवाज में गातें है तो ऐसा लगता है कि मुकेश ही गा रहे हैं।


