परीक्षाएं छुड़वाकर छात्रों का राजनीतिक उपयोग कर रही भाजपा

कांग्रेस अध्यक्ष मुदलियार ने कहा- तिमाही परीक्षा के दौरान गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में बच्चों को धकेलने के जिम्मेदार डीईओ पर हो तत्काल कार्रवाई
राजनांदगांव। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए स्कूली छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। तिमाही परीक्षाओं के दौर में बच्चों को पढ़ाई से दूर रखकर राजनीतिक आयोजनों में भीड़ जुटाने के लिए उपयोग किया जा रहा है, जो बेहद निंदनीय है।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ऑडिटोरियम में ‘युवा संसद’ का आयोजन किया गया था। आरोप है कि इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री के सामने भीड़ जुटाने के लिए भाजपाई स्कूलों से बच्चों को जबरन ले आए। तिमाही परीक्षा के महत्वपूर्ण दिनों में इन मासूम बच्चों को तीन से चार घंटे तक ऑडिटोरियम में बैठाकर रखा गया।

कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक ओर अभिभावक अपनी खून-पसीने की कमाई से बच्चों की स्कूल फीस और उनकी पढ़ाई का खर्च उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा अपने राजनीतिक आंकड़े बढ़ाने के लिए इन बच्चों को जरिया बना रही है। यह कृत्य समाज में एक बहुत ही गलत उदाहरण स्थापित कर रहा है।

मुदलियार ने कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर बच्चों को घंटों यूं ही बैठाया जा रहा है। पीएम मोदी के नाम पर अपेक्षित भीड़ न जुटने से घबराए भाजपा नेताओं की यह करतूत छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले में जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। आखिर परीक्षाओं के व्यस्त समय में स्कूली बच्चों को ऐसे गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों में झोंकने की अनुमति कैसे दी गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है?
कांग्रेस अध्यक्ष ने याद दिलाया कि इससे पहले भी 17 सितंबर को आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में इसी प्रकार की मनमानी की गई थी। स्कूली छात्र-छात्राओं पर दबाव बनाकर उन्हें दीये जलाने के लिए बुलाया गया था, जहां बच्चे तीन से चार घंटे तक बैठे रहे। उन्हें रात आठ बजे के बाद घर भेजा गया, जिसके लिए भी प्रशासन द्वारा कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी। स्कूली छात्रों को छात्र के बजाय राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं की तरह ट्रीट करने की भाजपा की कार्यशैली बेहद आपत्तिजनक है।

जिला प्रशासन को इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग करते हुए जितेंद्र मुदलियार ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों और इस कृत्य पर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस और एनएसयूआइ संयुक्त रूप से भाजपा और प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगी। किसी भी स्थिति में स्वार्थ और मतलबपरस्ती के लिए स्कूली छात्रों का भविष्य बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा।