
पिस्टल और XUV 700 कार के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक महिंद्रा XUV 700 कार बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 सितम्बर 2026 को प्रार्थी अविनाश शेंदरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 सितंबर को वह अपने दोस्तों के साथ दुर्ग से रात में राजनांदगांव लौटा था। रात करीब 11 बजे जब वे स्टेट स्कूल के पास खैरागढ़ रोड पर थे, तब काले रंग की कार में सवार विपिन जान्वेल्स और उसके साथियों ने “कार ठीक से चलाओ, यहां रोलबाजी कर रहे हो” कहकर अश्लील गाली-गलौच शुरू कर दी।
विरोध करने पर मुख्य आरोपी विपिन जान्वेल्स ने अपने पास रखी पिस्टल निकालकर प्रार्थी पर तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए गोली चला दी। गनीमत यह रही कि प्रार्थी के साथियों ने मौके पर उसका हाथ ऊपर उठा दिया, जिससे गोली आसमान की ओर चल गई और एक बड़ा हादसा टल गया। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धाराओं (109(1), 296, 351(3), 119(1), 3(5)) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 6 अक्टूबर 2026 को चारों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विपिन जान्वेल्स (33 वर्ष) निवासी शांति नगर, वार्ड नं. 10, चिखली, राजनांदगांव, अमन जेम्स (22 वर्ष) निवासी स्टेशन पारा, वार्ड नं. 08, चिखली, राजनांदगांव, शेरोन जेम्स (24 वर्ष) निवासी टांकापारा, वार्ड नं. 15, थाना कोतवाली, राजनांदगांव और फरोज खान (23 वर्ष) निवासी शांति नगर, गली नं. 05, चिखली, राजनांदगांव हैं।
इन आरोपियों के पास से एक नग पिस्टल एवं 02 नग आवाजी कारतूस के अलावा एक महिंद्रा XUV 700 कार (क्रमांक CG 08 BJ 0001), जिसकी कीमत लगभग 12,00,000 रुपये है, बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जब्तशुदा पिस्टल को परीक्षण हेतु आर्मोरर के पास भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी विपिन जान्वेल्स के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 322/17 (धारा 294, 323, 325, 506, 34 भादवि) दर्ज है। वहीं आरोपी अमन जेम्स के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 390/25 (धारा 296, 115(2), 351(2), 126(2), 140(3) बीएनएस) दर्ज है।

