
नरकंकाल के पास मोबाइल भी पडा़ मिला, पुलिस जांच शुरू
राजनांदगाँव/अंबागढ़ चौकी। अंबागढ़ चौकी से चिल्हाटी मुख्य मार्ग में नगर के वार्ड 4 में स्थित गणेश टेकरी पहाडी़ में नरकंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। नगरीय निकाय क्षेत्र में नरकंकाल मिलने से नगर में तरह तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। नरकंकाल के समीप सड़े गले कपडे़ एवं एक एंड्राइड मोबाईल एवं एक जोडी़ चप्पल बरामद हुआ है। पुलिस नरकंकाल के समीप मिले इन वस्तुओं के आधार पर शिनाख्ती में जुटी हुई है।
नगर के वार्ड 4 में स्थित गणेश टेकरी पहाडी़ में पुलिस ने आज पहाडी़ के उपर एक वृक्ष के नीेचे नरकंकाल बरामद किया। कंकाल के उपर एक वृक्ष में एक भगवा रंग का गमछा भी लटका हुआ था। जबकि इसके नीचे कंकाल बरामद हुआ। इसे देखकर नगर में यह चर्चाएं चल रही हैं कि किसी अज्ञात युवक ने काफी समय पहले यहां पर पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी। जबकि कुछ लोगो का मानना है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ में लटका दिया गया होगा। बताया जाता है कि इस पहाडी़ के आस पास आए दिन युवक युवतियां एवं नशापान करने वाले युवक घूमते पाए जाते हैं। कंकाल के समीप बरामद हुआ जींस, टीशर्ट एवं स्पोटर्स चप्पल को देखकर माना जा रहा है कि यह कंकाल किसी युवक का ही होगा। घटनास्थल में पुलिस को एक एंड्राइड मोबाईल भी मिला है। मोबाईल बारिश में पडे़ रहने के कारण उपर से खराब हो चुका है। पुलिस मोबाईल में मिले सिम से डाटा रिकवर कर कंकाल की शिनाख्ती एवं पतासाजी में जुटी हुई है। पुलिस ने इस मामले में किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया है। नरकंकाल की सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता पूर्वक मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है।
टीआई अश्वनी राठौर ने बताया कि नगर में मिले नरकंकाल के मामले में पुलिस मर्ग कायम कर कंकाल की शिनाख्ती में जुटी हुई है। टीआई ने बताया कि कंकाल को आज पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सकों ने इसे मेडिकल कालेज भेजने कहा है।
नगर में जिस स्थान एवं पहाडी़ पर नरकंकाल मिला है, उसी के एक किमी के दूरी में नगर के कई शैक्षणिक संस्थानं एवं शासकीय महाविद्यालय भी स्थित हैं और इन शिक्षण संस्थाओँ के छात्र छात्राएं और नशापान करने वाले युवक इस क्षेत्र में प्रतिदिन घूमते देखे जाते हैं। इसलिए नगर में कंकाल मिलने को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस क्षेत्र के निवासियों ने स्थानीय शासन प्रशासन से पहाडी़ एवं इसके पास के क्षेत्रो में घूमने वाले युवाओं एवं उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।

