
डोंगरगढ़ के चौथना गाँव का मामला
राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चौथना में एक महिला और उसके बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला और उसके बेटे की हत्या करने और एक बेटी को गंभीर हाल में पहुंचाने वाला और कोई नहीं, उनका ही रिश्तेदार है। मुख्य आरोपी हेमंत सोनकर ने जादू-टोने के संदेह और पारिवारिक विवाद में घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपी हेमंत सोनकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुखी सोनकर ने गत 9 अक्टूबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि देर शाम जब वह घर लौटे तो उनकी पत्नी कमला सोनकर और पुत्र खुमेन्द्र सोनकर मृत अवस्था में पड़े थे, जबकि उनकी पुत्री ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल थी। घायल युवती को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 606/2026, धारा 332, 109, 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित कीं। साइबर सेल राजनांदगांव के सहयोग से संदिग्धों की सुरागरसी की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के बाद से मुख्य आरोपी हेमंत कुमार सोनकर फरार था।पुलिस ने घेराबंदी कर उसे 12 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात में शामिल अन्य आरोपी सोनू सोनकर और महिला केशर सोनकर की संलिप्तता भी सामने आई।
पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी परिवार के सदस्यों की लगातार खराब हो रही तबीयत को लेकर जादू-टोना का संदेह करते थे जिसके चलते पारिवारिक विवाद गहरा गया था। मुख्य आरोपी हेमंत ने अपने चचेरे भाई खुमेन्द्र सोनकर और चाची कमला सोनकर पर धारदार हथियार (टंगिया) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई चचेरी बहन ममता सोनकर पर भी जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया और एक मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया है। इसके अलावा, आरोपियों द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़ों और टंगिया के लकड़ी के बेट को जलाकर साक्ष्य मिटाने के प्रयास से जुड़े अवशेष भी बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस ने धारा 61(2) और 238 बीएनएस (साक्ष्य छिपाने व नष्ट करने से संबंधित) की धाराएं भी जोड़ी हैं।गिरफ्तार किए गए आरोपी हेमंत कुमार सोनकर (36 वर्ष), निवासी ग्राम चौथना,
सोनू सोनकर (34 वर्ष) निवासी ग्राम चौथना और महिला केशर सोनकर (55 वर्ष), निवासी ग्राम चौथना हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 12 अक्टूबर 2026 को दोपहर के समय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस त्वरित कार्रवाई में डोंगरगढ़ थाना पुलिस और साइबर सेल के अधिकारियों-कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

