फिर गर्मा रहा है कृषि उपज मंडी की बेशकीमती जमीन के किराए का मामला

रायपुर की कंपनी ने ली है लीज पर, किया जा रहा मनमाना काम
राजनांदगाँव।
शहर के बसंतपुर क्षेत्र स्थित कृषि उपज मंडी परिसर की तीन एकड़ से अधिक हिस्से को मामूली किराए पर निजी व्यक्ति को दिए जाने का मसला एक बार फिर गर्माने लगा है। किराए पर देने के दौरान इस जगह पर जिस-जिस तरह के व्यवसाय और कामकाज की अनुमति दी गई थी, उसका पालन यहां नहीं किया जा रहा है। कुल मिलाकर साफ है कि किराएदार द्वारा मंडी अधिनियम की शर्तों की भी खुलेआम धज्जियां उडा़ई जा रही हैं।

किरायानामा की कंडिकाओं का पालन नहीं करने पर मंडी प्रशासन द्वारा आवंटन निरस्त कर दिए जाने का उल्लेख होने के बाद भी पूरे परिसर में मनमाना काम किया जा रहा है।

किराएदार को प्रथम 15 वर्ष और इसके बाद 5-5 वर्ष के तीन बार का विस्तार देने की शर्त पर जगह लीज पर दी गई है। राजनांदगाँव कृषि उपज मंडी से मिली जानकारी के अनुसार 8 जनवरी 2011 को हुई नीलामी में अधिकतम बोली बोलने वाले फर्म सुमीत सिनफेब इंडिया प्राईवेट लिमिटेड रायपुर के प्रोपरायटर सुरेश चंद्र कांकरिया को कृषि उपज मंडी के तत्कालीन अध्यक्ष बाबूलाल मरई और तत्कालीन सचिव आरके देशमुख के हस्ताक्षर से हुए अनुबंध के आधार पर 62000 रूपए प्रतिमाह के किराए पर 14 फरवरी 2011 को मंडी के एक क्षेत्र को किराए पर दिया गया था।

किराएनामा के अनुबंध पत्र के अनुसार कृषि उपज मंडी समिति राजनांदगाँव में अपने ज्ञाप क्रमांक 4290 दिनांक 16 दिसम्बर 2010 द्वारा मंडी समिति राजनांदगाँव के नवीन मंडी परिसर बसंतपुर में निर्मित शापिंग मॉल सह आदान केन्द्र भवन तथा इसके आसपास के परिसर को 62000 रूपए प्रतिमाह की दर से मासिक किराए पर द्वितीय पक्ष को आधिपत्य तिथि 14 फरवरी 2011 से प्रथम 15 वर्ष के लिए और उसके पश्चात प्रत्येक 5 वर्ष के लिए नवीनीकरण करते हुए कुल 30 वर्षों के लिए लीज पर किराए पर देने यह अनुबंध बढा़या जा सकता है। किराए पर दिए गए भवन और परिसर का संक्षिप्त ब्यौरा इस प्रकार है।

किराए पर दिए गए शॉपिंग मॉल सह गोदाम का कुल विनिर्दिष्ट परिसर 3.21 एकड़ है। इस पूरे क्षेत्र में शॉपिंग सह गोदाम भवन, डिपार्टमेंटल स्टोर्स, हाल, प्रवेश द्वार, प्रस्तावित गार्डन, नलकूप पंप और आंतरिक विद्युतकरण सहित अनुमानित विद्युत भार अनुसार अलग से कमरा निर्माण कर मुख्य पेनल बाक्स सहित अन्य स्थानों का उल्लेख है। कृषि उपज मंडी राजनांदगाँव के उपरोक्त क्षेत्र को 21 लाख 21 हजार रूपए की प्रीमियम राशि लेकर किराए पर दी गई है। साथ ही 62000 रूपए प्रतिमाह किराया तय किया गया है। द्वितीय पक्ष यानि किराएदार ने प्रीमियम राशि के रूप में एक्सीस बैंक की 20 लाख रूपए की एक डीडी क्रमांक 049020 और एक्सीस बैंक की ही 1 लाख 21 हजार रूपए की एक डीडी क्रमांक 049088 को जमा कराया है।

अनुबंध पत्र के अनुसार अनुबंध विलेख और आधिपत्य दिनांक से शॉपिंग मॉल सह आदान केन्द्र भवन तथा इसके आसपास का विनिर्दिष्ट परिसर प्रथम 15 वर्ष के लिए दिया जाना था जिसकी समयावधि तीन बार अर्थात पांच, पांच, पांच वर्षों के लिए बढा़ए जाने का उल्लेख था। इस आधार पर 15 वर्ष पश्चात नवीनीकरण कर कुल किराया लीज की समयावधि 15+5+5+5 वर्षों के लिए हो सकने का उल्लेख है। अनुबंध पत्र के अनुसार चूंकि यह नीलामी प्रीमियम पर हुई है। अत: द्वितीय पक्ष द्वारा जमा की गई अधिकतम बोली रूपए 21 लाख 21 हजार रूपए अनुबंध अनुसार इस लीज अनुबंध की वैद्यता अवधि तक अथवा किन्ही कारणों से लीज समय पूर्व समाप्त किए जाने की दशा में उक्त तिथि तक मंडी समिति के पास जमा रहेगी। साथ ही यह राशि वापसी योग्य होने के बावजूद इस पर कोई भी ब्याज द्वितीय पक्ष को प्रथम पक्ष भुगतान नहीं करेगा।

अनुबंध अनुसार यद्यपि प्रथम बार 15 वर्ष के लिए तथा तदोपरांत 3 बार 5-5 वर्षों के लिए लीज की समयावधि वृद्धि किया जा सकेगा किन्तु वर्तमान अनुबंधित किरायों की राशि प्रथम तीन वर्षों के लिए रहेगी जो कि प्रत्येक 3 वर्षों पश्चात 10 प्रतिशत की दर से वृद्धि की जाएगी। साथ ही द्वितीय पक्ष प्रथम पक्ष को किराया प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह अर्थात 1 से 7 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से जमा कराएगा।


अनुबंध विलेख एवं आधिपत्य दिनांक से शॉपिंग मॉल सह आदान केन्द्र भवन तथा इसके विनिर्दिष्ट परिसर में स्थित गार्डन के मेंटनेंस एवं व्यवसाय संचालन की सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक सिक्युरिटी गार्ड अग्निरोधक यंत्र एवं आए हुए आगंतुकों को अति आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने का संपूर्ण दायित्व दूसरे पक्ष का होगा। किंतु विनिर्दिष्ट परिसर के बाउंड्रीवाल, रोड, आंतरिक सज्जा, लाईट तथा पानी आदि की सुविधा हेतु पश्चातवर्ती 5 वर्ष के बाद प्रीमियम के लिए नीलामी के समय गणना की गई लागत से 123.95 लाख का 0.50% प्रतिवर्ष मेंटनेंस चार्ज प्रथम पक्ष द्वितीय पक्ष से प्रतिवर्ष एकमुश्त वसूल करेगा।

अनुबंध पत्र के अनुसार शॉपिंग मॉल सह आदान केन्द्र भवन तथा इसके आसपास के विनिर्दिष्ट परिसर में आवश्यकतानुसार व्यवसाय करने के लिए द्वितीय पक्ष आवश्यक आंतरिक साज-सज्जा एवं अन्य स्ट्रक्चर स्वयं के व्यय से बना सकेगा, जिसके लिए कोई भी भुगतान या व्यय प्रथम पक्ष नहीं करेगा। यह आंतरिक साज-सज्जा एवं आवश्यक परिवर्तन का कार्य द्वितीय पक्ष स्वयं के व्यय पर करेगा किन्तु यह द्वितीय पक्ष का दायित्व होगा कि लीज अवधि समाप्त होने तथा इससे पूर्व लीज समाप्त किए जाने की दशा में अतिरिक्त कार्यों को जैसा कि प्रथम पक्ष चाहेगा, स्वयं के व्यय से द्वितीय पक्ष को हटाना होगा।