
तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग समेत सभी एजेंसियां मुस्तैद
राजनांदगांव। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकराने के बाद चक्रवात ‘अर्नब’ अब छत्तीसगढ़ की ओर अपने प्रभाव दिखाने लगा है। हालांकि इस चक्रवात का सीधा केंद्र छत्तीसगढ़ में नहीं है, लेकिन इसके व्यापक असर से राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। विशेष तौर पर राजनांदगांव जिले में कल, यानी 29 अक्टूबर को मौसम का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा, जिसे लेकर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों ने पूरी तैयारी कर ली है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से राजनांदगांव, रायपुर और भिलाई (दुर्ग संभाग) में 29 अक्टूबर को झमाझम बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला 28 अक्टूबर से ही शुरू हो गया है, लेकिन राजनांदगांव जिले में इसका मुख्य और तीव्र असर पूरे 29 अक्टूबर (दिन और रात) तक बना रहेगा।
संभावित भारी बारिश, जलभराव और तेज हवाओं के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वहीं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्रों और फर्स्ट रेफरल यूनिट अस्पतालों सहित तमाम आपातकालीन चिकित्सा टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए नगर निगम और संबंधित विभागों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली और संचार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तकनीकी टीमों को तैनात किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह वेदर सिस्टम 30 अक्टूबर तक कमजोर पड़ते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ और बिलासपुर संभाग की ओर आगे बढ़ जाएगा। इसके बाद राजनांदगांव जिले में बादलों की आवाजाही कम होगी और मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि खराब मौसम के इस दौर में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, कच्चे मकानों या कमजोर पेड़ों के नीचे शरण न लें और किसी भी आपात स्थिति के लिए स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहें।




