
आदरणीय स्व: शरद कोठारी जी कृत
आदमी की मौत के साथ उसकी कहानी तो खत्म हो जाती है परंतु जिस आदमी की मौत ही कहानी बन जाये तो उस जैसा अभागा कौन होगा!
दिग्वी की दर्दनाक मौत पर छाती फटती है। परंतु आज जबकि उसकी लाश पडी़ है। उसके सिरहाने छाती पिटकर रोने वाला कोई नहीं- मां नहीं, पत्नी नहीं!
-“मुझे ऐसा लगा था कि जैसे सीढी़ के नीचे कुछ फुसफुसाहट चल रही है।” दिग्वी की लाश पर तैनात एक डॉक्टर ने बताया।
रानी संयुक्ता उसी कमरे में थी जहां उसे होना चाहिए। वह न चीखी, न चिल्लाई!
-“मैं जब बुलवाया गया तब संयुक्ता जिस सोफे के पास खडी़ थी वहां बाद में मैंने उसे नहीं देखा” डॉक्टर ने कहा।
मैं ऊपर गया, देखा कि लाश सीधी पडी़ है- बिल्कुल सीधी। सफेद पेन्ट और बुशशर्ट उस शरीर पर था। मैं नहीं कह सकता कि कपडो़ं पर खून के धार थे या नहीं। हां सिर के पास खून का डबरा दिखाई दिया था… बांई ओर… एक गहरा काला निशान था… लगता था कि ताजा-ताजा गोली लगी है। पास ही कुछ दूरी पर पिस्तौल पडा़ था।
डॉक्टर यहां आकर कुछ देर रूक गये। डॉक्टर के चेहरे पर कोमल भावुकता स्पष्ट दिखाई पड़ती थी।
“ऐसा तेजवान चेहरा कि जैसे राजकुमार गहरी नींद में सो रहा हो।”
-क्या आपके पहुंचने के पहले ही…
-क्या आपने ऑक्सीजन नहीं दिया डॉक्टर?
लोग कहते हैं दो-तीन घंटे दिग्वी के प्राण रहे।
डॉक्टर ही बता सकते हैं कि सिर में गोली लगने के बाद आदमी… इतना क्षीणकाय आदमी दो-तीन घंटे जिन्दा रह सकता है।
डॉक्टरों की आज भी यह राय है कि मस्तक में गोली लगने के बाद तत्काल मृत्यु निश्चित है। एक वकील मित्र इस प्रचलित कहानी पर कि दिग्वी गोली लगने के बाद तीन घंटे तक जिन्दा रहा, बहुत बौखला उठे थे। उन्होंने टेलर के मेडिकल ज्यूरिसप्रेडेन्स के दोनों वाल्यूम मेरे सामने पटक दिये।
“लो देखो, यह रहा “Death by fire arms” वाला चेप्टर और ये रहे वे सारे चित्र” उन्होंने एक के बाद एक पन्ने उलटाए-
-“ये देखिये ये खोपडी़ का चित्र है। इस केस में भी ऐसा ही हुआ था। एक आदमी ने सिर के पास रिवाल्वर रखकर गोली मारी थी। दिग्वी से ज्यादा स्वस्थ आदमी था वह। यह आदमी गोली लगते ही मर गया था।” वकील साहब उत्तेजित हो उठे थे-
“मुझे आप एक भी अथारिटी बताइये, एक भी मिसाल दीजिए जहां टैम्पल में गोली का शिकार इतनी देर जिन्दा रहा हो।”
यह बहस वहीं रह गई।
दुर्ग के सिविल सर्जन, रायपुर से पुलिस अधिकारी और प्राय: सभी बडे़ अधिकारी लालबाग पहुंच चुके थे, मंत्रणा शुरू हुई।
मृत्यु की इन परिस्थितियों में लाश का पोस्टमार्टम होना चाहिए।
-नहीं साहब पोस्टमार्टम की क्या जरूरत है। यह स्वीसाइड का केस है।
बाद वाली बात का दबाव इतना अधिक था कि पोस्टमार्टम नहीं किया गया।
यदि पूरा पोस्टमार्टम नहीं किया जाता तो कम से कम पारशियल तो होना ही चाहिए था। लाश के मालिक इस बात के लिए तैयार हो गये।
शिकार रूम में ही मस्तक के दूसरे सिरे को जरा सा उघाडा़ गया। कारतूस के दो टुकडे़ निकल आये। हड्डियों के बीच से गुजरते हुए ये टुकडे़ सिर में अटके हुए थे। जी हां, हड्डियों के बीच से!
-“यहां खोपडी़ में मांस कहां है, हड्डियां और नसें हैं।” डॉक्टर ने समझाया।
-गोली निकालने में कोई दिक्कत नहीं हुई।
-“पूरा पोस्टमार्टम क्यों नहीं हुआ डॉक्टर? आपने पोस्टमार्टम के लिए जोर क्यों नहीं दिया।”
“मैं जोर कैसे दे सकता था। जैसा आफिसर्स ने कहा हमने किया।” डॉक्टर का उत्तर असहाय व्यक्ति की ध्वनि थी।
उपस्थित मंडली दिग्वी की आत्महत्या के बारे में इस तरह आश्वस्त थी कि दिग्वी ने उसके सामने ही आत्महत्या की हो।
परंतु सरकारी कागजातों में खानापूर्ति तो करनी ही पड़ती है। ऐसी जांच बहुत कम देखी-सुनी गई है जहां नतीजे पहले से निर्धारित हैं।
लीजिए जांच शुरू होती है।
उस दिन रात को पुलिस गार्ड की ड्यूटी पर सिपाही लल्लासिंह तैनात था। सुबह उसकी ड्यूटी बदलती थी। रात को जो कुछ हुआ वह लल्लासिंह से छुपा नहीं है, उसके सामने से कितनी मोटरें, कितनी बार उस रात आई, कितने ही लोग उतरे और उनमें से कितनों को उसने बंदूक के सम्मान के साथ सलामी दी थी।
मौत के सन्नाटे के बीच क्या कुछ गुजर गया। छोडि़ये जांच…? उपहास भरकर वह बोला- “हां साहब जांच हुई! बयान… ? हां बयान भी लिए गए। बस इतने को ही तो आप जांच कहते हैं।”
मन हुआ कि कहूं नहीं, जांच वह भी होती है जिसमें मृतक के परिवार वालों को रात-रात भर महीनों थाने में जगाया जाता है। उसके दोस्तों, रिश्तेदारों और जान पहचान वालों को घसीट कर पुलिस के इस नतीजे तक पहुंचने पर मजबूर मजबूर किया जाता है कि मरने वाले ने खुद फांसी लगा ली हो, आत्महत्या कर ली हो, लेकिन मामला हत्या का बनाना है और सबूत तुमसे करवाना है।
यहां एक राजा मरा है, जांच भी राजसी ठाठ से होगी। चाय, काफी और जरूरत हुई तो शराब की बोतलों के विराम-अर्ध विराम के साथ बयान लिए जायेंगे।
और… फिर इतने बडे़ हादसे की जांच सुबह होने के पहले पूरी हो गई। सुबह शहर ने फैसला भी सुन लिया… राजा ने खुद गोली मार ली। शहर वालों तुम यकीन करो राजा को किसी ने नहीं मारा, उसने खुद को मार लिया।
लालबाग के सामने ही रिजर्व पुलिस लाईन है। वहीं जिस खोली में लल्लासिंह रहता था उसके पास ही एक सब इंस्पेक्टर, नाम तो अब उसका याद नहीं आ रहा, रहता था।
इंस्पेक्टर की पत्नी ने बताया कि साहब रात को देर से आये, इंस्पेक्टर की पत्नी बहुत प्रसन्न थी कि चलो देर आये तो कोई बात नहीं कोई बडा़ काम करके आये होंगे। श्रीमती इंस्पेक्टर ने इतना पैसा पहले नहीं देखा था।
शहर बेसुध पडा़ था। रात की काली चादर के नीचे कैसे-कैसे व्यापार चलते हैं, बेचारा दिन क्या जाने। हांफते हुए दिन को रात का ही सहारा है। नींद के मानसरोवर में गोता लगाकर ही थका-हारा दिन सुबह की पहली किरण के साथ फिर जन्म लेता है। स्फूर्ति में नहाया हुआ, उत्साह में पिरोया हुआ-दिन अपनी यात्रा फिर शुरू करता है। दिन की आंखों से कुछ भी छिपाया नहीं जा सकता, रात तो अंधी होती है। रात की कहानी दिन में चाहे जैसा बता लो, कोई संदेह नहीं करेगा।
शहर ने भोर की किरण के साथ जब पहली मीठी अंगडा़ई ली, दिग्वी की मौत का समाचार फैल चुका था। जिसकी सांस जहां थी, अटक गई।
“दिग्वी ने गोली मार ली।”
“दिग्वी मर गया।”
“राजा दिग्विजयदास का स्वर्गवास हो गया।”
एक उत्साही सामाजिक कार्यकर्ता ने टांगे में लाउडस्पीकर फीट कर शहर में ऐलान किया, अपील की कि बाजार बंद रखे जायें।
लालबाग की ओर जन समुद्र उमड़ पडा़। तिल रखने को भी जगह नहीं थी। विचित्र उद्वेग से लोग राजमहल की ओर बढ़ रहे थे। वे ठगे से रह गये थे।
आश्चर्य, उत्तेजना और सन्नाटे के जैसे हजारों हाथ-पांव हो गये थे।
भीड़ को द्वार पर ही मजबूत पुलिस फोर्स ने रोक लिया। पुलिस वालों पर जो लोग यह प्रभाव डाल सके कि उनका भीतर जाना बहुत जरूरी है वे तो अंदर घुस गये। बाकी, जिसे जन साधारण कहते हैं, लालबाग की चारदीवारी के इस पार खडे़ गहरे दुख से उस पार ताकते रहे। उनके मन में आतंक था और मस्तिष्क में प्रश्न- “आखिर राजा ने गोली क्यों मार ली?”
भीतरी हिस्से में जो लोग घुस गये थे वे बडे़ कौतुहल से हरेक कमरे का कोना-कोना देख रहे थे कि शायद किसी कोने में उत्तर छिपा बैठा हो!
उत्तर की खोज आसान नहीं थी। भीतर जो लोग घुस आये थे वे इस बात पर विश्वास करने का प्रयत्न कर रहे थे कि राजा ने आत्महत्या की है। लेकिन उन्हें यकीन नहीं होता था। एक-एक, दो-दो के गुट किनारे हटकर कानाफूसी करते थे- “राजा को मार डाला गया।”
दूसरे ग्रुप में अधिक दृढ़ता के साथ यह बात यों कही जाती “सबके मुंह बंद कर दिये हैं, रात को खूब पैसा बंटा है।”
तीसरा खबर खोजी कहता “यदि पैसा नहीं बांटा गया तो सरजू बाबू से रात को ही सारी चाबियां लेने की क्या जरूरत थी?”
जो लोग प्रारब्ध पर भरोसा करते थे और जिनके मन में क्रोध उफन रहा था वे सीधे यही कहते- “सालों ने बैरागी का पैसा खाया है, फूट-फूट कर निकलेगा।”
भाग्यवादियों के समर्थक अक्सर मिल जाते हैं- “यह पाप छिप नहीं सकता किसी न किसी दिन बाहर आकर ही रहेगा।”
जो लोग वर्तमान में यथार्थ की पीडा़ नहीं भूल पाते थे उनके मुंह से यही निकलता- “बेचारा नौजवान तो बेगुनाह मारा गया।”
पास के हॉल में कुछ पुलिस अधिकारी तिलस्मी मुद्रा में बैठे थे। लोग उसकी तरफ झांक कर देखते और घृणा से कह बैठते-
-पैसा खाकर जांच का नाटक किया जा रहा है।
सच पूछें तो महल से संबंधित वर्ग का जो भी आदमी वहां दिख पडा़, दर्शक कुछ इस दृष्टि से उनकी ओर देखते थे जैसे वे सब जानते हैं और जानबूझ छिपा रहे हैं।
कुछ लोगों के प्रति ये भाव थे-
-जिन्दगी भर राजा को चूसा है इन्हीं लोगों ने। आज भोले बन रहे हैं।
संयुक्ता अविचलित भाव से कमरे के कोने में बैठी थी-बैठी रही। उस पर जैसे कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। उसके लिये जैसे कुछ हुआ ही नही!
लोगों के ज्यादा कहने-सुनने पर संयुक्ता ऊपर शिकार रूम में गई थी। एक बार उसने दिग्वी की लाश के पैर पडे़ और चुपचाप नीचे उतर आई थी। जिन्होंने देखा यही कहा- बहुत संगदिल औरत है।
पश्चाताप के झरने में बडी़-बडी़ भूलें धुल जाती है। यदि दिग्वी ने आत्महत्या की माना जावे तो कारण कौन था? किसी के सामने ऐसा कुछ हो जाए, जैसा कहते हैं, दिग्वी ने किया, तो सच मानिये, जिन्दगी भर वह आदमी आत्म प्रवंचना में झुलता रहेगा। किसी को मुंह नहीं दिखायेगा!
संयुक्ता इन साधारण नियमों से परे है, अथवा दिग्वी ने आत्महत्या नहीं की?
दिग्वी का मृत शरीर नीचे लाया जा चुका था। एक नाई ने साफा बांधा, कपडे़ किसने बदले नहीं मालूम। अनेक लोगों को यही शंका होती है कि कपडे़ सबसे छिपाकर क्यों बदले गए!
मैं कहती हूं गोली दिग्वी की पीठ पर लगी थी! सिर में तो बाद में मारी गई।
राजमाता जो दिग्वी की सगी दादी हैं, उसने अपनी प्रतिक्रिया इस सनसनीखेज बयान से व्यक्त की।
-क्या आप जो कह रही हैं…
आगे नहीं कहा गया। यदि कपडो़ं वाली बात सच है तो यह भी सच हो सकता है।
साफे में दिग्वी कैसे जंचता है। राजतिलक के दिन हजारों नागरिकों ने दिग्वी को पूरे राजसी लिबास में देखा था। आज रक्त तिलक के दिन भी उसके वही ठाठ हैं। कल दिग्वी शिकार को जा रहा था, आज शिकार होकर जा रहा है।
चेहरे पर वही सौम्य, कांति-दीप्ति जैसे बना प्रतिकार किये भाग्य की विडम्बना को चुपचाप सह लिया हो- पी लिया हो!
रात को ही सब जगह टेलीफोन से खबर दे दी गई थी, दिग्वी की मां जयति देवी अपने भाई महाराज मयूरगंज के साथ चार्टर्ड प्लेन से रायपुर तक आई थी। ठीक ग्यारह बजे जयति देवी की कार शोकाकुल जनसमूह के बीच से सरकती हुई पिछले पोर्च से जाकर रूकी। मलिन, उदास जयति देवी सीधे उस कमरे में गई, जहां दिग्वी की लाश रखी थी। दिग्वी के सिर को उन्होंने चूमा और अपने कमरे में अकेली हो गई।
संयुक्ता के भाई महाराज बारिया भी आ गये थे।
शवयात्रा की तैयारी शुरू हुई। पार्थिव शरीर को दफना दिया जायेगा परन्तु उस शरीर से जो सूत्र जुडे़ हुए हैं- सोना-चांदी, जेवरात, रूपिया पैसा, लालबाग-बल्देवबाग इनका क्या होगा?
बस यहीं दूसरी कहानी का सूत्रपात होता है।
कभी-कभी लगता है कि इस समाज में आदमी महज रूपिया है। यदि वह रूपिया नहीं तो कुछ नहीं- आदमी भी नहीं। जन्म और मृत्यु दरअसल रूपिये के आने-जाने के क्रम की कडि़यां हैं। आदमी पैदा हुआ तो जैसे किसी सम्पत्ति का हकदार पैदा हुआ, आदमी मरा तो जैसे किसी के हक का रास्ता साफ हुआ।
दिग्वी की मौत इस सत्य को बडी़ खूबी से उजागर करके रखती है। और जहां पैसे पर दृष्टि है वहां जीवित आदमी भी किसी झाड़ की डंगाल या पेड़ का सूखा पत्ता लगता है जिसे जब चाहा काट दिया, जब चाहा तोड़कर अलग कर दिया।
लाश नीचे आ चुकी थी। कल कहने को न रहे कि दोस्तों ने दिग्वी की लाश के साथ अच्छा सुलूक नहीं किया, इसलिए उस अभागी लाश को सजा-संवार कर खुली ट्रक में रखा गया था।
शव-यात्रा शुरू हुई। इधर ट्रक लालबाग के मुख्य द्वार से बाहर निकली, उधर पीछे-पीछे रानी जयति देवी की कार रायपुर की ओर चल पडी़, जहां उनका हवाई जहाज कलकत्ता ले जाने का इंतजार कर रहा था।
हम, जो साधारण लोग हैं, साधारण तरीके से जीते हैं। बनी-बनायी सभ्यताओं के आधार पर चलते हैं, उन्हें मां का एकलौते जवान बेटे की लाश के पीछे-पीछे ही मायके को रवाना होना बुरा लग सकता है, असंभव व अप्रीतिकर लग रहा है। लेकिन ऊंचे लोग, भद्र लोक के निवासी जो इन साधारण लोगों की भाव भूमि से ऊपर एक निराले संसार में विचरण करते हैं उनके लिए वह सब व्यर्थ है, जो बीत गया, फिर उसके लिए क्या रोना-पीटना… क्या संताप, क्या पीडा़।
ग्रेनी को मैं बेहोश छोड़कर आई थी।
यह कहकर जयति देवी चली गई थी। स्तब्ध जनसमूह ने जयति देवी का आना व जाना बडे़ अचरज में देखा था। इतना बेगानापन देखने की जनता आदि नहीं है।
जन आक्रोश का केन्द्र थी संयुक्ता। लोग सदमे और गुस्से की लहरों पर उतर रहे थे। उस समय जनता का मूड देखकर ऐसा लगता था कि संयुक्ता को लोग माफ नहीं करेंगे।
संयुक्ता भयभीत थी। लोगों से मिलने-जुलने, बातचीत करने में वह भय खाती थी।
मिस्टर शुक्ला ने बडी़ कुशलता से स्थिति को संभाल लिया।
यह कोई भी समझ सकता है कि उस परिस्थिति में आत्महत्या वाली कहानी जमा देना कोई हंसी खेल नहीं।
लोग जब एक ही रौ में बहते चले जाते हैं। नई बात पैदा कर उनकी दिशा मोड़ दो। देश के बडे़-बडे़ संकट से नेतागण इसी तरह निपटते हैं।
रानी संयुक्ता देवी के लिए उस समय तो कम से कम मिस्टर शुक्ला एक ऐसी ढाल सिद्ध हुए जिससे टकराकर सारे क्रोध बाण एक बारगी पलट गये। मिस्टर शुक्ला को इसके बदले कोप भाजन बनना पडा़।
वातावरण में एक गुरू गंभीर अधिकारपूर्ण लहजे में एक आवाज गूंज रही थी-
“मैं कहता हूं कि दिग्वी ने खुद गोली मारकर आत्महत्या की है।”
क्रोध में सनी अनेक आवाजें उठकर उस आवाज पर हावी होने की कोशिश करती-
नहीं! नहीं!! दिग्वी को गोली मारी गई।
इन दोनों आवाजों के गहरे संघर्ष के बीच दिग्वी की लाश लिए वह ट्रक धीरे-धीरे सरक गई थी।
लालबाग के मुख्यद्वार से वह अपनी प्रजा के बीच गया था।
नि:शब्द! आंदोलित जनसमूह उमड़ पडा़ था।
दिग्वी की सवारी माता देवालय जायेगी।
बूढा़सागर और रानीसागर जहां बाहें पसारकर मिलते हैं। छोटा सा द्वीपनुमा मंदिर है, उतना ही पुराना जितनी पुरानी यह रियासत है।
दिग्वी के पूर्वजों की समाधियां लाईन में बनी हुई हैं। इस रियासत के सभी राजाओं की अन्त्येष्टि यहीं होती है। राजा बलरामदास और सर्वेश्वरदास यहीं चिर निद्रा में सोये हैं।
-“मेरे डैडी सो रहे हैं क्या तुम उन्हें एक अच्छा सा बिस्तर भी नहीं दे सकते…।”
पांच साल का दिग्वी जब अपने पिता सर्वेश्वरदास की अंतिम क्रिया करने यहां आया था, मचल गया था। अंग्रेज दीवान मैक्लाउड ने रोकने की कोशिश की थी, दिग्वी ने लात जमाई थी।
आज दिग्वी के लिये कोई यह कहने वाला नहीं था।
-मेरे डैडी सो रहे हैं।
बिल्कुल परायों के कंधों पर आज दिग्वी यहां आया है।
इतनी विशाल भीड़ में उसका अपना कोई नहीं था। अनन्त यात्रा पर रवाना होने वाले मुसाफिर को रोक कर कोई यह कहने वाला नहीं था- दिग्वी तुम्हारे जाने की यह उम्र नहीं है, रूक जाओ, हम तुम्हें नहीं जाने देंगे।
दिग्वी एकाकी जिया, एकाकी मरा।
दिग्वी को दफनाकर भीड़ छंट गई। किसी ने मुड़कर भी नहीं देखा और तो और दिग्वी की समाधि तक नहीं बनाई गई। इसके लिए पैसा नहीं जुटाया जा सका। पत्नी और मां, दोनों में से किसी ने समाधि के खर्च की आवश्यकता नहीं समझा। कलकत्ता जाकर जयति देवी तो पहले ही इस विवाद से दूर हो गई थी और संयुक्ता देवी ने समाधि बनाने के पहले माता देवालय पर अधिकार की मांग की है।
और यादगार वह बनाये जिसे मृतात्मा की स्मृति बनाये रखना हो! जिनके रास्ते में मृतक स्वयं एक रोडा़ हो उसकी कहीं यादगार बनती है।
हिन्दुओं में श्राद्ध का पवित्र रिवाज प्रचलित है। उसके लिए एक विशेष समयावधि निर्धारित है। दिग्वी की लाश पर समय से पहले ही श्राद्ध के कौए बैठने लगे थे। यादगारों के सौदागर लालबाग में जुट गये थे।
(क्रमश:)




