
आईजी राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव ने केसीजी जिला भ्रमण कर पुलिस इकाइयों का निरीक्षण किया
राजनांदगाँव/खैरागढ़। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव ने आज जिला खैरागढ़- छुईखदान- गंडई का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पुलिस इकाइयों एवं कार्यालयों का निरीक्षण कर पुलिस कार्यों की समीक्षा की।
पुलिस महानिरीक्षक यादव ने रक्षित आरक्षी केंद्र में ड्रिल परेड का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें कैश रिवार्ड प्रदान किया, वहीं सुधार की आवश्यकता वाले कर्मचारियों को ड्रिल, अनुशासन एवं कार्यशैली में सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद रक्षित आरक्षी केंद्र की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कार्यों को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात पुलिस दरबार आयोजित किया गया, जिसमें आईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनी तथा उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को टीम भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस दरबार के पश्चात पुलिस महानिरीक्षक यादव ने नवीन रक्षित आरक्षी केंद्र, मदराकुही का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन दो प्रशिक्षण भवनों का अनावरण किया गया तथा निर्माण कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शेष कार्यों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान परिसर में वृक्षारोपण कर पौधों के संरक्षण एवं परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया।
इसके पश्चात आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कार्यों को व्यवस्थित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने तथा लंबित कार्यों का प्राथमिकता से निराकरण करने हेतु आवश्यक हिदायत दिया।
अंत में पुलिस महानिरीक्षक यादव ने थाना छुईखदान का भौतिक निरीक्षण किया। थाना परिसर, अभिलेखों, दस्तावेजों, दर्ज प्रकरणों, मर्ग एवं विवेचना कार्यों की समीक्षा की।
आईजी यादव ने थाना पुलिस द्वारा किए गए अच्छे एवं उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की तथा लंबित अपराधों एवं अन्य प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। विवेचना में गुणवत्ता, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, प्रभावी वैधानिक कार्रवाई एवं न्यायालयीन प्रकरणों में बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।
पुलिस महानिरीक्षक ने जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, प्रभावी पुलिसिंग, सतत् गश्त एवं आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।

