गढ़चिरौली पुलिस ने जब्त किया अग्नेयास्त्र और माओवादी साहित्य

जब्त माओवादी साहित्य को घटनास्थल में ही किया गया नष्ट

राजनांदगाँव/गढ़चिरौली। माओवादियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखा गया विस्फोटक साहित्य एवं अग्नेयास्त्र गडचिरोली पुलिस दल ने जब्त किया। विस्फोटक सामग्री सहित कुल 6 अग्नेयास्त्र जब्त किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न माओवादी साहित्य को घटनास्थल पर ही नष्ट किया गया।

गढ़चिरोली जिले में माओवाद अब लगभग समाप्ति की ओर है तथा जिले में माओवादी गतिविधियां भी लगभग समाप्त हो चुकी हैं। सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने तथा विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के उद्देश्य से माओवादियों द्वारा विभिन्न प्रकार के हथियार एवं विस्फोटक सामग्री का उपयोग किया जाता था। अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्र के दुर्गम जंगलों का लाभ उठाकर माओवादियों द्वारा यह सामग्री तैयार कर गोपनीय रूप से जंगल क्षेत्र में जमीन के अंदर छिपाकर रखी जाती थी। इसका उपयोग विभिन्न नक्सल सप्ताह, चुनाव आदि अवसरों पर सुरक्षा बलों के विरुद्ध घात लगाकर हमले करने के लिए किया जाता था।

इसी के विरुद्ध 6 अक्टूबर 2026 को प्रभावी कार्रवाई करते हुए माओवादियों द्वारा जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद करने में गडचिरोली पुलिस दल के जवानों को सफलता प्राप्त हुई है।

विस्तृत विवरण इस प्रकार है कि, प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर माओवादियों द्वारा महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित कोपर्शी जंगल क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अग्नेयास्त्र एवं विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे जाने की जानकारी गडचिरोली पुलिस दल को प्राप्त हुई थी। उक्त सूचना के आधार पर दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, गडचिरोली एम. रमेश के मार्गदर्शन में उक्त जंगल क्षेत्र में विशेष अभियान दल, प्राणहिता की 05 टुकड़ियां तथा बीडीडीएस की 02 टीमें तलाशी अभियान के लिए रवाना की गई थीं।

6 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान दल द्वारा उक्त जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर बीडीडीएस जवानों द्वारा परिसर की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान घटनास्थल से निम्नलिखित माओवादी सामग्री बरामद की गई, 1 नग .303 रायफल, 2 नग सिंगल शॉट रायफल, 2 नग देशी पिस्टल, 1 नग बीजीएल लॉन्चर, 10 नग बीजीएल सेल, 21 नग जिंदा कारतूस, 7 नग डेटोनेटर, 150 मीटर केबल वायर, 2 नग मैगजीन, 2 नग कुकर, 3 नग वॉकी-टॉकी, 3 नग वॉकी-टॉकी चार्जर, 2 नग वॉकी-टॉकी बैटरी।

उक्त माओवादी सामग्री घटनास्थल से बरामद की गई है। साथ ही, अन्य माओवादी साहित्य को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, गडचिरोली एम. रमेश के आदेश एवं मार्गदर्शन में, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक गोकुल राज जी, अपर पुलिस अधीक्षक अहेरी (प्राणहिता) हर्षवर्धन बी. जे. तथा पुलिस उप-अधीक्षक (अभियान) सुनील उईके की निगरानी में विशेष अभियान दल, प्राणहिता, इंटेलिजेंस सेल तथा बीडीडीएस दल के जवानों द्वारा सफलतापूर्वक पूर्ण की गई।

पुलिस अधीक्षक, गडचिरोली एम. रमेश ने इस कार्रवाई में सहभागी सभी जवानों की सराहना एवं प्रशंसा की है।