72 घंटे बाद आदिल का शव खुद पानी की सतह पर ऊपर आ गया

चार दिन तक एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

रायपुर। राजधानी के नकटी गांव के ब्लू वॉटर (Blue Water) में डूबे आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद पानी के ऊपर आया। नकटी में तीन दिनों तक SDRF और NDRF की टीमों का सर्च ऑपरेशन चलता रहा लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी आदिल का कोई सुराग नहीं मिल सका था। शनिवार देर रात उसका शव खुद ही पानी की सतह पर ऊपर आ गया।

24 वर्षीय आदिल 19 अगस्त की शाम को तैरते वक़्त पानी में डूब गया था। आदिल अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वॉटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच तैरना की शर्त लगी। आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतरे लेकिन तैरते हुए आदिल गहरे पानी की तरफ चला गया और देखते ही देखते डूब गया।

घटना के बाद माना थाना पुलिस के साथ SDRF की टीम ने तलाश शुरू की। बाद में NDRF की टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। ब्लू वॉटर की अत्यधिक गहराई और पानी के अंदर बेहद ठंडे तापमान के कारण गोताखोरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

करीब तीन दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद आदिल का शव नहीं मिला। रेस्क्यू टीमों की लगातार कोशिशों के बीच आखिरकार 77 घंटे बाद आदिल का शव खुद पानी के ऊपर आ गया।