
मौलिकप्रभ जी का चातुर्मासिक प्रवचन
राजनांदगांव। “हमें गुरु भगवंतो के प्रति कृतघ्न नहीं कृतज्ञ बनना चाहिए। गुरु भगवंतो के उपकारों को कभी भी नहीं भूलना चाहिए, उन्हें हमेशा याद रखना चाहिए।उन्हें धन्यवाद देना चाहिए कि उनकी कृपा से जीवन में शांति है।” उक्त उदगार खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य मौलिकप्रभ सागर जी ने व्यक्त किए।
मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन में चल रहे चातुर्मासिक प्रवचन की कड़ी में आज मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने फरमाया कि हमें यह एहसास करना चाहिए कि आसमान में जितने तारे हैं,उससे भी ज्यादा मेरे जीवन में गुरु भगवंतो का उपकार है। उन्होंने कहा कि मोबाइल/ सीरियल से कुछ नहीं मिलने वाला,गुरु भगवंतों के उपकारों को याद करने से जीवन सुधर जाएगा। हम यदि हर रोज आधे घंटे तक भी उनका उपकार याद करें तो हमारा जीवन ही बदल जाएगा।
मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने कहा कि हमारे जीवन में गुरु भगवंतों का बहुत बड़ा स्थान है जिन्होंने पाप से डूबी आत्मा को पार होने का रास्ता दिखाया। पाप के भार को दूर करने का रास्ता गुरु भगवंत ही बताते हैं। सोचो – विचारो हमारे जीवन में कितनी गलतियां होती हैं , पाप होते हैं,उन्हें रोकने के लिए एक जीवात्मा होती है जो हमसे उससे उबरने का रास्ता दिखाती है। हमें गुरु भगवंतों पर विश्वास होना चाहिए।
मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने कहा कि पाप की दुनिया में मैं अभी भी डूबा हुआ हूं जिससे उबरने के लिए गुरु भगवंत हमारे साथ हैं ,ऐसा विश्वास और श्रद्धा हमारे मन में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिनका जीवन स्वच्छंद होता है निश्चित ही वह पतन की ओर जाता है। हमारा जीवन मुश्किल, दुष्कर और बेकार है जिसे गुरु भगवंत ही पार करवा सकते हैं। “राग” ही हमारे जीवन का सबसे बड़ा बाधक है। यह “राग” ही हमें बांध देता है। हमें सुशिष्य बनना है। संसार रूपी सागर में हम डूब रहे हैं, उस सागर में जहाज रूपी गुरु हैं जो हमें डूबने से बचाएंगे। गुरु भगवंतों के प्रति हमारी श्रद्धा अटूट होनी चाहिए।

