
एसपी अंकिता शर्मा ने जारी किया तबादला आदेश, रक्षित केंद्र से निरीक्षक कृष्णा पाटले को सौंपी गैंदाटोला थाने की कमान
जितेन्द्र जैन जीतू
राजनांदगांव। गैंदाटोला हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में निलंबित पुलिसकर्मियों के थाने में जमे रहने और नई पदस्थापना न होने की खबर सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मामले की गंभीरता और प्रशासनिक ढिलाई पर उठे सवालों का त्वरित असर देखने को मिला है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए गैंदाटोला थाने में नए थाना प्रभारी की पदस्थापना के आदेश तत्काल प्रभाव से जारी कर दिए हैं।
एसपी द्वारा 11 सितंबर 2026 को जारी आदेश के तहत रक्षित केंद्र राजनांदगांव में पदस्थ निरीक्षक कृष्णा पाटले को थाना प्रभारी गैंदाटोला पदस्थ किया गया है। इसके अलावा प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किए गए हैं, निरीक्षक कृष्णा पाटले रक्षित केंद्र राजनांदगांव से थाना प्रभारी गैंदाटोला, निरीक्षक योगेश पटेल प्रभारी चौकी चिचोला से रक्षित केंद्र राजनांदगांव, निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव रक्षित केंद्र राजनांदगांव से प्रभारी चौकी चिचोला, उप निरीक्षक नरेश बंजारे, सायबर थाना से प्रभारी चौकी सुरगी
गौरतलब है कि नाबालिग छात्रा से जुड़े संवेदनशील अपराध में त्वरित कार्रवाई न करने और लापरवाही बरतने पर एसपी अंकिता शर्मा ने 6 सितंबर को गैंदाटोला के तत्कालीन थाना प्रभारी राजेश साहू और एएसआई मेघनाथ सिन्हा को निलंबित कर रक्षित केंद्र संबद्ध किया था। हालांकि, कई दिन बीतने के बाद भी नई पदस्थापना न होने और अधिकारियों के थाने में ही डटे रहने से सवाल उठने लगे थे। इसी मामले में स्कूल शिक्षा विभाग ने भी संस्था प्रमुख विनोद कुमार मंडलोई को तीन साल से जानकारी दबाए रखने के आरोप में निलंबित कर दिया था। अब नए थाना प्रभारी की पदस्थापना के साथ ही गैंदाटोला थाने में व्यवस्था के सामान्य होने की उम्मीद है।


