
चयन स्पर्धा में जिले के 35 खिलाड़ियों ने लिया था भाग
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में हॉकी खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की अंतिम सूची में जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के 26 खिलाड़ियों को शामिल किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। यह जिले की हॉकी प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में प्रदेश की छह टीमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स एवं मैनपाट टाइटन्स भाग लेंगी। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ प्रत्येक टीम में चार अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा। इससे प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अनुभवी एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा।
जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फ़िरोज़ अंसारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की विभिन्न टीमों के गठन के लिए 28 एवं 29 सितंबर 2026 को रायपुर में चयन स्पर्धा आयोजित की गई थी। इस चयन स्पर्धा में जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के 35 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। चयन प्रक्रिया के उपरांत प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के 26 खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की अंतिम सूची में स्थान मिला है। अंसारी ने कहा की जिले के खिलाड़ियों की इतनी बड़ी संख्या में अंतिम सूची में शामिल होना राजनांदगांव में हॉकी के प्रति खिलाड़ियों की रुचि, उनके निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। इससे जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
हॉकी की संस्कारधानी राजनांदगांव के लिए गौरव का विषय
राजनांदगांव को हॉकी की समृद्ध परंपरा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए विशेष पहचान प्राप्त है। जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्तरों पर अपने खेल कौशल से पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग जैसी प्रतियोगिता में जिले के 26 खिलाड़ियों का अंतिम सूची में शामिल होना इस परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में अपनी प्रतिभा दिखाने, बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल अनुभव प्राप्त करने तथा भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलेगा।
साथ ही, यह उपलब्धि जिले में हॉकी के विकास और नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगी।
हाक़ी नर्सरी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, विधायक दलेश्वर साहू, महापौर मधुसूदन यादव, छग युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार सहित जिले हाकी प्रेमी नागरिकों ने बधाई दी है।
लीग में शामिल खिलाड़ियों में खुशाल यादव, सुखदेव निर्मलकर, तरुण यादव (बम्बू), तौफ़ीक़ अहमद, कार्तिक यादव, अनीश रज़ा, आदित्य कुमार नेताम, संदीप यादव, करन कुमार साहू, अर्जुन यादव,आदित्य मेश्राम, मुहूर्त कौशिक, कुशल यादव, प्रांजल यादव, सोमनाथ यादव, प्रकाश पटे, प्रवीण यादव, रेहान खान, शौर्य वर्मा, पीयूष कुमार साहू, नरेंद्र निषाद, आदर्श राज सिंह, आयुष साहू, अभिषेक याद, अमन वर्मा, दक्ष चौबे हैं।
लीग में शामिल खिलाड़ियों को आज अंतर्राष्ट्रीय हाकी स्टेडियम में जिला हाकी संघ के अध्यक्ष फ़िरोज़ अंसारी, छग हाकी के उपाध्यक्ष नीलम जैन, जिला उपाध्यक्ष भूषण साव, हाकी कोच अनुराज श्रीवास्तव, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, चंदन सिंह भारद्वाज, महेंद्र सिंह ठाकुर, आशीष सिन्हा,शिवा चौबे, किशोर धीवर, दिग्विजय श्रीवास्तव, सचिन खोब्रगढ़े, अनिल सोनी,संतोष चौखन्द्रे ने मिलकर बधाई सहित आवश्यक टिप्स देकर रवाना किया, और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




