
क्वांर नवरात्रि पर्व के लिये आयुक्त ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सौंपा दायित्व
राजनांदगांव। कलेक्टर द्वारा बैठक में दिये गये निर्देश के अनुक्रम में 11 अक्टूबर 2026 से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित क्वांर नवरात्रि पर्व पर नगर निगम द्वारा पदयात्रियों की सुविधा के लिये बने पंडालों एवं शहर में मूलभुत सुविधा उपलब्ध कराने निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने निगम के अधिकारियो व कर्मचारियों को दायित्व सौपा है।
नगर निगम आयुक्त मरकाम ने बताया कि प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम (मो.नं. 83197-26288) को नोडल अधिकारी और प्रभारी सहायक अभियंता सुषमा साहू (मो.नं. 78285-23391) को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। साथ ही सभी उप अभियंताओं को अलग अलग प्रभार सौपा गया है।
आयुक्त मरकाम ने बताया कि 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक नवरात्रि पर्व में पदयात्री पंडालो मेें प्रातः 6 बजे से दूसरे दिन सुबह 6 बजे तक तीन पालियोें में टैंकरों के माध्यम से पेयजल व्यवस्था एवं विद्युत व्यवस्था के लिये उप अधियंताओं की ड्यूटी लगायी गयी है। साथ ही तीनो पालियों में साफ सफाई के लिये स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा, (मो.नं. 79996-98498) को सफाई व्यवस्था प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। स्वच्छता निरीक्षक एवं सफाई दरोगा इनके सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे। इसी प्रकार डोंगरगढ़ जाने वाले पद यात्री मार्ग में प्रकाश व्यवस्था का दायित्व विद्युत प्रभारी लाईनमेन किशन गावरे (मो.नं. 88896-53352) को सौंपा गया है। इनके सहयोगी लाईनमेन व विद्युत विभाग के कर्मचारी रहेंगे।
आयुक्त मरकाम ने कहा कि उपरोक्त अधिकारी कर्मचारी सौंपे गये दायित्वों का नोडल अधिकारी एवं उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में रहकर निर्वाहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उपरोक्त कार्यो में लगाये गये अधिकारी कर्मचारी आवश्यक सेवा संधारण नियम के अंतर्गत माने जायेंगे। सौंपे गये कार्याें के निर्वहन पर लापरवाही एवं उदासीनता पाये जाने की दशा में कठोर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।

