मां-बेटे की हत्या, बेटी गंभीर रूप से घायल

डोंगरगढ़ के चौथना की घटना, धारदार हथियार से हमला, घर में खून से लथपथ मिले तीनों अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
राजनांदगाँव/डोंगरगढ़।
समीप ग्राम चौथना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर धारदार हथियार से हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना बीती शाम छह से साढे़ छह बजे के आसपास की है। घटना में महिला कमला सोनकर और उसके बेटे खुमेन्द्र सोनकर की मौत हो गई, जबकि बेटी मेनती सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को उपचार के लिए डोंगरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार परिवार का मुखिया डोंगरगढ़ के गोल बाजार में सब्जी बेचने का काम करता है। 9 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने सब्जी पसरे पर चला गया था। उस समय घर में उसकी पत्नी कमला सोनकर और बेटी मेनती सोनकर मौजूद थीं। उसके जाने के बाद बेटा खुमेन्द्र भी घर लौट आया था।

रात करीब 7 बजे पिता ने बेटे को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद वह रात करीब 9:30 बजे घर पहुंचा। घर के अंदर जाने पर उसने पत्नी को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। बेटे की हालत भी गंभीर थी और वह हॉल में पलंग पर पड़ा था। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे।

घटना की जानकारी देने के लिए वह तत्काल गांव के सरपंच के घर पहुंचा। सरपंच और ग्रामीणों के साथ वापस घर आने पर बेटी भी अपने कमरे में पलंग पर खून से लथपथ मिली। ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर घायल युवती को अस्पताल भेजा गया। पिता ने अज्ञात व्यक्ति पर पत्नी और बेटे की हत्या करने और बेटी को जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद गांव में सनसनी का माहौल है। हमले के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।