पुख्ता रहेगी डोंगरगढ़ में क्वार नवरात्रि मेला की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए कलेक्टर ने ली उच्चस्तरीय बैठक
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ स्थित प्रसिद्ध माँ बम्लेश्वरी मंदिर में आगामी 11 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले क्वार नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुरक्षा, सुविधा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और कानून व्यवस्था से जुड़े तमाम पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मंदिर ट्रस्ट और सामाजिक संस्थाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और खुद मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
पदयात्रियों के लिए विशेष मार्ग और बैरिकेडिंग
बैठक में निर्णय लिया गया कि रामदरबार चौक से डोंगरगढ़ की ओर आने वाले पदयात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए पृथक व्यवस्था की जाएगी। वाहनों और पैदल यात्रियों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग होगी। वन विभाग से समन्वय कर बांस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मोतीपुर से अछोली डोंगरगढ़ तक के मार्ग और डिवाइडरों की मरम्मत अगले 7 से 10 दिनों में पूरी करने को कहा गया है। खैरागढ़ और महाराष्ट्र की ओर से आने वाले मार्गों पर भी सुरक्षा और मरम्मत के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
सेवा पंडालों और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष नजर
रास्ते में लगने वाले सेवा पंडालों को व्यवस्थित रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक पंडाल में स्वच्छता, पेयजल, प्राथमिक उपचार, प्रकाश व्यवस्था और प्रशासन के हेल्पलाईन नंबर प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग को पंडालों में वितरित होने वाले भोजन की गुणवत्ता और शुद्धता की नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को पुख्ता करते हुए यात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस की तैनाती, पर्याप्त प्राथमिक चिकित्सा सामग्री (विशेषकर पदयात्रियों के लिए छालों की दवा व पट्टी) तथा आपातकालीन चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने मंदिर परिसर में संचालित रोपवे की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा है। प्रत्येक रोपवे ट्रॉली के साथ एक जिम्मेदार कर्मचारी की मौजूदगी अनिवार्य होगी तथा प्रतिदिन फिटनेस, रखरखाव और निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष की सफल व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार भी यातायात प्रबंधन किया जाएगा। पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त संकेतक, सूचना बोर्ड और यातायात कर्मियों की तैनाती होगी। साथ ही, सभी पार्किंग स्थलों और दुकानों में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) अनिवार्य रूप से कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ अक्षय दोषी,सहित मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।