पुलिस महानिदेशक गौतम पहुँचे खैरागढ़

पुलिस अधीक्षक कार्यालय और नवीन जिला पुलिस लाइन का किया निरीक्षण
राजनांदगाँव/खैरागढ़।
छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम आज एक दिवसीय प्रवास पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पहुंचे। इस दौरान अजय कुमार यादव पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज एवं लक्ष्य शर्मा, पुलिस अधीक्षक, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई उपस्थित रहे।

भ्रमण के दौरान पुलिस महानिदेशक गौतम ने सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक कार्यालय, खैरागढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, जिनमें डीएसबी शाखा, वेतन शाखा, फंड शाखा, स्थापना शाखा, ओ.एम. शाखा एवं एस.आर.सी. शाखा शामिल हैं, की कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात पुलिस महानिदेशक अरूण देव ने जिला साइबर लैब का निरीक्षण कर उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, साइबर अपराधों की विवेचना एवं डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम एवं विवेचना में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर विशेष बल दिया।

पुलिस महानिदेशक गौताम ने जिले के पुलिस थानों में संचालित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों एवं डिजिटल पुलिसिंग प्रणालियों का पर्यवेक्षण किया। उन्होंने पोर्टलों पर दर्ज सूचनाओं, प्रकरणों के अद्यतनीकरण तथा डिजिटल अभिलेखों के संधारण की समीक्षा करते हुए इन प्रणालियों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं उप पुलिस अधीक्षकों से लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पुलिस महानिदेशक ने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, विवेचना में तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग तथा आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम ने निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन, खैरागढ़ का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में संचालित समस्त निर्माण एवं विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया तथा निर्माणाधीन भवनों, आधारभूत संरचनाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक गौतम ने नवीन जिला पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के अनुपालन एवं समयबद्ध पूर्णता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पुलिस बल की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परिसर में विकसित की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

इसके उपरांत पुलिस महानिदेशक ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की।