
राजनांदगाँव। क्वांर नवरात्रि पर्व के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन हेतु छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा आम नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।
नवरात्रि पर्व के दौरान राजनांदगांव शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक निर्धारित डायवर्सन मार्गों का उपयोग करें। दुर्ग, धमतरी एवं बालोद की ओर से आने वाले वाहन चालक भारी यातायात से बचने के लिए गुण्डरदेही से अर्जुन्दा, सुरगी एवं हल्दी होते हुए राजनांदगांव बायपास मार्ग का उपयोग करें।
बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मोहारा बायपास, खैरागढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गठुला तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 से गुजरने वाले भारी वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर एवं सीआईटी बायपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
रायपुर की ओर से खैरागढ़ जाने वाले भारी वाहन रसमड़ा से गनियारी एवं नगपुरा होते हुए खैरागढ़ मार्ग का उपयोग करें।
चिचोला से लालबहादुर नगर (एल.बी. नगर) होते हुए डोंगरगढ़ की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को चिचोला से डायवर्ट किया जाएगा। इस मार्ग से खैरागढ़ जाने वाले भारी वाहन राजनांदगांव होकर खैरागढ़ की ओर जा सकेंगे।
नवरात्रि पर्व के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर भीड़भाड़ की स्थिति निर्मित होने पर रायपुर की ओर से आने वाले भारी, हल्के चारपहिया एवं दुपहिया वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग खुटेरी से भर्रेगांव, मोखला, सुरगी एवं हल्दी होते हुए राजनांदगांव बायपास के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचने वाले मार्ग का उपयोग करें।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के आदेशानुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर अंजोरा से रामदरबार तक सड़क के दायीं ओर (नागपुर से रायपुर मार्ग की दिशा में) का मार्ग पदयात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस दौरान वाहनों के आवागमन हेतु वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी तथा वाहन निर्धारित दिशा एवं यातायात पुलिस के निर्देशानुसार संचालित होंगे।
राजनांदगांव शहर के रामदरबार से अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, टांकापारा मार्ग, वेसलियन स्कूल, पुराना रेस्ट हाउस रोड, बलदेव बाग रोड, बीएनसी मिल, संगम चौक तुलसीपुर, बख्तावर चाल गली, अंडरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग मोतीपुर, नवागांव, लिटिया, सुकुल दैहान, मुसरा, बेलगांव एवं अछोली होते हुए डोंगरगढ़ तक पदयात्रा मार्ग निर्धारित किया गया है।
सभी पदयात्री निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात नियमों एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
राजनांदगांव की ओर से आने वाले दर्शनार्थी कार एवं मोटरसाइकिल से तुमड़ीबोड़ से मुरमुंदा, मुरमुंदा से बधियाटोला तथा बधियाटोला से क्षीरपानी पहुंचकर क्षीरपानी एवं गुरुद्वारा पार्किंग स्थल पर अपने वाहन पार्क कर सकेंगे। वापसी के दौरान दर्शनार्थी मुरमुंदा पहुंचकर उरईडबरी मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचेंगे तथा अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।
नागपुर की ओर से आने वाले छोटे वाहन चिचोला से लालबहादुर नगर एवं गाजमर्रा होते हुए डोंगरगढ़ पहुंचेंगे।
इन वाहनों के लिए पुराने नेहरू कॉलेज के पहले स्थित मैदान एवं गौशाला पार्किंग स्थल पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
वापसी के दौरान दर्शनार्थी निर्धारित मार्ग से चिचोला की ओर रवाना होंगे।
खैरागढ़ की ओर से आने वाले दर्शनार्थी अपने वाहनों को निर्धारित हाई स्कूल पार्किंग एवम् नेहरू कॉलेज के पास वाली पार्किंग स्थल पर पार्क करेंगे।
वापसी के दौरान दर्शनार्थी निर्धारित निकास एवं यातायात मार्ग का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
बोरतलाव की ओर से चारपहिया वाहन से आने वाले दर्शनार्थी पुराने नेहरू कॉलेज के पास स्थित पार्किंग स्थल एवं गौशाला पार्किंग में अपने वाहन पार्क करेंगे।दुपहिया वाहन से आने वाले दर्शनार्थी नगर पालिका पार्किंग स्थल में अपने वाहन पार्क करेंगे।वापसी के दौरान दर्शनार्थी निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें।
�गुरुद्वारा एवं क्षीरपानी पार्किंग स्थल से वापस आने वाले दर्शनार्थी मुरमुंदा पहुंचकर उरईडबरी मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग पर निकलेंगे।
रायपुर की ओर जाने वाले दर्शनार्थी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बायीं ओर तथा नागपुर की ओर जाने वाले दर्शनार्थी दायीं ओर के मार्ग का उपयोग करेंगे।
सभी वाहन चालक निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं तथा मार्ग में अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें।
आम नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की जाती गई है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार भारी वाहनों का आवागमन होता है। अतः सड़क पार करते समय एवं पैदल यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें। वाहन निर्धारित गति से चलाएं तथा दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। निर्धारित यातायात मार्ग, डायवर्सन एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। पदयात्रा के दौरान निर्धारित पदयात्री मार्ग का ही उपयोग करें तथा सड़क पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए संकेतकों, बैरिकेडिंग एवं दिए गए निर्देशों का पालन करें। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और यातायात बाधित न करें।वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं। किसी भी आपात स्थिति में यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल का सहयोग लें।
नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या, यातायात के दबाव एवं सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए यातायात व्यवस्था में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जा सकता है। अतः सभी वाहन चालक एवं श्रद्धालु यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

