
ठेलकाडीह स्कूल में पदस्थ थीं शिक्षिका, छुट्टी के बाद कर रही थीं बस का इंतजार
राजनांदगांव। ठेलकाडीह मुख्य चौक पर आज शाम करीब 5 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद बस का इंतजार कर रही शहर के दीनदयाल कालोनी निवासी शिक्षिका को तेज रफ्तार मारुति ईको वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल शिक्षिका किरण तिवारी की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मृत्यु हो गई जबकि वाहन के टक्कर से एक छात्र घायल हो गया है।
चिखली दीनदयाल कालोनी निवासी अधिवक्ता मनीष तिवारी की पत्नी किरण तिवारी ठेलकाडीह शासकीय स्कूल में शिक्षिका थी। आज शाम स्कूल की छुट्टी के बाद वह ठेलकाडीह के बस स्टैंड में राजनांदगाँव आने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं। उनके साथ कुछ बच्चे भी मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार मारुति इको ने शिक्षिका और एक बच्चे पर गाडी़ चढा़ दी। हादसे में गंभीर शिक्षिका और एक बच्चे को मेडिकल कॉलेज हास्पिटल रेफर किया गया। इससे पहले हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगाँव मेँ उपचार के दौरान शिक्षिका किरण तिवारी की मौत हो गई। हादसे में घायल विद्यार्थी का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही ठेलकाडीह चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मारुति ईको वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक की पहचान दादु यादव, उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष, निवासी दुर्ग के रूप में बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार वाहन चालक के शराब सेवन की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस हादसे के कारणों सहित पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद ठेलकाडीह मुख्य चौक क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

