
कंगना का राखी एड
खुशदीप सहगल, नई दिल्ली
जूलरी ब्रैंड जीवा (Giva) ने इस बार राखी पर एक्ट्रेस कृति सेनन को लेकर एक एड जारी किया. क़रीब 35 सेकंड का ये एड 17 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर आया था. इसमें कृति सेनन रक्षाबंधन मनाती दिखती हैं. उन्होंने सफ़ेद रंग का लहंगा और साथ में डीप-नेक ब्रालेट स्टाइल का ब्लाउज़ पहना है. विज्ञापन में वो भाई बने किरदार को राखी बांधती हैं और अपने पालतू कुत्ते को भी….
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कृति सेनन के कपड़ों को लेकर विशेष तौर पर सवाल उठाए.
कई यूज़र्स ने कहा कि त्योहार पर ऐसा पहनावा ठीक नहीं है. कुछ ने कुत्ते को राखी बांधने पर भी सवाल उठाया…
इसी बहस के बीच एक्ट्रेस और बी@जेपी सांसद कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कृति सेनन का नाम लिए बिना लिखा, “महिला होने के लिए ये शानदार समय है, हमारी अलमारियां तरह-तरह के कपड़ों से भरी होती हैं, आज की महिला ग्लोबल महिला है, कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली तक, जींस से लेकर साड़ी तक, बिकिनी से लेकर सलवार-कमीज़ तक. हमारे पास इतने सारे विकल्प हैं, तो फिर आप अपने भाई को राखी बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में क्यों बांधेंगी? आपके बाक़ी स्टाइलिंग विकल्प कहां गए?…”
कंगना ने एड को “जानबूझकर असहज” करने वाला भी बताया. यहां ये बात गौर करने लायक है कि एक महिला और को-एक्ट्रेस की ड्रेस पर सवाल कौन उठा रहा है? कंगना रनौत? फिल्मों में हर तरह की पोशाक पहन चुकीं कंगना दूसरी महिला एक्ट्रेस पर निशाना साध रही हैं. कृति हों या कंगना या कोई और महिला, अपने लिए ड्रेस चुनना और पहनना, हर महिला का विशेषाधिकार है. इस पर कोई दूसरा सवाल क्यों उठाए?…
कृति सेनन ने इस पूरे विवाद पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के ज़रिए जवाब दिया कि “संस्कृति दिल में होती है, नेकलाइन में नहीं. किसी महिला की संस्कृति के प्रति निष्ठा उसके कपड़ों से नहीं आंकी जानी चाहिए.” कृति सेनन ने लिखा, “त्योहार की असली फ़ीलिंग आपके कपड़ों में नहीं, बल्कि उन परंपराओं में होती है जिन्हें आप दिल से मानते हैं. रक्षाबंधन सुरक्षा और प्यार का रिश्ता है. रीयल लाइफ में मेरी बहन (नुपूर सेनन) और मैं एक-दूसरे को राखी बांधते हैं. हम एक-दूसरे की रक्षा करने का वादा करते हैं, एक-दूसरे की अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं…”
विवाद बढ़ता देख कंपनी ने अपना ये विज्ञापन हटाने का फ़ैसला किया. एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कंपनी ने लिखा, “हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं. एक ब्रांड के रूप में, हमने हमेशा पूरे परिवार के साथ इन खुशी के पलों को मनाने में विश्वास रखा है और इस बार हम अपने पालतू जानवरों तक भी यह प्यार और जश्न फैलाना चाहते थे. यदि हमारे हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के कुछ वर्गों की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो ऐसा हमारा इरादा बिल्कुल भी नहीं था. सम्मान व्यक्त करते हुए, हमने उक्त विज्ञापन को सभी प्लेटफ़ॉर्म से हटा लिया है. इस त्यौहार के मौसम में आप सभी को ढेर सारा प्यार और सकारात्मकता…”
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अभिनेत्री कृति सेनन का समर्थन करते हुए इंस्टाग्राम पर उनकी स्टोरी को शेयर किया है. राहुल गांधी ने लिखा “एक महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहाँ जाती है – यह उसकी पसंद है. महिलाओं को उनकी आज़ादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें.” राहुल गांधी ने हैशटैग ‘स्मैश द पेट्रियाकी’ (पितृसत्ता को तोड़ो) का भी इस्तेमाल किया…
एक यूज़र ने लिखा, “क्या हम महिलाओं के कपड़ों पर पहरा देना बंद कर सकते हैं और यह दिखावा छोड़ सकते हैं कि हर बार मामला परंपरा का है?”
एक और यूज़र ने लिखा, ”समझ नहीं आता कृति के कपड़े नैतिकता का मुद्दा कैसे बन गए, ये एक विज्ञापन है, सबको थोड़ी सांस लेनी चाहिए.”
कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने एड और कृति सेनन की आलोचना की. एक यूज़र ने लिखा, “एक पवित्र त्योहार का मज़ाक उड़ाने की जानबूझकर कोशिश, अभिनेत्री कृति सेनन भी उतनी ही दोषी हैं.” एक और यूज़र ने लिखा, “ऐसे बेवकूफ़ी भरे विज्ञापन विरोध और ध्यान दिलाने के बावजूद बार-बार आते रहते हैं.” कुछ लोगों ने ये भी कहा कि विज्ञापन में तिलक और आरती जैसी चीज़ें नहीं दिखाई गईं…
यहां तक आपने पूरा प्रकरण पढ़ लिया. पक्ष और विपक्ष के विचार जान लिए. लेकिन इस मामले में सबसे कुत्सित खेल विवादों के लिए कुख्यात एंकर सुधीर चौधरी ने खेला. टैक्सपेयर्स के पैसे से सालाना करोड़ों की तनख्वाह पाने वाले इस एंकर ने स@रकारी ब्रॉडकास्टर डीडी न्यूज़ के प्लेटफॉर्म से अपने कार्यक्रम डिकोड के ज़रिए खुलेआम नफ़रत फैलाने की कोशिश की. इस नापाक खेल में साथ ही इंटरव्यू के नाम पर कंगना रनौत को भी मिला लिया और जानबूझकर इस विवाद में मुस्लिम एंगल घुसेड़ दिया, जो बिल्कुल अनावश्यक था…
सुधीर चौधरी ने कंगना रनौत से कथित तौर पर सवाल किया, “क्या कृति यही ड्रेस ईद पर भी पहनेंगी?” इसके जवाब में कंगना रनौत ने मुस्लिम समुदाय के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा कि “उस धर्म में आज भी अपनी बहनों और कजिन से शादी करते हैं…”
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं. आलोचकों ने कंगना रनौत के बयान को गलत बताते हुए सवाल उठाया कि उन्हें यह जानकारी किसने दी कि मुस्लिम समुदाय में अपनी सगी बहनों से विवाह किया जाता है. लोगों ने आरोप लगाया कि मुस्लिम समुदाय के खिलाफ दक्षिणपंथी विचारधारा से जुड़े झूठे और भड़काऊ नैरेटिव को दोहराकर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है…
आलोचकों का यह भी कहना है कि चचेरे या रिश्ते के भाई-बहनों के बीच विवाह की परंपरा केवल मुस्लिम समुदाय तक सीमित नहीं है. भारत के कई हिंदू समुदायों में भी पारंपरिक रूप से रिश्तेदारी के भीतर विवाह की प्रथाएं रही हैं. विशेष रूप से दक्षिण भारत के तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पुडुचेरी के कुछ समुदायों में ऐसी परंपराएं देखी जाती हैं…
सुधीर चौधरी और कंगना का वीडियो कमेंट में देखें…
आपका इस मामले में क्या कहना है?
#kritisanon #KanganaRanaut #GIVA #SudhirChaudhary Rahul Gandhi #Deshnama
https://www.facebook.com/share/p/1C8K75jECA/


