बारिश इफेक्ट; अब कल 26 सितम्बर को निकलेंगी झांकियाँ

गणपति समितियों और पुलिस की बैठक में हुआ तय

राजनांदगांव। शहर सहित अंचल में दो दिन से हो रही लगातार बारिश के चलते गणेश विसर्जन झांकी को एक दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। आज दोपहर शीतला मंदिर प्रांगण में आयोजित झांकी समितियों और पुलिस प्रशासन की बैठक में आपसी सहमति से तय किया गया कि आज विसर्जन झांकी नहीं निकाली जाएगी और अब झांकी शनिवार 26 सितंबर को निकाली जाएगी।

बारिश के कारण शहर की सड़कों और झांकी मार्ग पर कई स्थानों पर पानी और फिसलन की स्थिति बनी हुई है। साथ ही झांकियों की सजावट, विद्युत व्यवस्था और बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए समितियों ने कार्यक्रम को स्थगित करना उचित माना।

बैठक में विभिन्न झांकी समितियों के पदाधिकारियों ने वर्तमान मौसम की स्थिति पर चर्चा की। इसके बाद सर्वसम्मति से झांकी को एक दिन आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

राजनांदगांव की गणेश विसर्जन झांकी को देखने शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अब 26 सितंबर को भव्य विसर्जन झांकियां शहर में निकाली जाएंगी। बदले हुए कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए जाने की संभावना है।