
कान्हा घूमने जा रहे थे, देर रात दनिया पुल में बह गई थी कार
राजनांदगाँव/खैरागढ़। जिले के दनिया पुल पर शनिवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। भारी बारिश के बीच कान्हा किसली घूमने जा रहे रायपुर और भिलाई के पांच दोस्तों की कार पुल पर लगे पुलिस स्टॉपर को तोड़ते हुए बाढ़ के पानी में घुसकर तेज बहाव के कारण सड़क से बहकर नदी के बीच मझधार में फंस गई थी। इसके बाद गंडई टीआई ने खुद पानी में उतरकर पांचों दोस्तों की जान बचाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार में सवार पांचों लोग देर रात ढाई से तीन बजे किसी तरह पेड़ के सहारे अपनी जान बचाते रहे। इसके बाद उन्होंने 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस के अनुसार बाढ़ की आशंका को देखते हुए एसपी के निर्देश पर दनिया पुल पर पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई। रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 को पुल के दूसरे छोर पर तैनात जवानों ने रोकने और आगे नहीं बढ़ने के लिए आवाज लगाई लेकिन चालक ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। कार पुल पर लगे स्टॉपर से टकराकर उफनते पानी में चली गई।
कार पानी के तेज बहाव में बहकर नदी के बीच पहुंच गई। हादसे के बाद उसमें सवार पांचों लोग मदद के लिए चीख-पुकार करने लगे। ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भारी बारिश, अंधेरे और तेज बहाव के बीच पुलिस ने सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। परिस्थिति को भांपते हुए पांचों ने किसी तरह पास के एक पेड़ की टहनी को पकड़ लिया। टीआई गेंदले और पुलिस टीम ने एक-एक कर कार में फंसे सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पूछताछ में पता चला कि कार सवार सभी लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं और कान्हा किसली घूमने जा रहे थे। कार कुबेर साहू चला रहा था। रेस्क्यू किए गए लोगों में कमलेश साहू (25), गुढ़ियारी रायपुर, कुबेर साहू (25), कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर, निहाल सक्सेना (21), कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर, महक कौर (21), कैंप-02 पावर हाउस भिलाई और प्रीति रात्रे (20), कैंप-01 रामनगर भिलाई शामिल हैं।
सुरक्षित बचाए जाने के बाद पांचों युवकों ने बताया कि थाना प्रभारी के प्रयास से उन्हें नया जीवन मिला है। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में नदी के तेज बहाव में अपचारी नी जान जोखिम में डालकर पुलिस ने इंसानियत की मिशाल पेश कर उन्हें बचाया है। इस साहसिक कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने थाना प्रभारी और पूरी टीम की सराहना की है।
पुलिस ने अपील की है कि वर्षा के मौसम में नदी-नाले उफान पर हैं। पुल के ऊपर से पानी बहने पर पार करने का प्रयास न करें। आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें।

