
कलेक्टर जितेंद्र यादव के सख्त निर्देश के बाद राहत, अब नहीं वसूला जाएगा टैक्स
जितेंद्र जैन जीतू
राजनांदगांव। गणेश उत्सव के पारंपरिक और भव्य विसर्जन समारोह से ठीक पहले ठाकुरटोला टोल प्लाजा पर झांकियों से हो रही अवैध टोल वसूली का मामला गरमा गया था। टोल कर्मचारियों की मनमानी के खिलाफ गणेश उत्सव समितियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा था, लेकिन अब जिला प्रशासन की त्वरित और सख्त कार्रवाई के बाद समितियों को बड़ी राहत मिली है।
राजनांदगांव में हर साल गणेश उत्सव के दौरान स्थापित होने वाली कई बड़ी और आकर्षक झांकियां पड़ोसी जिलों दुर्ग और रायपुर से तैयार होकर नेशनल हाईवे के रास्ते ट्रकों और ट्रॉलियों के माध्यम से राजनांदगांव लाई जाती हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की परंपरा के अनुसार इन वाहनों को हमेशा से टोल-फ्री रखा जाता रहा है, ताकि आस्था के इस पर्व में कोई बाधा न आए। लेकिन
इस बार ठाकुरटोला टोल प्लाजा के कर्मचारियों द्वारा इन नियमों को ताक पर रखकर झांकी समितियों के वाहनों से 200 से 500 रुपये तक जबरन टोल वसूला जा रहा था। विरोध करने पर कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने से मौके पर लगातार तनाव की स्थिति बन रही थी, जिससे उत्सव समितियों में गहरा असंतोष व्याप्त था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जितेंद्र यादव ने तत्काल कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने एसडीएम गौतम पाटिल को निर्देश दिए कि टोल प्लाजा पर झांकियों से किसी भी प्रकार की टोल वसूली तत्काल प्रभाव से बंद करवाई जाए।
कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश के बाद अब ठाकुरटोला टोल प्लाजा पर गणेश झांकी के वाहनों से कोई टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सांस्कृतिक और धार्मिक पर्व की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि इसके बावजूद कोई टोल कर्मचारी झांकी के वाहनों से टोल की मांग करता है, तो समिति के सदस्य तत्काल राजनांदगांव एसडीएम के मोबाइल नंबर 91317 87488 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि संबंधितों पर तुरंत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन के इस त्वरित हस्तक्षेप से झांकी समितियों और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है, जिससे अब उत्सव और विसर्जन का यह पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकेगा।

