यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान से होगी कार्रवाई

यातायात पुलिस ने आज से ई-चालान की कार्रवाई की प्रारंभ
राजनांदगांव। सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा आज दिनांक 30 सितम्बर 2026 से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान के माध्यम से कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर नियमानुसार ई-चालान जारी किया जाएगा। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने, यातायात सिग्नल का उल्लंघन करने, निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, नंबर प्लेट संबंधी नियमों का उल्लंघन सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें एवं वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। सभी वाहन चालक जिम्मेदारीपूर्वक यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।