ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर ₹36.70 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़ पुलिस की कार्रवाई

राजनांदगांव/डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफे का लालच देकर दो महिलाओं से कुल 36 लाख 70 हजार रुपए की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी कैलाश सेठी (निवासी दुर्ग) ने अपनी “प्योर ट्रेडिंग” नामक कंपनी के माध्यम से लोगों को अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया था। इसी प्रलोभन में आकर डोंगरगढ़ की दो अलग-अलग महिलाओं ने आरोपी को निवेश के लिए बड़ी रकम दी थी। इस मामले में प्रथम प्रकरण (अपराध क्र. 413/2026): वार्ड नंबर 21, रेस्ट हाउस डोंगरगढ़ निवासी प्रार्थिया प्रतिमा पाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी ने 30 मई 2023 से 04 मई 2025 के बीच कुल ₹27,50,000/- प्राप्त किए। इसमें से लगभग ₹19,00,000/- वापस किए गए, लेकिन शेष ₹8,50,000/- वापस नहीं किए गए।
द्वितीय प्रकरण (अपराध क्र. 414/2026): गोलबाजार डोंगरगढ़ निवासी प्रार्थिया नमिता चौबे ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने 07 फरवरी 2023 से 07 मई 2025 के बीच कुल ₹55,00,000/- प्राप्त किए। इसमें से लगभग ₹26,80,000/- वापस किए गए, जबकि शेष ₹28,20,000/- की राशि हड़प ली गई।
दोनों ही मामलों में बार-बार माँग करने के बावजूद जब पैसे वापस नहीं मिले, तब पीड़िताओं ने थाना डोंगरगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 413/2026 एवं 414/2026, धारा 318(4), 238 बीएनएस के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दुर्ग निवासी आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।