छात्राओं को बाल संरक्षण और गुड टच-बैड टच के प्रति किया गया जागरूक

बिटिया@work अभियान

बेटियों ने खैरागढ़ थाने का भ्रमण कर समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
राजनांदगाँव/खैरागढ़। सामाजिक सहभागिता और बालिका सुरक्षा के उद्देश्य से बिटिया@work अभियान के तहत बाल संरक्षण आयोग के सहयोग से कन्या शाला दिलीपपुर की छात्राओं को थाना खैरागढ़ का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, थाने की विभिन्न शाखाओं एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

साथ ही छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल संरक्षण, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना संकोच विश्वसनीय व्यक्ति, अभिभावक अथवा पुलिस को सूचित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा पुलिस के प्रति विश्वास एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना है।