
पूर्व मंत्री कवासी लखमा से जुडे़ हैं तार
राजनांदगांव। शहर में आज सुबह से आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की दो टीमें अलग-अलग ठिकानों पर जांच कर रही है। दोनों कारोबारियों के यहां ईओडब्ल्यू की टीम दस्तावेज खंगालने में जुटी है। जानकारी के अनुसार सनसिटी निवासी कारोबारी वैभव गोलछा और लालबाग निवासी कारोबारी जय बग्गा के घर और दफ्तरों में जांच की जा रही है। इन दोनों के पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा से संबंध बताए जा रहे हैं।
EOW की टीम आज सुबह 7 बजे से राजनांदगाँव में दो कारोबारियों के यहां जांच में जुटी है। सनसिटी निवासी कारोबारी वैभव गोलछा के निवास और लालबाग निवासी कारोबारी जय बग्गा के निवास और प्रतिष्ठानों में टीम की जांच चल रही है। वैभव गोलछा रेत और कंस्ट्रक्शन के काम से जुडा़ कारोबारी है जबकि जय बग्गा का होटल और आटोमोबाइल का काम है। हालांकि इन दोनों के पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा से करीबी संबंध हैं और EOW छत्तीसगढ़ में हुए बहुचर्चित शराब घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में इन दोनों के यहां पहुंची है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक लगभग 8 से 10 अधिकारियों और कर्मचारियों की एक विशेष टीम ने सुबह-सुबह सनसिटी में गोलछा के घर में दस्तक दी। करीब इतने ही लोग लालबाग में बग्गा के घर भी पहुंचे। टीम के पहुंचते ही स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया।प्राप्त शुरुआती जानकारी के अनुसार यह पूरी कार्रवाई गोपनीय तरीके से की गई है।
सुबह-सुबह अचानक भारी अमले के पहुंचने से सनसिटी कॉलोनी के रहवासियों में सनसनी फैल गई। कई लोग अपने घरों से बाहर निकलकर स्थिति का जायजा लेते नजर आए। खबर लिखे जाने तक जांच दल के भीतर होने के कारण बाहर किसी भी बाहरी व्यक्ति या मीडियाकर्मी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अभी कुछ भी खुलकर बोलने से बच रहे हैं। माना जा रहा है कि दोनों ठिकानों में दस्तावेजों की जांच और जब्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस उच्च-स्तरीय कार्रवाई के असली कारणों और इससे जुड़े खुलासों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

