
समयप्रभ जी का जैन बगीचे में चातुर्मासिक प्रवचन
राजनांदगांव। “आज पूर्णिमा है और पूर्णिमा के दिन चांद पूरा होता है। परमात्मा से कामना करें कि इसी तरह हमारी आत्मा भी पूर्ण हो। अपने मन को मजबूत बनाकर ही कोई कार्य करें , सफलता अवश्य मिलेगी।” उक्त उदगार खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य समयप्रभ सागर जी ने व्यक्त किए।
मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन में चल रहे चातुर्मासिक प्रवचन की कड़ी में आज मुनि समयप्रभ सागर जी ने फरमाया कि कोई भी काम करने से पहले दो बार अवश्य सोंचे। इसके बाद संकल्प ने और कार्य शुरू करें। आपको सफलता अवश्य मिलेगी। हमें विपरीत परिस्थितियों में भी घबराना नहीं चाहिए। दृढ़ विश्वासी बनें और काम शुरू करें।
मुनि समयप्रभ सागर जी ने कहा कि काम शुरू करने से पहले एक चीज का ध्यान अवश्य रखें – पहले वस्तु स्थिति का अच्छे से अवलोकन करें , चीजों को अच्छी तरह से देख लें, उसे स्वीकार कर लें फिर कार्य शुरू करें। उन्होंने कहा कि वास्तविक संगीतज्ञ जो होता है, वह अपनी आत्म संतुष्टि के लिए गाता-बजाता है। वह पैसों के पीछे नहीं भागता। हमें भी वैसे ही बनना चाहिए। हमारा शरीर भी एक वाद्य यंत्र है जिसके तार अगर मन के तार से जुड़ जाएं और तालों में भी इसी तरह का सामंजस्यस हो जाए तो जीवन का आनंद ही आ जाएगा।
मुनिश्री ने कहा कि आप अपनी सफलता में खुश हो किंतु अहंकारी ना बने। पूर्णिमा के चांद की तरह अपनी आत्मा के भी पूर्ण होने की कामना करें। संकल्प लेकर कार्य करें, आप सफल अवश्य होंगे।

