और दिग्वी मर गया… (3)

आदरणीय स्व: शरद कोठारी जी कृत

शादी के पांच वर्ष बाद भी संयुक्ता की गोद सूनी थी। शायद सन्तान की आकांक्षा भी उसे नहीं थी। अनवरत अत्यधिक मदिरा सेवन के कारण संयुक्ता का नारीत्व भी समाप्त प्राय था। सन्तान की आवश्यकता भी क्या थी उसे! संयुक्ता के लेखे पति और पुत्र दोनों बस मदिरा ही थी।

दिग्वी परेशान था, उसे सन्तान चाहिए। क्या यह गद्दी पूर्वजों की पूर्वजों की परंपरा के अनुकूल निहंग ही बनी रहेगी? यह चिन्ता सदैव दिग्वी को सताया करती।

महंत घासीदास जी इस रियासत के पहले राजा थे, उनके चेले बलराम दास से गोद पुत्र की परंपरा बराबर चली आ रही थी! महंत बलराम दास ने राजेन्द्र दास को गोद लिया और उनकी मृत्यु के बाद गद्दी का जब झगडा़ उठा, रानी सूर्यमुखी बाई ने दिग्वी के पिता सर्वेश्वरदास को गोद लिया था। सर्वेश्वरदास ने पहली बार नांदगांव रियासत के राजा की हैसियत से विवाह किया लेकिन वे अकाल मृत्यु को प्राप्त हुए। इस तथ्य को अब किंवदन्ती बना दिया गया है कि जो भी इस गद्दी का अधिकारी बना और उसने शादी कर ली तो उसकी अकाल मृत्यु निश्चित है।

दिग्वी ने भी शादी की थी। मृत्यु के बारे में कौन जानता है। दिग्वी इस रियासत की परंपरा से खौफ खाता था। दिग्वी को सन्तान प्राप्ति नहीं हो रही थी। संयुक्ता के प्रति क्रोध का एक कारण यह भी था।

किसी ने दिग्वी को यह बता दिया था कि संयुक्ता ने बंबई में अपने पेट के ऑपरेशन के समय गर्भाशय पृथक करा लिया है। संयुक्ता संतान नहीं चाहती थी। दिग्वी बिना सन्तान के बेचैन था। दिग्वी को विश्वास नहीं होता था कि रानी उसकी इजाजत के बगैर ऐसा कर सकती है।

गर्भाशय पृथक करवाने की बात दिग्वी को पूना की एक लेडी डॉक्टर ने बताई। वह उस समय बंबई में ऑपरेशन के समय मौजूद थी। पूना में वह लेडी डॉक्टर प्राइवेट प्रेक्टिस करने लगी थी। दिग्वी को जब उसने यह अंतिम रूप से बता दिया कि संयुक्ता कभी गर्भ धारण नहीं करेगी, वह जैसे आसमान से गिर पडा़।

परन्तु संयुक्ता के प्रति वह सदा शंकालु रहा भी तो है।

एक बार दिग्वी ने अपने सबसे निकटतम सलाहकार मिस्टर शुक्ला से कहा भी था-

जब मैंने संयुक्ता से शादी की थी वह कुंवारी नहीं थी। (She was not virgin when I married her)

यह आरोप बडा़ चौंकाने वाला था।

दिग्वी ने बडे़-बडे़ डॉक्टरों की सलाह ली थी। कहते हैं सबकी यही राय थी कि जब तक रानी शराब न छोडे़, वह गर्भ धारण नहीं कर सकती।

संयुक्ता से अब शराब छूटने की नहीं। वह शराब की मछली बन गई थी और शराब ने उसे चालाक भी बना दिया था। मोटर में हमेशा दरवाजे के पास बैठने की जिद यों तो ऐब को छिपाने के लिए थी परन्तु जब वह पूरी तरह दरवाजे पर ही बेहोशी में झुक जाती, उसकी चालाकी का राज खुल जाता।

बंबई में तो एक बार संयुक्ता की इस आदत के कारण दिग्वी को शर्मिंदा होना पडा़ था।

दिग्वी को इंग्लैण्ड के लिए दूसरे दिन सुबह रवाना होना था। रात को किशोर साहू के बंगले में शानदार डिनर का आयोजन किया गया। फिल्मी सितारों को आमंत्रित किया गया था। दिग्वी की इच्छा थी कि संयुक्ता का उनसे परिचय कराया जाए। लेकिन संयुक्ता नशे में धुत बंगले के दालान में ही बैठी रही।

दिग्वी इधर सार्वजनिक जीवन में रूचि लेने लगा था। लालबाग में खद्दर पोश नेताओं का आना जाना शुरू हो गया था। यह दूसरी बात थी कि वे नेता पैसे के लिए दिग्वी के चारों ओर मंडराया करते थे लेकिन दिग्वी का निराश-अशांत मन जनसेवा में शांति पाना चाहता था।

जिले के एक बडे़ नेता थे। एक दिन एक स्थानीय नेता को पकड़कर वे दिग्वी के पास पहुंचे। परिचय हुआ, नेता ने देश की राजनीतिक स्थिति पर व्याख्यान शुरू कर दिया। उस समय दिग्वी ने जितना सूक्ष्म राजनीतिक विश्लेषण किया उससे नेताजी दंग रह गए। दिग्वी का अध्ययन अकेले राजनीति तक ही सीमित हो सो बात नहीं। किसी भी विषय पर घंटो बात कर सकता था। उसके पास यदि शानदार मयखाना था तो एक बढि़या लाइब्रेरी भी थी। रात आंखों में बीत जाती लेकिन दिग्वी जब तक हाथ में ली हुई पुस्तक समाप्त न कर ले, सोता नहीं था। आम लोग यही समझते थे कि वह रातभर पीता रहता है इसलिए दोपहर तक सोता है लेकिन यह बहुत कम लोग जानते थे कि बिना अध्ययन किये वह सोता नहीं था।

नेताजी ने जब देखा कि वे चर्चा से दिग्वी को प्रभावित नहीं कर सकते, उन्होंने अपना बनावटी आवरण उतार फेंका और श्रद्धेय बनने की अपेक्षा सहानुभूति का पात्र बनना ही श्रेयस्कर समझा-

-“बीस वर्षों की देश सेवा में बर्बाद हो गया हूं, अब परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं। यदि हुजूर से कुछ सहायता मिल जाती तो बडी़ कृपा होती।”

दिग्वी ने झट सौ का नोट निकाल कर दे दिया। साथ में आये नेता की झोली में भी कुछ डाल दिया। नेता द्वय किन शब्दों में इस कृपा को अभिव्यक्त करते। बडे़ गद्गद् हुए बोले-

-सुना है आपने भारत सेवक समाज ज्वाइन कर लिया है। चलो अच्छी बात है। आप कांग्रेस के टिकट पर चुनाव क्यों नहीं लड़ते। आप लडि़ए तो महाराज, सारे विरोधी धराशायी हो जायेंगे।

-चुनाव की बात तो मैं भी सोचता हूं लेकिन जब तक पच्चीस वर्ष का न हो जाऊं यह कैसे संभव है, दिग्वी ने कहा।

नेता चले गए। दिग्वी के मन में एक गहरी कडु़वाहट घुलती रही।

पैसा! पैसा! जिसे देखो, वही रुपया चाहता है। दोस्त, सलाहकार, नेता, शासक, पत्नी और जो कुछ उससे सम्बद्ध है, बस उसकी दौलत के विभिन्न रूप हैं। सब अपनी-अपनी कुशलता से नाटक करते हैं और उसकी जेब खाली कर जाते हैं।

बिस्तर पर पडे़-पडे़ दिग्वी करवट बदलता रहा। आज संयुक्ता उसकी बगल में नहीं थी। वह महल के किसी कमरे में शराब के जाम में डूबी होगी। संस्कारों से संयुक्ता को दिग्वी का होना चाहिए, लेकिन दिग्वी का महत्व संयुक्ता के लिये केवल इतना ही है कि उसकी शराब के लिए उसे पैसा मिलता है। वह सन्तान नहीं दे सकती। प्यार उसे किया नहीं जा सकता। और दोस्त? इनकी कमी कहां है? लेकिन लगता है जैसे सब एक व्यापक षड़यंत्र के कलपुर्जे हैं। षड़यंत्र दिग्वी को खाली करने का, निरीह बनाने का, लुटने का। किसी की नजर बल्देव बाग की जमीन पर है तो कोई दोस्ती के एवज में बंगला चाहता है, शराब चाहता है, धन चाहता है।

दिग्वी सोचता रहा। विचार तरंग उसे बेचैन किये रही। सिरहाने का तकिया आंसुओं से गीला हो चुका था।

उसे लगा कि जैसे वह कोई डरावना स्वप्न देख रहा है। भेडि़योँ का एक झुन्ड उस पर झपटने को आतुर है। ये भेडि़ये चिल्ला रहे हैं- हमें पैसा दो, जमीन दो, पैसा दो, जमीनें दो, प्लाट दो, बंगला दो, मोटर दो, शराब पिलाओ। भेडि़यों की अगुवानी करने वाले आदमी के हाथ में एक बंदूक है। वह संगीन दिग्वी को अपनी आंख के करीब आती प्रतीत हुई। भेडि़यों से मुक्ति के प्रयास में वह एक कमरे से दूसरे और दूसरे कमरे से तीसरे में भागता फिर रहा है। एक कमरा व्यापार का, दूसरा फिल्म उद्योग का, तीसरा सार्वजनिक कार्य का। लेकिन जिस कमरे में वह जाता है भेडि़यों के बडे़-बडे़ झुण्ड उभर आते हैं। उनकी डरावनी आवाजें, लपलपाती जीभें और संगीनधारी अगुआ उसका बराबर पीछा कर रहा है।

दिग्वी हड़बडा़कर उठ बैठा! डर से वह कांप रहा था।

-आखिर उसकी दौलत और वैभव सारी परेशानियों की जड़ है। दिग्वी ने सोचा।

नांदगांव में कॉलेज की स्थापना की बात चल रही थी। दिग्वी ने तुरंत पैंसठ हजार के नगद दान की घोषणा की। पुराना किला भी कॉलेज के लिए दान दे दिया। मिस्टर शुक्ला के प्रयासों से दान की सारी बातचीत तय हुई। कॉलेज का नाम रखा गया “दिग्विजय महाविद्यालय”। आज दिग्वी का एकमात्र यही स्मारक बच गया है।

दिग्वी के निर्णय ने संयुक्ता को और उत्तेजित कर दिया। उसे लगा कि दिग्वी सब कुछ लुटा देने को आमादा है। जो छोटी-छोटी चीजें जैसे आलमारियां, टेबल आदि दिग्वी ने कॉलेज भिजवा दी थी, संयुक्ता ने वापस लालबाग मंगा ली।

-“तुम यह क्या करती हो डार्लिंग।”

दिग्वी बार-बार संयुक्ता पर बिगड़ उठता।

संयुक्ता की भाव मुद्रा ऐसी थी जैसे वह ललकार कर कह रही हो-

-तुम्हें इस तरह सारी जायदाद लुटाने का कोई अधिकार नहीं है।

दिग्वी और संयुक्ता का फासला बढ़ता ही जा रहा था। सुलह सफाई की जरा भी गुंजाइश नहीं दिखती थी।

ऐसा लगता था कि दिग्वी सब कुछ न्यौछावर कर देगा और संयुक्ता हर कीमत पर यह नहीं होने देगी। और उसके संकल्पों को महल के भीतर दिग्वी विरोधी तत्वों का सहारा मिल गया।

संयुक्ता के विश्वासपात्र लोग सदैव यही बताते थे कि दिग्वी को उसके भविष्य की तनिक भी चिन्ता नहीं थी। वह उसकी बिल्कुल परवाह नहीं करता।

इसी बीच कहीं से दिग्वी के बारे में एक ऐसी खबर मिली, जिसने संयुक्ता को और अधिक उत्तेजित कर दिया।

दिग्विजय कॉलेज को दिग्वी अपनी संतान की तरह प्यार करने लगा था और उसी तरह उसके पालन-पोषण की योजनाएं बन रही थी। असंतोष के सागर में एक ऐसा छोटा सा द्वीप उभरा था, जिस पर दिग्वी संतोष एवं तृप्ति की सांस ले सकता था, अपने मन की सारी कटुता उसी नन्हें द्वीप की हवाओं में भूल सकता था।

पुराने किले की किस्मत जाग गई थी। जहां खंडहर थे, क्लास रूम उठ रहे थे। जहां अस्तबल भूतों के डेरे बन रहे थे, विद्या मंदिर की नींव पड़ रही थी। रियासत के किसी जमाने की कचहरी, विज्ञान की प्रयोगशाला बन रही थी। सूना घर देखकर सभी तरह के समाज विरोधी तत्वों ने जिसे अपना घोंसला बना लिया था, वही पुराना किला एक शानदार संस्था को अब समर्पित था। वह भूलनबाग, जहां कहते हैं किसी जमाने में आदमी घुसकर रास्ता भूल जाता था महाविद्यालय का उद्यान बनेगा। जिस पुराने किले में लोग प्रवेश करने में डरते थे, युवकों की चहल-पहल से गुलजार हो गया था।

दिग्वी इतना प्रसन्न था कि एक बार उसने मिस्टर शुक्ला से, जो उस कॉलेज के पहले प्राचार्य हुए थे, कहा था-

-“देखिए प्रिन्सिपल साहब, आपके ऑफिस के पास ही मैं अपने लिए एक कमरा बनवाना चाहता हूं जहां मैं खुद रोज आकर बैठा करूंगा।”

प्रिन्सिपल साहब ने भी दिग्वी के सौहाद्र की प्रशंसा में उस कॉलेज की योजनाएं समझाई थी-

-यह उस कॉलेज किसी दिन छत्तीसगढ़ में सर्वश्रेष्ठ होगा।

मिस्टर शुक्ला ने दिग्वी के साथ किले का चक्कर लगाया था। उस दिन दिग्वी को बडे़-बडे़ तालाबों से घिरा यह किला अपने लालबाग पैलेस से अधिक मनोरम, अधिक निवास योग्य स्थान जंचा था।

सच है, जहां नई जिंदगी उभर रही हो और जहां उभरती जिंदगी का गला घोंटा जा रहा हो उसमें यह फर्क तो होगा ही।

भूलनबाग की उस जगह पर दिग्वी पहुंच गया था जहां इस किले की रानियां सीढी़ उतरकर दीवालों की ओट में रानी सागर के निर्मल जल में स्नान किया करती थी। अब वह टूट-फूट गया है लेकिन वहां से दिग्वी की नजर अपने लालबाग के गुम्बद पर पडी़ थी। उसने सोचा था-

“मेरी मृत्यु के बाद क्या इस लालबाग की भी हालत इस पुराने किले जैसे होगी?”

संतान का ख्याल दिग्वी को सताने लगा! साथ ही लालबाग में संयुक्ता के साथ रहने की मजबूरी से भी दिग्वी का मन उदास हो गया था।

रानी सागर में भंवर की बात नहीं सुनी गई थी। दिग्वी की इस विस्तृत शांत तालाब में सैकडो़ं भंवर उठते दिखाई दिये थे।

दिग्वी ने उस रात खाना नहीं खाया। दूसरे दिन दिग्वी अपने दोस्त अशोक बीर को लेकर बंबई रवाना हो गया। मिस्टर शुक्ला भी दिग्वी के साथ नागपुर तक कार से गए। ड्राइवर इलमदीन मोटर लेकर वापस नांदगांव आ गया।

दिग्वी के मित्रों का कथन है कि दिग्वी बंबई में कई जगह फैले अपने पैसों का हिसाब ठीक करने गया था। कम्पनियों से अपने शेयर्स के पैसे लेना चाहता था, परंतु क्या यह सच था।

संयुक्ता को दिग्वी साथ नहीं ले गया। इधर वह कम भी ले जाने लगा था और इस ट्रिप में तो उसे ले जाने का सवाल ही नहीं उठता।

फिल्मी एक्ट्रेस से विवाह का प्रस्ताव क्रियान्वित होता नहीं दिखता था। उसकी मां राजी नहीं होती थी। कुछ भी हो बंबई में कमाई ज्यादा है और दिग्वी जब बंबई आता था, वह सेवा में चली भी तो आती थी।

संयुक्ता से तलाक की कार्यवाही के सिलसिले में दिग्वी को अनेक वकीलों से मिलने का मौका मिला था। इस बार वह अपने निश्चय को कार्य-रूप देने को अधीर था। बंबई आने के कुछ दिन पहले ही लालबाग में एक घटना और घटी थी जिसने दिग्वी को और अधीर बना दिया था।

महानन्द और गिरी दो ऐसे नौकर थे जो संयुक्ता की सेवा के लिए नियुक्त किये गये थे परन्तु उनका असली काम दिग्वी को संयुक्ता की गतिविधियों के बारे में खबर करना था। वे दिग्वी को यह भी बताते थे कि आज कौन शराब लेकर संयुक्ता के पास पहुंचा, किसको कितने पैसे दिये गये और दूसरे दिन की शराब का इन्तजाम किसके जरिये किया जा रहा है। ये दो नौजवान उडि़या बेखटके संयुक्ता के बाथरूम या बेडरूम में आ जा सकते थे, दिग्वी को उन पर पूरा विश्वास था।

एक रात जब दिग्वी-दरबार में एक सभ्रांत देशी शराब की बोतल संयुक्ता के हवाले कर रहे थे कि महानन्द ने संयुक्ता के हाथ से बोतल छीनने की कोशिश की। संयुक्ता नशे में होने के बावजूद इतनी गाफिल नहीं थी। नारी सुलभ चालाकी का उसने तुरंत सहारा लिया। जो बोतल उसके हाथ में थी संयुक्ता ने उसे महानन्द पर उडे़ल दिया और जोर से चिल्लाई-

“बचाओ! बचाओ! महानन्द मेरी इज्जत पर हमला करता है।”

दिग्वी, जो बरामदे में ही कुर्सी डालकर बैठा था अन्दर दौड़ गया था।

दिग्वी को सारा किस्सा समझते देर नहीं लगी। वह चुपचाप महानन्द को बाहर ले आया।

महानन्द, मैं जानता हूं कि तुम पर रानी इल्जाम मढ़ने की कोशिश कर रही है फिर भी अब तुम यहां न रहो, इसी में तुम्हारी भलाई है।

दिग्वी बाहर से शांत और भीतर क्रोध की ज्वाला में दग्ध था।

कोई कहता है कि महानन्द दूसरे ही दिन चला गया था लेकिन बहुतों का कथन है कि राजा साहब ने महानन्द को जाते समय एक बडी़ राशि दी थी। कोई कहता है पांच हजार, कोई दस हजार।

महानन्द वाली घटना दिग्वी के नरम दिल में शूल बनकर चुभ गई थी।

तलाक की सलाह लेने दिग्वी जब एक बैरिस्टर साहब के यहां पहुंचा, उन्होंने नौजवान, खूबसूरत राजा को गौर से ऊपर से नीचे तक देखा।

पूछा- “क्या तलाक की बात संयुक्ता जानती है?”

“उसे अच्छी तरह मालूम है।” दिग्वी का उत्तर अत्यंत संक्षिप्त था।

“क्या तलाक के सिवाय और कोई रास्ता नहीं बचा?” बैरिस्टर साहब ने पूछा।

-“वह तो लालबाग छोड़कर जाने को भी तैयार नहीं।”

-“क्या तलाक के बाद शादी का भी इरादा है?”

बैरिस्टर साहब के प्रश्न ने दिग्वी को फिर एक सूने अन्तराल में छोड़ दिया। वह संभल भी नहीं पाया था कि बैरिस्टर साहब ने कहा-

“यदि आप कल सुबह तशरीफ ला सकें तो सारी बातें खुलकर होंगी।”

दिग्वी उसी दिन वापस चला आया था।

बैरिस्टर साहब के यहां वह दूसरे दिन गया, तीसरे दिन भी गया और जाता ही रहा।

यह बात बहुत कम लोगों को मालूम हो पाई कि दिग्वी ने बैरिस्टर साहब की लड़की से शादी की बात पक्की कर ली। तय हुआ कि जब तक दिग्वी अदालत से बकायदा तलाक हासिल न कर ले शादी की बात जाहिर नहीं की जावेगी। शादी के एवज में दिग्वी बैरिस्टर साहब को कितना रूपया देगा यह भी गुप्त रखा गया।

बंबई से दिग्वी ने सरजूबाबू को पच्यासी हजार के लिए जो तार दिया था। क्या वह राशि उसी शादी से संबंधित बातों के लिए नहीं थी? सरजू बाबू को नहीं मालूम! अशोक बीर को मालूम था या नहीं पता नहीं? बीर कुछ बता सकते हैं तो सिर्फ इतना कि दिग्वी ने उस मौके पर सामान्य से कुछ अधिक खरीद फरोख्त की थी।

आखिर बात छिपती कहां तक। दिवालों के भी कान होते हैं। उड़ती चिडि़या के पंख पहचानने वाले नौकर महलों में ही होते हैं। बंबई में दिग्वी के पास एक नौकर था जो संयुक्ता के मायके बारिया से आया था। वह नौकर अचानक गायब हो गया था।

बारिया के नौकर ने हवा के समान फुर्ती से यह काम किया। नांदगांव आकर उसने संयुक्ता को दिग्वी की शादी की योजनाओं की बात बता दी। वह नौकर कब आया और कब चला गया केवल उन्हीं को मालूम है जिसने लालबाग में उसे देखा था।

ऐसे ही लोग बताते हैं कि वह नौकर दिग्वी की मृत्यु के ठीक बाद नांदगांव से चला गया था।

महानन्द और गिरी की अचानक बर्खास्तगी ने महल में एक सनसनी सी खींच दी थी।

जिसे देखो वही पूछता- “राजा साहब के सबसे विश्वासपात्र नौकर कैसे हटा दिये गये।”

रानी के चेहरे पर शिकन भी नहीं थी कि वह दो नौकरों की सेवा से वंचित हो गई है।

लेकिन उत्तर आसान था! दिग्वी ने यह बात खुद पर ओढ़ ली है। यदि दिग्वी के पास अपने “आदमी” थे तो रानी के पास भी अपने आदमी थे। वे राजा के बारे में रानी को उकसाया करते। रानी में वह गहराई थी नहीं कि राजा की बात (यदि कुछ थी भी तो) छिपा ले- पी जाए। अपना दोष छिपाने के लिए वह और बढ़-चढ़ कर बताया करती। महानन्द और गिरी के हट जाने से रानी प्रसन्न ही थी। वह अपने लिए अबाध स्वतंत्रता चाहती थी।

बारिया के नौकर ने जब बंबई की खबर दी, संयुक्ता बहुत विचलित हुई। उसे पैरों तले जमीन खिसकने का अहसास हुआ, परंतु वह इतनी आसानी से हार मानने वालों में से नहीं थी। उसका राजपूत खून खौल उठा।

कहते हैं, बारिया का जो नौकर संयुक्ता को यह बात बता गया था कि दिग्वी ने बंबई में शादी पक्की कर ली है। उससे पहले तो संयुक्ता नहीं घबराई परन्तु बाद में उसे लगा कि यदि दिग्वी ने सचमुच शादी कर ली तो वह कहीं की नहीं रहेगी।

दिग्वी इस बार अपने निश्चय के ज्यादा करीब दिखाई दिया। यों आम तौर से दिग्वी के सामने बराबरी का दावा करने वाली संयुक्ता ने खुद को पहली बार बडा़ कमजोर महसूस किया। शायद उसने यह भी सोचा हो कि वह इस बार दिग्वी के पैरों पर गिर जायेगी और कहेगी-

“मुझे माफ कर दो दिग्वी, आइंदा मैं नहीं पीऊंगी, तुम्हें नाराज नहीं करूंगी।”

लेकिन उस पर वही पुराना भूत सवार हो गया- “मैं यदि कहूं भी तो दिग्वी को विश्वास कैसे होगा? क्या मैंने एक बार दरअसल शराब नहीं छोडी़ थी? क्या दिग्वी को यकीन हुआ था।?

इस प्रश्नों के जाल में फंसकर बीती हुई बातों को संयुक्ता दुहराने लगी।

एक बार दिग्वी ने संयुक्ता के जन्मदिन पर नागपुर की एम्पायर होटल में शानदार पार्टी का आयोजन किया था।

संयुक्ता को आश्चर्य हुआ, फिर सोचा कि शायद दिग्वी उसके शराब न पीने के वचन से प्रसन्न होकर ऐसा कर रहा है।

लेकिन वह पार्टी भी दिग्वी का एक नाटक था।

उस पार्टी में तत्कालीन मुख्यमंत्री पंडित रविशंकर शुक्ल और गवर्नर पट्टाभि सीतारम्मैया बुलाये गए थे। गरज यह थी कि दिग्वी शुक्लजी से राजगामी सम्पदा में सरकारी नियंत्रण में फंसी तीस लाख की जायदाद उसे हस्तांतरित करने की मांग करेगा क्योंकि उसने शुक्लजी की मर्जी के मुताबिक बारिया में शादी कर ली है।

संयुक्ता और उसके बीच बडे़ मधुर संबंध हैं।

दिग्वी शुक्लजी के सामने यह भी बताना चाहता था कि संयुक्ता के साथ वह बहुत सुखी है। देखिये मैं संयुक्ता की बर्थडे पार्टी कर रहा हूं।

शुक्लजी पार्टी में शामिल नहीं हो सके, पट्टामि भी नहीं आये। संयुक्ता की गवाही से सुखी दाम्पत्य जीवन सिद्ध करने का विचार मन में ही रह गया।

पार्टी में जाम ढाले गये। नागपुर के जाने-माने लोग उसमें थे। लिबर्टी टॉकीज के मैनेजर, बाद में मालिक मेजर नायडू और उसी दायरे के बहुत से लोग थे। पार्टी सुबह तक चली।

संयुक्ता ने शराब पीने से आनाकानी की। परन्तु दिग्वी के आग्रह से कि आज खुशी का मौका है। बूंद दो बूंद पीने में क्या हर्ज है। संयुक्ता ने अपने मित्रों से बाद में, जब उसने उसी तरह पीना शुरू कर दिया था और उसे टोंका गया तो यह कहकर उनका मुंह बंद करने की कोशिश की थी।

मैं तो आजकल शराब छूती भी नहीं। बहुत दिनों से छोड़ दी थी, लेकिन क्या करें…

दिग्वी को मेरे चरित्र पर भी तो शंका है।

इस विचार ने संयुक्ता को प्रतिशोध की ज्वाला में झोंक दिया।

क्या दिग्वी सच्चरित्र है?

उसने स्वयं से पूछा होगा और उत्तर अनेक बातों की जड़ सहित उखड़ आया होगा-

क्या मुझे नहीं मालूम कि दिग्वी ने कहां क्या संबंध बना रखे हैं।

वह अपने आशय के प्रमाण ढूंढने लगी। आदमी जब निश्चय ही कर ले तो उसे प्रमाण मिल भी सकते हैं भले ही वे झूठे हों।

संयुक्ता के नजदीक के लोग नहीं छिपाते कि संयुक्ता को नौजवान महाराज डुंडलौत की खूबसूरत पत्नी का अक्सर लालबाग में रहना बहुत खटकता था। दिग्वी सामने हो तो पूछूं-

-ठकुराइन से तुम्हारा क्या संबंध है?

संयुक्ता आरोप के दलदल में इतना नीचे उतर गई थी कि उसने संतुलन खो दिया था।

उसने मन में शायद दुहराया हो-

आखिर डुंडलौत-दम्पत्ति यहां क्यों रहते हैं?

संयुक्ता का राजपूत-दर्प जागृत हो गया था। क्रोध में कभी संयुक्ता कितनी उम्मत्त हो जाती थी कि इसका एक किस्सा रानी के अनुचरों में से एक ने बताया। इस अनुचर ने उद्घाटित किया कि संयुक्ता के मुंह से एक बार यह निकला था-

“यदि सरजू बाबू पैसे के लिए मुझे तंग करेंगे तो मैं उन्हें गोली मार दूंगी।”

सरजू बाबू इस धमकी से डरे नहीं! उन्हें जो आदेश मिलता था उसका पालन उन्हें करना था। संयुक्ता कभी सरजू बाबू को गोली मार भी सकती है यह बिल्कुल असंभव था। फिर भी ऐसा नहीं था कि संयुक्ता को गोली चलाना नहीं आता था।

नांदगांव रियासत की पुरानी राजधानी पांडा़दाह थी। वहीं सबसे पहले दिग्वी के पूर्वजों ने अपनी गद्दी स्थापित की थी। अब यह गांव खैरागढ़ तहसील का अंग है। राजधानी जब नांदगांव स्थानान्तरित हो गई तो पांडा़दाह का महत्व बस शिकार के लिए रह गया। यहां के राजा वहां शिकार के लिए जाते थे। दिग्वी कई बार लछना जंगलों में शिकार करने गया था। कहते हैं एक बार संयुक्ता ने यहीं शेर का शिकार किया था।

दिग्वी संयुक्ता का निशाना देखकर दंग रह गया था-

-“डार्लिंग, तुम्हारी बंदूक का निशाना तो बहुत अचूक है।”

संयुक्ता ने केवल मस्तक उठाकर दिग्वी की प्रशंसा झेली थी।

ये सारी बातें इतनी पुरानी होते हुए भी बिल्कुल बेमानी नहीं लगती। बाद में घटित होने वाली किस घटना में कौन सी बात जुड़ जायेगी, नहीं कहा जा सकता।

सरजू बाबू से दिग्वी ने बंबई से जो पच्चासी हजार मंगवाये थे उससे संयुक्ता का माथा और ठनका। भीतर असहाय परन्तु बाहर निश्चिन्तता का नाटक।

“मेरा कौन क्या बिगाड़ सकता है” वाली घोषणा की अर्न्तध्वनि वास्तव में यही थी।

“यदि दिग्वी ने सचमुच दूसरा विवाह कर लिया तो मेरा क्या होगा।”

“मैं लालबाग से नहीं जाऊंगी” वाली दृढ़ता धीरे-धीरे सौत के आने पर लालबाग से जाना पडे़गा वाली वास्तविकता को स्थान दे रही थी।

पिघलती हुई दृढ़ता और वास्तविकता की चट्टान, जो संयुक्ता को सिर पर आती हुई प्रतीत हुई। इसके बीच में अनेक आत्मसमर्पण, आत्म प्रवंचना, आत्म उत्पीड़न और उभरते हुए आत्मविश्वास के स्वर उठते गिरते रहे।

यदि कभी उसने कहा था-

“दिग्वी मैं तुम्हारी मदर नहीं जो तुम्हें छोड़कर चली जाऊं” तो यह भी कहा था, “तो अच्छा, मैं तुम्हें नाराज नहीं करूंगी।”

संयुक्ता के निश्चय के पहले जिस मन:स्थिति का पता चलता है वह ऐसी बताई जाती है कि जैसे संयुक्ता संभावित तूफान से निपट लेने का संकल्प किये बैठी हो।

यह पहले से तय था कि दिग्वी बंबई से लौटकर शिकार के लिए अपने दोस्तों के साथ ईटार जाएगा। शिकार पार्टी 18 जनवरी को ही चली गई थी। सारा इन्तजाम हो गया था। सत्तार मास्टर ने बन्दूकें व कारतूसें हथियार के कमरे से निकालकर शिकार की मोटर में साथ रख ली थी।

सत्तार मास्टर इस रियासत के बडे़ प्रसिद्ध शिकारी थे। ठिगना कद और हमेशा कंधे में बंदूक। पान ज्यादा खाते थे। पहले स्कूल में मास्टर थे परन्तु बाद में जब से दिग्वी नांदगांव आया था उनके शिकार का सारा प्रबंध सत्तार मास्टर के ही जिम्मे रहता था।

जो शिकार पार्टी पहले चली गई थी उसमें सत्तार मास्टर के साथ महाराज डुंडलौत और उनकी पत्नी भी थी।

लालबाग के शिकार रूम की चाबी हमेशा मास्टर के पास ही रहती थी। यह कई लोगों ने बताया कि शिकार रूम का लेखा-जोखा सत्तार मास्टर ही रखते थे। वे ही जानते थे कि कहां कौन सी पिस्तौल और बंदूक रखी है। कितनी बंदूकें या कारतूसें कब निकाली गई यह सारी बातें दर्ज की जाती थी।

जिस पिस्तौल से दिग्वी को गोली लगी थी। संगमरमर की मूठ का वह पिस्तौल राजा सर्वेश्वरदास दास का था। क्या वह पिस्तौल पहले ही निकालकर रख लिया गया? क्या उसमें कारतूस पहले ही भरे हुये थे। इन प्रश्नों का उत्तर शिकार रूम का वह रजिस्टर नहीं देता। शिकार पार्टी का वह अदना सा चाकर बडी़ महत्वपूर्ण बात बताता था।

जब मुरली ईटार यह खबर लेकर पहुंचा कि दिग्वी ने गोली मार ली है। सत्तार मास्टर विक्षिप्त से हो गये। उन्हें समझ में नहीं आया कि यह कैसे हो सकता है।

सत्तार मास्टर ने कहा था-

-मैंने वह मूठ वाला पिस्तौल तो ऐसी जगह रखा था कि आसानी से नहीं मिल सकता। और शिकार रूम की चाबी…?

वह तो मेरे पास है।

सत्तार मास्टर बुदबुदाया था।

महाराज डुंडलौत चीख पडे़ थे-

-यदि मैं वहां रहता, तो यह घटना नहीं हो पाती।

प्यार बेग ड्रायवर जो उस गाडी़ के साथ था, उस समय सत्तार मास्टर की हालत का बयान बडे़ दर्द से करता था-

“हुजूर, सत्तार मास्टर वहीं बेहोश हो गए थे। बडी़ मुश्किल से मोटर पर उन्हें लादा जा सका। उन्हें यकीन ही नहीं था कि महाराज खुदकुशी कर सकते हैं।”

-क्यों प्यारबेग, क्या राजा ने खुद को मार लिया?

मैंने एक बार उससे और पूछा था।

-“हुजूर गैरत गवारा नहीं करती मैं क्या बताऊं?

वह चुप हो गया, मैंने फिर वही बात दुहराई।

वह बोला- “आप भी हुजूर क्या बात करते हैं। जिस शख्स को एक चिडि़या के मरने पर भी सिहरन होती थी क्या वह खुद को यों ही मार लेगा? ” फिर वह इतना और जोड़कर चला गया-

-“मैं नहीं जानता हुजूर चलता हूं।”

लोग न जाने किस आतंक से दबे चले आते हैं। डर के पत्थर के नीचे सत्य न मालूम कितने बार दबा कुचला गया है।

लालबाग का भूत शायद चहल-पहल में दब गया हो, जिन लोगों के दिलों में दिग्वी की मौत का भूत हावी था वह तो किसी न किसी बहाने सामने आ ही जाता था, तब आदमी खुद भूत बन जाता है।

यह डर भी बडी़ अजीब चीज है। डरा हुआ आदमी जगह-जगह डर की ही तस्वीर देखता है।

माना कि आज दिग्वी को मरे दस साल हो गए परंतु उसके डर से पिन्ड नहीं छूटा है।

सेल्स टैक्स ऑफिस का वह चौकीदार पहली रात जब लालबाग में आया था, सो नहीं सका था।

दूसरे ही दिन उसने साहब से कह दिया था-

“साहब मुझे दिग्वी का भूत दिखाई पड़ता है। उस राजा की आत्मा बडी़ डरावनी आवाजें करती हैं। मुझे यह नौकरी नहीं करनी!” साहब ने हिम्मत बढा़ई-

-यहां-कहां भूत है! पैलेस अच्छी तरह धोया गया है तब कहीं ऑफिस यहां लाया गया है। यह तुम्हारा वहम है।

साहब बाद में सख्त हो गए-

“हम दूसरा चौकीदार सोने के लिए नहीं दे सकते।”

बात उसी दिन की है जब दिग्वी की मृत्यु हुई थी, रात का कोई डेढ़ बजा था। शहर का एक नामी मोटर मेकेनिक राबर्ट रात को अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था। उसने रेस्ट हाऊस के पास वाले झाड़ के नीचे एक आदमी को देखा था, जो डर से बुरी तरह कांप रहा था। नजदीक जाने पर वह कांपने लगा, मिस्त्री अजीब असमंजस में पडा़।

-अरे, साहब आप इतनी रात को झाड़ के नीचे?

उस छाया से कुछ भी कहते नहीं बना!

मिस्त्री ने फिर पूछा-

आप कांप क्यों रहे हैं?

राबर्ट मिस्त्री नजदीक गया। तब तक वह छाया झाड़ के नीचे से खिसक कर बिजली के खम्बे के नीचे आ गई थी। उसकी आकृति साफ हो गई। राबर्ट मिस्त्री चौंका-

-“आप!!… जी! क्या क्लब से आ रहे हैं या लालबाग से?”

छाया तब भी कांप रही थी लेकिन उसका अजनबीपन दूर हो गया था। रहस्य को छिपाने के लिए आश्रय ढूंढता हुआ वह परिचित व्यक्ति लज्जा व प्रार्थना के स्वर में बोला-

“मैं लालबाग से आ रहा हूं।”

फिर भी जैसे मिस्त्री का वह प्रश्न घूम कर उसे घेर चुका था।

-“आप इस कदर कांप क्यों रहे हैं?”

दिन का सम्मानित यह व्यक्ति रात के अंधेरे में एक अपराधी छाया बनकर मामूली से मिस्त्री के आगे एक विचित्र स्थिति में फंस गया था।

“मुझे घर पहुँचा दो।” उसने कहा।

मिस्त्री को मालूम था कि ये सज्जन जो लालबाग मंडली का एक अधिकारी होने का दावा करते हैं। किस बुरी तरह पीते हैं।

“क्या आपने पी रखी है?”

“नहीं।”

मिस्त्री का कौतुहल बढ़ता ही जा रहा था।

“मुझे घर पहुंचा दो। दिग्वी ने गोली मार ली।”

मिस्त्री ने उन महाशय को घर तो पहुंचा दिया लेकिन दूसरे दिन वे यहां यह कहते पाये गये कि रात को चार बजे जब उन्हें घर पर खबर मिली तब ही मालूम हुआ कि दिग्वी मर गया। वे सुबह लालबाग पहुँचे।

यह सचमुच बडी़ अजीब बात है कि दिग्वी के नजदीकी किसी भी व्यक्ति से पूछो तो एक स्वर से यही कहेगा-

“मुझे तो चार बजे लालबाग का आदमी बुलाने आया तब ही मालूम हुआ।”

जैसे सारी दिशाओं में चार बजे एक साथ सबको बुलावा भेजा गया हो।

झाड़वाली छाया की तरह बहुत से लोग दिग्वी की मृत्यु के बाद रहस्य बन गये। वे दिग्वी के बहुत नजदीक थे।

होटल मालिक अवस्थी अस्पताल में जिन संदेहास्पद परिस्थितियों में मरा वह आज भी बडा़ रहस्य है। शहर वाले कहते हैं कि वह दिग्वी की मृत्यु पर प्रकाश डाल सकता था। वह लालबाग में मिठाई पहुंचाया करता था। दिग्वी की मृत्यु के बाद ही वह बीमार पडा़। अस्पताल में दाखिल कराया गया और जब अच्छा हो रहा था। लोगों ने सुना कि वह मर गया।

डरे हुए लोगों का भी विचित्र मनोविज्ञान होता है इसमें संदेह नहीं। उनको डर से थोडा़ गाफिल कर दो फिर देखो कि कैसे बेधड़क सच्चाई का बखान करते हैं। वे तब तक धारावाहिक बोलते जाएंगे जब तक उन्हें अपने डर की सुधि नहीं आती। फिर डर तो मन का होता है, जबकि सच्चाई आत्मा की तहों में बैठी होती है। उस पर विस्तृति की धूल जम जाये अथवा एहसानों की बोझ लाद दिया जाये तो दूसरी बात है।

मुन्नी अब बूढी़ हो गई है- बहुत बूढी़। बल्देवबाग में उसकी कुटिया उन तमाम बंगलों के पीछे है जो दिग्वी से खरीद की हुई जमीन पर बने हैं। मुन्नी जब बात करती है तो बडी़ चतुराई से जैसे कोई होशियार दर्जी बढि़या फ्राक काट रहा हो-

-“मैं तो लालबाग में पूजा करने जाती थी और मुझे वहां किसी चीज से कोई सरोकार नहीं था।”

मुन्नी बात से साफ कतरा गई।

-“क्या तुमने गोली की आवाज सुनी थी?”

लेकिन, मुन्नी यह कैसे बताती!

-“मुझे तो चार बजे सुबह बुलाने आये तब मैं गई थी।”

वाह! क्या कहने, चार बजे सुबह याद किये जाने वालों में से मुन्नी भी थी।

जी होता कि कह दें- “मुन्नी! तुम सब जानती हो। कब, क्या, कैसे हुआ तुम्हें सब मालूम है।” दूसरे ही क्षण वह खुद ही कह देती-

-“मैंने दिग्वी को गोद में खिलाया था। मैं राजा सर्वेश्वरदास के जमाने से पैलेस में नौकरानी थी।”

फिर स्वाद लेकर अपने खास लहजे में मुन्नी कहती-

“साब! राजा साहब – रानी साहिबा अच्छी तरह रहते, खाते-पीते, खेलते-कुदते थे। मालूम नहीं यह सब कैसे हो गया।”

मुन्नी बाई की तरह ही रानी साहिबा का एक खास नौकर और था- शफी! यह लड़का कलकत्ते से रानी जयति देवी द्वारा दिग्वी की सेवा में भेजा गया था। परन्तु बाद में वह संयुक्ता देवी की हाजिरी में ही अधिक रहता था। ड्रायवर तो था ही वह, लेकिन विशेष विश्वासपात्र।

शिकार पर जो गाडी़ दिग्वी को ले जाने वाली थी उसका ड्रायवर शफी ही था। दिग्वी की मृत्यु के बाद शफी ने अपने एक साथी ड्रायवर से एक किस्सा बताया था। शफी का ड्रायवर साथी बताता था-

-“उन दिनों मेरा बडा़ लड़का अस्पताल में मोतीझीरे से बीमार था। दिग्वी की मृत्यु के बाद दूसरे दिन शफी मेरे पास आया था। वह कुछ इस तरह चौंका हुआ था कि जैसे किसी बडे़ हादसे का सदमा उसके दिलो दिमाग पर हो।”

-“हम लोग गाडी़ में बैठ चुके थे। स्टीयरिंग व्हील पर राजा साहब बैठे थे। मैं बाजू के दरवाजे के पास आधा लटका सा बैठा था। सारा सामान लादा जा चुका था।” राजा साहब बडे़ खुश नजर आते थे। गाडी़ स्टार्ट हो चुकी थी। इतने में रानो भीतर से दौड़ती हुई आई। (रानो, संयुक्ता की छोटी बहन जो अक्सर यहीं रहती थी)। रानो ने राजा साहब के कान में न जाने क्या कहा! राजा साहब गाडी़ से उतर पडे़ और।

शफी का साथी ड्रायवर यहां आकर एक मिनट को रूक गया।

शफी काफी भयभीत था। उसके चेहरे पर साफ पढा़ जा सकता था कि उसने दिग्वी को जैसे अपनी आंखों के सामने ढेर होते देखा था। साथी ड्रायवर ने बात जारी रखी।

-“साहब, शफी हर दो चार वाक्य के बाद यही बुदबुदाता रहा- वाह रे पैलेस की जिन्दगी और वाह रे पैलेस की मौत! क्या जिन्दगी, क्या मौत!!” मैं जब उससे बार-बार पूछता- “बता तो सही पूरी बात तो बता।”

साथी-ड्रायवर गंभीर हो गया था। उसे खुद डर लग रहा था कि शफी ने उसे जो कुछ बताया था आज दस साल बाद वह बताये या नहीं। बोला-

“साहब, शफी के गले में जैसे कुछ अटक गया था, निकलता ही नहीं था। वह गले में अटकी हुई चीज की पूरी वेदना भी अनुभव कर रहा था। वह एकदम चिल्लाया-“

“मोटर से उतरकर राजा अंदर गये कि धांय… धांय… दो मिनट के भीतर ही मैंने गोलियों की आवाज सुनी।”

साथी ड्रायवर लालबाग का पुराना खादिम था, वह भीतर ही भीतर पसीने से तर बतर हो गया था। जैसे उसके तन में लहू के धारे फूट निकले हों, जैसे वह बुरी तरह आहत हो गया हो, जैसे उसके हृदय में पके घाव फूट गये हों और पीडा़ असह्य हो उठी हो।

-राजा साहब बडी़ शाही तबियत के आदमी थे साहब।

साथी ड्रायवर ने जैसे आहिस्ता अपने घावों पर याद की पट्टी रख ली हो। वह आगे बढ़ गया-

-शफी मेरे पास से चला गया। अस्पताल से जब मैं घर आया फिर लालबाग नहीं गया। जब मालिक ही नहीं रहा तो गाडि़यां किस काम की।

शफी को बाहरी हवा-पानी से बचाये रखा जाता। संयुक्ता देवी की छाया उस पर बराबर बनी रहती। राजनांदगाँव से जाते वक्त अपने साथ वे शफी को बारिया ले गयी। बम्बई में भी शफी रानी साहिबा के साथ रहा। अब सुनते हैं कि वह अपने गांव चला गया। साथी ड्रायवर ने बताया कि शफी ने अपने गांव में एक पक्का मकान बनवा लिया है।

बार-बार यह प्रश्न निरूत्तर हो रहा कि संयुक्ता की बहन रानो देवी ने दिग्वी के कान में ऐसी कौन सी बात कही कि जिससे जाता हुआ राजा उतर पडा़।

कुछ लोग यह भी कहते हैं कि दिग्वी ने मोटर स्टार्ट की ही थी कि इलैया दौड़ता हुआ आया था और बोला था कि राजा साहब इतनी ठंड में बिना कपड़ों के बिना खाये-पिये जा रहे हैं और तब दिग्वी अपना ओवरकोट लाने भीतर कमरे में गया।

इलैया खुद इस बात की ताईद नहीं करता। वह तो यही कहता है कि रात ग्यारह बजे दिग्वी के गिलास में आखिर बार उसने व्हिस्की डाली और घर चला गया।

इसके बाद वही चार बजे सुबह बुलाये जाने की रट लगाता है- मुझे तो साहब, चार बजे सुबह खबर मिली।

दिग्वी को मोटर से उतरने को किसने विवश किया इस बात पर भले ही अलग-अलग राय हो परंतु सब इस तथ्य पर एक राय हैं कि मोटर से उतरने के दो मिनट के भीतर ही गोलियों की आवाज- कट… कट… सुनाई पडी़ थी।

जिन लोगों ने लालबाग देखा है। वे बता सकते हैं कि पोर्च से कमरे में जाना और कमरे के ऊपर शिकार रूम जाकर गोली मार लेने का फैसला करना और गोली मार भी लेना क्या सब दो मिनट में संभव है?

… और, शिकार रूम भी क्या कोई कमरा था? यों समझा जाए कि दो छतों को जोड़ने का एक ढका हुआ पुल है, उत्तर की छत पर दरवाजानुमा खिड़की और दक्षिण की छत पर खिड़कीनुमा दरवाजा। इसके बीच की संकरी गली को दिग्वी ने शिकार रूम में परिवर्तित कर लिया था। दीवालों से सटी हुई पतली अलमारियां, कुछ हथियारों के लिए और कुछ शिकार संबंधी पुस्तकों के लिए। हथियारों का भी कोई बडा़ संग्रह नहीं था। वहीं एक स्टूल रखा रहता था। दीवालों पर दो चार तस्वीरें टंगी रहती थी। फर्श पर गलीचा बिछा रहता था और एक लंबी दरी सीढि़यों पर पीतल के ब्रेकेट्स से कसी हुई बिछी थी।

सीढी़ की ओर ड्राइंग रूम छूट जाता था और लगी हुई परछी की ओर रानी और राजा के कमरों के दरवाजे खुलते थे। ड्राइंग रूम के भीतर से भी इन कमरों में सीधा आया-जाया जा सकता था।

पोर्च, जहां शिकार को जाने वाली मोटर खडी़ थी, सीढी़ की लगभग छाया में ही पड़ता था। बीच में एक छोटा सा कमरा और है। इस कमरे से गुजरते ही भीतर का परिवेश दो समान भागों में बंट जाता है। दो-दो कमरों की कमानी के बीच ही है वह ड्राइंग रूम जहां अक्सर दिग्वी अपने दोस्तों के साथ बैठता था। दाहिनी ओर के कमरों में राजा व रानी का आवास था और बायीं ओर के ऐसे ही दो कमरों में से एक रानी जयति देवी और दिग्वी के मेहमान ठहरा करते थे।

राजा-रानी के कमरों के सामने पानी का एक बडा़ टंका है। यह अक्सर भरा रहता था। यह बात बहुत लोगों को ध्यान में आई थी कि दिग्वी की मृत्यु वाले दिन टांका खाली हो गया था। उपस्थित अधिकृत प्रवक्ताओं ने यह कहकर बात टाल दी थी कि टांके के पानी का उपयोग बगीचे के लिये हो गया। कई लोगों का अनुमान है कि टांके के पानी का उपयोग फर्श और सीढी़ धोने के लिए हुआ था। चार बजे पहुंचने वालों में से एक ने यह बात यों बताई थी-

“ऐसा जरूर लगता था कि फर्श और सीढी़ को हाल ही में खूब धोया गया है।”

एक बात के अनेक पहलू होते हैं। एक घटना के विभिन्न स्पष्टीकरण दिये जा सकते हैं। परंतु घटना, स्पष्टीकरण और संदर्भ में जहां तालमेल नहीं बैठता वहीं शंका जन्म लेती है।

टांके के पानी का उपयोग की तरह ही सीढी़ व सोफे पर खून के धब्बों के बारे में भी एक राय नहीं है।

एक वर्ग है जो इस बात का स्पष्टीकरण यों देता है-

“कि साहब, दिग्वी के शरीर को आक्सीजन देने के लिए नीचे लाना पडा़। इसलिए सीढी़ पर खून था। ” इस कथन का प्रतिकार होते भी देर नहीं लगी।

-“Body was never brought down stairs”
(शरीर कभी नीचे नहीं लाया गया!)

बुजुर्ग डॉक्टर ने बडे़ निश्चयात्मक स्वर में कहा! फिर उन्होंने पूरी बात समझाई-

-इतना वक्त ही कहां था कि ऊपर-नीचे लाया जा सकता, उसी जगह पर हमने आक्सीजन देने की कोशिश की। शहर के दो बुजुर्ग डॉक्टर घटना के तुरंत बाद पहुंचे थे, उनमें से एक ने कहा-

-“मैं जब पहुंचा संयुक्ता सीढी़ के पास वाले कमरे में सोफे पर बैठी थी। सोफे पर खून के धब्बे थे। शायद उसके बैठने से साडी़ का खून लग गया था! उसके पास दिग्वी की अंग्रेज परिचारिका खडी़ थी।”

डॉक्टर की इस बात को यों समझा दिया जाता है कि संयुक्ता दिग्वी से लिपटकर रोई थी इसलिए उसकी साडी़ में खून लग गया था।

सीढी़ व सोफे पर खून के धब्बों का आज तक संतोषप्रद स्पष्टीकरण नहीं मिला।

इसी तरह रानी के कमरे का कांच टूटने का किस्सा है।

रानो (संयुक्ता की बहन) ने दिग्वी के कान में कुछ कहा, दिग्वी हवा की गति से भीतर गया। दिग्वी ने संयुक्ता से कहा कि तुम अपने मायके चली जाओ। और रानो के प्रचारक सीधे इस नतीजे पर पहुंच जाते हैं कि संयुक्ता ने दिग्वी से तपाक से कह दिया-

“मैं तुम्हारी मदर नहीं, जो तुम्हें छोड़कर चली जाऊं।”

और संयुक्ता का यह कहना ही था कि दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इसी मारपीट में दिग्वी के हाथ से कमरे का कांच टूट गया।

बडी़ अजीब बात है। हाथ से कांच फूट जाये और हाथ में खरोंच भी न आये।

कुछ लोगों ने कमरे में शीशे के साथ रानी का दांत जोड़ दिया है कि लडा़ई में रानी का एक दांत टूट गया था।

और यह भी कहा जाता है कि मिस्टर शुक्ला को दिग्वी ने उसी रात, जब बुलाया था, हाथ दिखाते हुए कहा था-

-देखिये, उसने मुझे किस बुरी तरह काटा है।

क्या इस ओर भी किसी का ध्यान गया है कि रानी के कमरे में दरवाजे का शीशा जहां से टूटा है उतनी ऊंचाई पर किसी का हाथ जा सकता है और खास कर ऐसे समय जबकि कहते हैं लडा़ई केवल दो मिनट की थी?

और दिग्वी ने क्या पहले कभी संयुक्ता पर उसकी बदतर नशे की हालत में भी हाथ उठाया था? और जब संयुक्ता पर बरस ही पडा़ तब उसे खुद को गोली मारने की क्या जरूरत थी?

राजा को मोटर से किसने उतारा- रानो ने, इलैया ने? जी हां क्या पक्ष ऐसा भी है जो कहता है कि दिग्वी ने ज्यों ही मोटर स्टार्ट की इलैया पीछे से दौड़ता हुआ आया था।

-“हुजूर आपने न खाना खाया है और न पूरे कपडे़ पहन रखे हैं।”

और कहते हैं कि दिग्वी अपने ओवरकोट लेने भीतर गया था।

इलैया से पूछे तो बडे़ आग्रह पूर्व वो कहता है

“मुझे तो सुबह चार बजे खबर मिली। मैं रात को ग्यारह बजे ही आखिर बार व्हिस्की डाल कर चला आया था।” इलैया के बयान पुलिस ने नहीं लिए।

मोटर से कैसे उतरे इस बात को यदि छोड़ भी दें तब भी सीढी़ और सोफे पर खून के धब्बे तो शंका की परतें दोहरी कर देते हैं।

दिग्वी के धोबी रामचरण ने यों तो अब अपना अलग धंधा शुरू कर दिया है। लेकिन बरसों तक वह लालबाग में ही रहा। आज वह अजनबी बनकर बोला-

“”मैं तो साहब कुछ नहीं जानता। बस इतना मुझे ख्याल आता है कि शिकार रूम की सीढी़ पर जो दरी पीतल के ब्रेकेट में फिट थी, सुबह मैं जब गया, वह निकाल ली गई थी। ब्रेकेट भी निकाले हुए थे।”” यह दरी किसने व क्यों निकाली?

रामचरण न जाने क्यों दरी और पीतल के ब्रेकेट निकाले जाने को इतना महत्व देता है और किसी का ध्यान उधर नहीं गया था।

बात और पक्की करने के लिहाज से पूछा- “रामचरण तुम्हें ठीक तौर से ख्याल है कि दिग्वी की मृत्यु के पहले दिन शिकार रूम की सीढी़ पर दरी बिछी थी?”

उसी दृढ़ता से रामचरण ने कहा- “जी हां साहब।”

परंतु रामचरण अपने मृत स्वामी की स्मृति में खो चुका था, “सरकार जब तक सो नहीं जाते, मैं उनके पैर के पंजों को हल्के-हल्के मालिश करता था।” इसी बात को रामचरण ने फिर यों दुहराया- “जब तक मैं मालिश नहीं कर देता तब तक राजा साहब सोते नहीं थे।” रामचरण के बयान भी पुलिस ने नहीं लिए।

(क्रमश: )