
आदरणीय स्व. शरद कोठारी जी कृत
संयुक्ता देवी और जयति देवी ने एक-एक चीज का बंटवारा कर लिया था। हीरे-जवाहरात, धन-दौलत, फर्नीचर और जो कुछ बांटा जा सकता था, बांट लिया गया। जो नहीं बंट सकता था, बोली पर चढा़ दिया गया और कीमत, जो भी बताई गई ले ली गई। दरअसल बांटने के बाद इतना कम बच रहा था कि लडा़ई की संभावना नहीं थी और जो कुछ मिला क्या वह उनके पास रह सका? अनेक दावेदार थे। दिग्वी भले ही नि:संतान मरा हो, उसकी धन-दौलत के तो अनेक वारिस पैदा हो गये थे, जिन्होंने किसी न किसी बहाने अपना हिस्सा ले लिया। यह भी मजेदार और दर्दनाक कहानी है। अक्सर रहस्यों के सामने एक बोलती तस्वीर रखी जाती है। यह तस्वीर बाहर रोती है, भीतर हंसती है। बाहर सारा वैधानिक आचरण करती है, पीछे अवैधानिक आचरण निभाती है। यह तस्वीर नैतिक के आचरण के ऐसे-ऐसे अभिनय करती है कि उसके पीछे चलने वाली अनैतिकता का भान भी नहीं हो पाता।
“मैं अब एक दिन भी इस शहर में नहीं रहूंगी।”
शहर पर संयुक्ता का क्रोध एक परिस्थिति जन्य विवशता थी। दिग्वी के सामने वह जो शेर बनती थी आज वह बहुत विवश थी।
संयुक्ता ने यह कहा या उसे कहने पर विवश किया गया, वही जाने लेकिन बाद की घटनाएं इसी बात का संकेत करती हैं कि वह अपने निर्णय की स्वामिनी नहीं रह गई थीं।
-तुम अधिक दिनों तक यहां रह नहीं सकोगी संयुक्ता।
संयुक्ता को ऐसा लगता है कि जैसे कोई घूर रहा है। जैसे इस धमकी में ही उसकी नियति हो। इस वाक्य का ध्वन्यार्थ चाहे जो हो निहित अर्थ तो यही था कि जो कुछ तुम्हारा है वह छोड़कर तुम्हें जाना होगा कभी कीमत में, कभी यूं ही।
संयुक्ता अब क्या है? मात्र एक हस्ताक्षर जो हरेक बिकने वाली चीज के दस्तावेज पर आप से आप ढंक जाता है।
संयुक्ता क्रमश: उस स्थिति की ओर घिसटती चली गई, जहां उसकी सत्ता की इति हो चुकी थी। उसका सारा अहं, गर्जन-तर्जन परवशता के भंवर में चकनाचूर हो चुका था। वह आखिर जिस स्थिति में फंस चुकी थी उसकी तुलना ऐसी गाडी़ के मालिक से की जा सकती है जिसने उत्तेजनावश पूरी गति से गाडी़ चला तो दी हो परंतु बाद में किसी और ने उसके हाथ से स्टैयरिंग छीन लिया हो।
शहर के लोग भी इस राजघराने का वैभव इस तरह मिटता देखकर हैरान थे। रास्तों-चौराहों पर यह चर्चा सुनी जा सकती थी- सब कुछ मिट रहा है, सब मिट जायेगा।
एक के बाद दूसरी, दूसरी के बाद तीसरी, चौथी और सैकडो़ं चीजें लालबाग से लदकर नये-नये ठिकानों पर पहुंच रही थी। दरअसल लालबाग एक ऐसा माल गोदाम बन चुका था कि जहां से सामान उठाने की चिट प्राप्त कर कोई भी अपने अधिकार का सामान ले जा सकता था। लालबाग के पुराने नौकर आज भी बडे़ दर्द से शिकायत करते हैं-
साहब, इस शानदार महल की चीजें और दीवारों की जालियां तक उखाड़ ली गई है, इसकी अनेक शोभा सामग्री आज किसी और के प्रासादों की शोभा बढा़ रही है। वह फर्नीचर, वे सोफासेट, वे अलंकरण सब कुछ बिक गये कुछ बेचने की दलाली में बंट गये।
दिग्वी का वह खुशबू छिड़कने वाला फव्वारे लगा नहाने का उपकरण, शराब पीने के चेक कट ग्लासेस, सुन्दर क्राकरी और तो और जूते व कपडे़ तक मार दिये गये। दिग्वी की उन चीजों का इस्तेमाल कर आज अनेक सम्भ्रांत सज्जन अपने ऐश्वर्य की धाक जमाने की कोशिश करते हैं।
यदि किसी ने उन्हें टोंका तो यह स्पष्टीकरण दे दिया गया कि दिग्वी की तरफ उनका बिल था, जो उन्हें अब इतना ही लेकर संतोष करना पड़ रहा है।
दिग्वी की मोटरें इसी तरह बिकी।
अच्छा तो इस मोटर की कीमत 12 हजार है। यह उस बिजली वाले को दे दो, जिसने लालबाग में बिजली की फिटिंग की थी। उसका बिल सात हजार होता है बाकी पांच लेकर उसके सुपुर्द कर दी जाये।
घडी़? दावेदार तैयार थे, दिग्वी ने जीते जी मुझे यह घडी़ देने को कहा था। जमीनें तो पहले ही बहुत सी बंट चुकी थी। एक-एक आदमी ने कई नामों से प्लाटों की रजिस्ट्री करवायी।
यह टेप रिकार्डर, यह रेडियोग्राम मैं ले लेता हूं, तुम कोई और चीज ले लेना। ओह! ये पर्दे कितने खूबसूरत हैं। ऐसा “कर्टन क्लाथ” तो मिल नहीं सकता। इसे मेरे बंगले पर पहुंचा दो।
जवाहरातों की बिक्री का अलबत्ता एक वैधानिक व्यावसायिक तरीका अपनाने का नाटक किया गया।
थोडे़ से जवाहरात जंचवाने के लिए यहां-वहां भेजे गये। लेकिन इस शहर के सोना गलाने वाले आपको बतायेंगे कि क्या कुछ यहां बेचा गया। मद्रास में कुछ जवाहरात बेचे गये और जिन्होंने यह सौदा किया उन्हें अच्छा मेहनताना मिला।
दिग्वी ने अपने पसंद की बहुत सी चीजों का संग्रह किया था, जो असाधारण ही कही जा सकती है। यदि उनका एक म्यूजियम ही बना दिया जाता तो स्वर्गीय राजा का अलग स्मारक बनाने की जरूरत नहीं पड़ती।
परंतु स्मारक में रूचि किसकी थी? संयुक्ता और जयति दोनों हर चीज के नगद दाम खडा़ करना चाहती थीं, हालांकि दोनों के उद्देश्य भिन्न थे।
जिस लालबाग को सजाने-संवारने में दिग्वी ने वर्षों का परिश्रम किया था। लाखों रूपये खर्च किये थे उसे खाली होने में समय नहीं लगा। जितनी तेजी से लालबाग निर्वस्त्र किया जा रहा था उसे देखकर किसी ऐसी युवती की याद आ जाती है जिसे घसीटकर एक चौराहे पर खडा़ कर दिया गया है और बेरहमी से एक-एक आभूषण और वस्त्र उतारे जा रहे हों। सजीली-लजीली युवती अब महज हाड़-मांस की पुतली थी। वह भी कब तक टिकती अब उसकी नीलामी होने की बारी थी।
रानी नांदगांव से चली गई।
हमेशा के लिये संयुक्ता ने दिग्वी का शहर छोड़ दिया। वह कहां गई, बातें अलग-अलग हैं। कुछ दिन वह अपने मायके में रही फिर पता नहीं, संयुक्ता ने उटक को अपना स्थायी निवास क्यों बनाया। जैसे कोई निर्मोही नाता तोड़कर अपनी राह चल देता है। संयुक्ता यहां एक मुसाफिर की तरह आई थी, वैसे ही चली गई। यह कैसा बेगानापन है, यह कैसी नियति है?
यह भी किसे फिक्र है यह जानने की कि संयुक्ता कहां रहती है। संपर्क के नाम पर यहां एक दाऊजी खबर देते रहते थे और संयुक्ता का भी उनसे पत्र व्यवहार था।
संयुक्ता का पीना जारी था।
दुर्घटनाएं तभी करूणा उत्पन्न करती है जब कोई अपना उसकी कहानी कहे, यदि नशे की हालत में संयुक्ता किसी दुर्घटना में घायल भी हुई हो और अदालत में उन्हें सजा भी दी गई हो तो यहां किसका क्या वास्ता।
वह जब तक यहां रही, प्रजा से उसका कोई सरोकार नहीं था और जब वह सैकडो़ं मील दूर अकेली अपना बचा हुआ जीवन गुजार रही है तो किसे क्या लेना-देना।
सचमुच लालबाग ही बेगाना हो गया था, पराया हो चुका था। नये मालिकों ने नाप-जोख कर कब्जा ले लिया था। महल, बगीचा, गैरेज जमीन जो कुछ उस दायरे में आता था बिक गया था।
नाप-जोख की क्या जरूरत? इस कीमत में क्या बुरा है। इतना बडा़ मकान इतनी जमीन आज इस भाव में नहीं मिलेगी और वैसे भी राजा का महल खरीदना बडी़ प्रतिष्ठा की बात है।
संयुक्ता को लालबाग की जरूरत ही क्या थी? जरूरत पैसे की थी, जो लालबाग बेचने से ही पूरी हो सकती थी।
लालबाग बिकाऊ है, यह बात फैल चुकी थी। शहर और बाहर के लोग आये। लोग मिस्टर शुक्ला के पास “एप्रोच” करते। वे रानी जयति देवी के एटार्नी थे। कभी सुनते कि सरकार ही इस महल को खरीद लेगी। कृषि विश्वविद्यालय खुलेगा, ट्रेनिंग सेंटर खुलेगा, दफ्तर खुलेंगे। नांदगांव जिला बना तो जिलाध्यक्ष का दफ्तर यहां रहेगा। अनेक कहानियां प्रचलित हो गई थी। लोग बडी़ उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे थे कि कौन ऐसा भाग्यशाली है जिसके भाग्य में लालबाग बदा है। कभी-कभी जनता में प्रसन्नता की लहर दौड़ जाती कि चलो शहर की तरक्की में ही स्वर्गीय राजा के महल का अच्छी संस्थाएं द्वारा उपयोग होगा। दिग्वी भी यही चाहता था कि शहर में अच्छी संस्थाएं खुलें। उसने अपना पुराना किला इस उद्देश्य के लिए दे भी दिया था।
शहर के बहुत से धनीमानी लालबाग खरीदना चाहते थे लेकिन इस अंधविश्वास के वे शिकार थे कि बैरागी राजा की जायदाद खरीदने से अमंगल हो सकता है। अपने इस गलत विश्वास के समर्थन में वे बहुत सी पुरानी नजीरें पेश करते।
देखिये, आसकरण सेठ के परिवार का क्या हुआ? वे रियासत के खजांची ही थे। उनकी संतान नहीं हुई अंतिम समय बडी़ दुर्गत हुई।
-देखिये अमुक ने राजा का पैसा खाया। पागल होकर मरा, नि:संतान होकर मरा।
सारे दुर्सयोगों को बस राजा की सम्पत्ति के साथ जोड़ने वाले लालबाग की खरीदी में पीछे रह गये और एक दिन जब लालबाग बिक गया तो वे अपने गलत विश्वासों से जन्मी आशंकाओं को खरीददारों से जोड़कर कहते-
देखना बैरागी का माल नहीं पचेगा।
वे सारे “बुद्धिमान” लोग इतिहास की गति के आगे गलत सिद्ध हुए, उनके पल्ले केवल पछतावा हो रहा।
यदि, लालबाग हमने खरीदा होता तो मालामाल हो जाते।
कहते हैं समय और लहर किसी का रास्ता नहीं देखते। जो लोग गहरे पानी में बैठते हैं उन्हें ही मोती मिलते हैं। जो बूढे़ बपुरे डर के मारे किनारे बैठे रह जाते हैं उनके लिये दुनिया में कुछ नहीं।
-लालबाग बिकने वाला है…
-लालबाग बिक गया, सौदा पक्का हो गया…
-लालबाग की रजिस्ट्री भी हो गई… और यह देखो कब्जा भी हो गया। इन सारी प्रक्रियाओं में अधिक समय नहीं लगा।
रानी जयदि देवी ने और संयुक्ता देवी ने अपने-अपने हिस्से का पैसा ले लिया। जयति देवी पूर्व की ओर चली गई। संयुक्ता देवी पश्चिम को, कुछ दिनों तक संयुक्ता अपने मायके देवगढ़ बारिया में रही। ड्रायवर शफी बहुत दिनों तक उनके साथ अनुचर की हैसियत से रहा। लोगों की यह शंका निर्मूल सिद्ध हुई कि किसी न किसी दिन शफी दिग्वी की मृत्यु का राज खोल देगा। यह सच था कि शफी के सामने घटना हुई थी।
संयुक्ता देवी बारिया से उटकमंड चली आई। वहां उन्होंने एक बंगला खरीद लिया और वहीं रहने लगी।
जो लोग उस ओर से आते, यह बताते कि संयुक्ता का रवैया आज तक नहीं बदला है। उसकी दिनचर्या में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। परंतु कुछ लोग यह भी कहते हैं कि वे अकेले में रोती हैं। एक बार यह भी सुना गया कि उनका पीना इतना बढ़ गया है कि अब वे बस उसी में रमी रहती हैं। बंबई में संयुक्ता बीमार पड़ गई यह भी सुना गया।
जो भी हुआ हो, नांदगांव संयुक्ता को भूल चुका है। संयुक्ता ने नांदगांव को तिरोहित कर दिया था। संयुक्ता को जो प्रीवीर्य मिलता है, उसी से गुजारा हो जाता होगा। चार या पांच हजार मिलते हैं। कुछ लोगों ने यह आपत्ति उठाई थी कि संयुक्ता को नांदगांव की रानी की हैसियत से यह राजभत्ता था। अब जब वे यह शहर छोड़कर चली गई हैं तो यह राशि उन्हें क्यों मिलनी चाहिए।
आपत्ति अपनी जगह रह गई।
(क्रमश:)




