आत्मा का परमानेंट घर‎ मोक्ष है

जैन बगीचे में मौलिकप्रभ जी का चातुर्मासिक प्रवचन
‎‎राजनांदगांव।
खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य मौलिकप्रभ सागर जी ने  कहा कि हमें अगले जन्म की कामना नहीं करनी चाहिए बल्कि इसी जन्म में मुक्ति प्राप्त कर ले, ऐसी कामना करें। अन्य भव में भी मोक्ष मिल जाए यह संभव नहीं है। आत्मा का परमानेंट घर मोक्ष है।
मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन में चल रहे चातुर्मासिक प्रवचन की कड़ी में आज मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने कहा कि हम अनंतकाल की यात्रा करते आ रहे हैं। हर एक भव किराये का घर है। जिस तरह किरायेदार चाहता कि उसका खुद का मकान हो, उसी तरह आत्मा भी चाहती है कि वह खुद के मकान अर्थात मोक्ष को प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि मुनि सोते हुए भी जागते हैं और हम जागते हुए भी सोते रहते हैं। हमारी अंतरात्मा भी जगी नहीं है। हमें यह सोचना चाहिए कि मेरा जीवन कैसा होना चाहिए और मैं कैसे जी रहा हूं।
‎मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने कहा कि हमें दुर्लभ देह मिला है। अभी भी समय है जाग जाओ और मोक्ष प्राप्ति के लिए प्रयास करो। हम निरंतर प्रयास करते रहें तो एक न एक दिन हम जाग ही जाएंगे। आप चिंता कीजिए कि मैं कहां से आया हूं और मेरा क्या काम है। आप दुनिया में सब कुछ भूल कर सिर्फ पांच मिनट तक यह सोचे। आपका प्रयास निश्चित ही सफल होगा।