कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में एक को दिल्ली में

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुदलियार ने कांग्रेसजनों से शामिल होने किया आव्हान
राजनांदगांव।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 1 नवम्बर 2026 को नई दिल्ली में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली का आयोजन किया है। पार्टी के आदेशानुसार शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने शहर के समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से आगामी 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, सभी प्रदेश एवं जिला कांग्रेस इकाइयों को इस राष्ट्रीय रैली में अपनी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह महत्वपूर्ण महारैली ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है जिसका मुख्य उद्देश्य देश में आम नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा करना और मताधिकार को कमजोर करने वाले सभी प्रयासों के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाना है।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने इस संबंध में कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर एक नागरिक के मताधिकार की स्वतंत्र सुरक्षा बेहद आवश्यक है। इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में राजनांदगांव जिले की भी प्रभावी और मजबूत भागीदारी होनी चाहिए। इसके लिए जिला, ब्लॉक, मंडल एवं विभिन्न कांग्रेस प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने सभी कांग्रेसजनों, समर्थकों और पदाधिकारियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर नई दिल्ली पहुंचकर इस महारैली को ऐतिहासिक बनाएं। साथ ही, उन्होंने सभी से अपनी यात्रा और ठहरने की व्यवस्था समय रहते पूर्व में ही सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है।