बडे़ बकायादारों की होगी कुर्की

राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कम वसूली पर आयुक्त ने जताई नराजगी
राजनांदगांव।
 निगम सभागृह में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में आयुक्त जीआर मरकाम ने वसूली की वार्डवार जानकारी लेकर कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लक्ष्य के अनुरूप वसूली के लिए सभी बडे़ बकायादारों को दो दिवस के अंदर डिमाण्ड नोटिस तामिल करने कडा़ई से निर्देश दिए।
आयुक्त मरकाम ने बैठक में सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों से वार्डवार वसूली की जानकारी लेकर कम वसूली के कारणों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 16 दिन में मात्र 43 लाख की वसूली प्राप्त हुई है, जो कि बहुत कम है। हर माह की वसूली से ही निगम का वेतन भुगतान किया जाता है। इस तरह की वसूली करने से वेतन भुगतान में कठिनाई होगी। उन्होंने कहा कि गत दो माह में आप लोगो की मेहनत से अच्छी राजस्व वसूली प्राप्त हुई थी। पूर्व की समीक्षा बैठक में कम वसूली करने वाले कर्मचारियों को महापौर ने भी प्लानिंग कर अच्छा मेहनत कर वसूली करने के निर्देश दिए थे। निर्देश के बावजूद इस माह की वसूली बहुत कम आई। कम वसूली करने वाले सहायक राजस्व निरीक्षकों का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने कहा कि सभी राजस्व प्रभारी अपने अपने प्रभारित वार्ड के बड़े बकायादारों को डिमाण्ड नोटिस तामिल कराना सुनिश्चित करेंगे। दो दिवस के भीतर नोटिस तामिल कराकर बकायादारों को बकाया राशि जमा करने समझाईश दें, उन्हें बताएं कि करों का भुगतान नहीं करने की स्थिति में कुर्की की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने राजस्व अधिकारी मोबिन अली एवं सहायक राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर को टीम बनाकर बडे बकायादारो से बकाया करों की वसूली करने के निर्देश दिए।
राजस्व अधिकारी मोबिन अली ने कहा कि कुछ सहायक राजस्व निरीक्षक अच्छी वसूली कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोगो की वसूली अभी भी बहुत कम है। कुछ लोगों के द्वारा पोस्टिंग भी नहीं की जा रही है। डिमाण्ड के विरूद्ध प्रतिदिन वसूली करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अपने वार्ड के कम से कम 20 बडे़ बकायादारों की सूची तैयार कर डिमाण्ड नोटिस देकर उसके विरूद्ध वसूली करें, उन्हें समझाईश दें कि भुगतान नहीं करने की स्थिति में कुर्की की जाएगी। उन्होंने कहा कि घर घर जाकर वसूली करने के साथ साथ चेक और ऑनलाइन भुगतान लें एवं बडे़ बकायादारों के घर टीम के साथ जाएं। बैठक में राजस्व उप निरीक्षक एवं सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।