झीरम घटना में मृत कांग्रेस नेताओं के परिजन राहुल से मिले

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुई मुलाकात

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से आज झीरम घाटी घटना के मृत कांग्रेस नेताओं के परिजनों ने नई दिल्ली में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी शामिल रहे। हालांकि बस्तर क्षेत्र में खराब मौसम के चलते वहां के कई नेता बस्तर से रायपुर नहीं पहुंच सके और इस वजह से वे दिल्ली नहीं जा पाए।

नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात के दौरान नेताओं ने छत्तीसगढ़ से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ झीरम घाटी मामले की जांच और हालिया अदालत के फैसले को लेकर भी चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि राहुल गांधी के सामने झीरम मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य रखे गए। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी ठहराए गए 10 लोग मुख्य रूप से ग्रामीण थे और इनमें कुछ लोग खाना पहुंचाने या गड्ढे खोदने जैसे काम करते थे। उनके अनुसार, मामले में जिन प्रभावशाली लोगों को फरार बताया गया, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।

सिंहदेव ने यह भी कहा कि NIA की जांच में साजिश के पहलू पर पर्याप्त जांच नहीं हुई। उन्होंने राहुल गांधी को जांच से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों की जानकारी दी। सिंहदेव के मुताबिक पैराग्राफ 307 में नंदकुमार पटेल और उनके बेटों की पहचान को लेकर पूछताछ का उल्लेख है लेकिन इसके आगे जांच आगे नहीं बढ़ी।

नेताओं ने राहुल गांधी से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर भी मदद मांगी। सिंहदेव ने बताया कि राहुल गांधी ने कानूनी राय के लिए संबंधित विशेषज्ञों से संपर्क करने की सलाह दी है। परिस्थितियों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई पर भी विचार किया जा सकता है।

मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने झीरम घाटी घटना से पहले नेताओं को उपलब्ध कराई गई सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विवरण भी मांगे। सिंहदेव के मुताबिक उन्होंने पूछा कि सुरक्षा कहां, कब और किस स्तर पर उपलब्ध कराई गई थी।

इस मुलाकात में बस्तर क्षेत्र के कुछ नेता शामिल नहीं हो सके। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बस्तर के नेताओं का रायपुर पहुंचना संभव नहीं हो सका जिसके चलते वे आगे दिल्ली की यात्रा नहीं कर पाए।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं की राहुल गांधी से यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब झीरम घाटी मामले में 13 साल बाद आए अदालती फैसले को लेकर राजनीतिक और कानूनी बहस तेज है। कांग्रेस नेताओं ने मामले की जांच, साजिश के पहलू और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को आगे उठाने की बात कही है।