
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा- संसदीय पद की गरिमा गिराकर अंधविश्वास को बढ़ावा दे रहे भाजपा सांसद
जितेंद्र जैन जीतू
राजनांदगाँव/गुंडरदही/ बालोद। कांकेर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद भोजराज नाग द्वारा डौंडीलोहारा में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मंच से “नींबू काटकर बारिश रोकने” के किए गए हास्यास्पद दावे पर गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद ने तीखा पलटवार किया है। विधायक निषाद ने इसे 21वीं सदी के वैज्ञानिक युग में अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला और संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला बयान करार दिया।
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने भोजराज नाग को इसलिए चुनकर संसद भेजा था ताकि वे क्षेत्र के विकास, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार से बजट ला सकें। लेकिन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सांसद सार्वजनिक मंचों से जादू-टोना, नींबू काटने और भूत भगाने जैसे अवैज्ञानिक दावे कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
विधायक निषाद ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि यदि सांसद महोदय के पास नींबू काटकर मौसम और प्रकृति को नियंत्रित करने की ऐसी अद्भुत ‘शक्ति’ है, तो वे एक नींबू काटकर कमरतोड़ महंगाई, महंगे गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के दाम भी कम करवा दें।
प्रदेश के किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिल रहा, बिजली कटौती से जनता परेशान है और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं—सांसद जी अपने टोटके से इन समस्याओं का समाधान भी निकाल दें।
बस्तर और कांकेर की बदहाल सड़कों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की दुर्दशा पर भी वे अपनी इस तथाकथित विद्या का उपयोग कर लें।
कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंच पर मौजूद थे और वे एक सांसद द्वारा अंधविश्वास फैलाने वाली बात पर रोक लगाने या वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के बजाय ठहाके लगा रहे थे। यह स्पष्ट करता है कि भाजपा सरकार के पास जनसरोकार और विकास का कोई विजन नहीं है, इसलिए वे हास्यास्पद बयानों और ढकोसलों से मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
विधायक निषाद ने मांग की कि सांसद भोजराज नाग को अपने गैर-जिम्मेदाराना बयान के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए और अंधविश्वास फैलाने के बजाय अपने संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।


