जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के आकस्मिक निरीक्षण में ली जिले के अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक
प्राथमिक शाला परवींडीह पहुंचकर स्कूली बच्चों से की मुलाकात, बच्चों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह

राजनांदगाँव/मोहला। पुलिस महानिरीक्षक रेंज राजनांदगांव अजय कुमार यादव ने जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मोहला में जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिले में लंबित अपराध, मर्ग, साइबर अपराध, शिकायतों एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए त्वरित निराकरण, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार एवं अपराध नियंत्रण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस महानिरीक्षक ने साइबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी निराकरण के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को तत्काल सहायता तथा संबंधित बैंकों एवं संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर फ्रॉड की राशि को होल्ड/फ्रीज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक यादव ने थाना मोहला एवं थाना खड़गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों एवं विभिन्न शाखाओं के कार्यों का जायजा लिया गया तथा थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं बेहतर पुलिसिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस कैंप परवींडीह का निरीक्षण किया। कैंप में तैनात पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनकी ड्यूटी एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा विषम परिस्थितियों में कर्तव्य का निर्वहन कर रहे जवानों का उत्साह एवं मनोबल बढ़ाया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने प्राथमिक शाला परवींडीह पहुंचकर विद्यालय के बच्चों से मुलाकात एवं संवाद किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई एवं विद्यालय संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक ने ITBP 40वीं बटालियन कैंप पहुंचकर वहां तैनात जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों से ड्यूटी एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में चर्चा कर उनका हालचाल जाना तथा कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कर्तव्य का निर्वहन कर रहे जवानों का हौसला बढ़ाया।
पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की समस्त शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों का जायजा लिया गया तथा विभिन्न शाखाओं में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की। इसके पश्चात पुलिस लाइन का निरीक्षण कर पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर का संदेश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, मुख्यालय उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप सहित जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


