
मौलिकप्रभ जी का चातुर्मासिक प्रवचन
राजनांदगांव। “प्रगति के बाद भी शिष्य को अपने गुरु को नहीं भूलना चाहिए। अच्छी आत्माएं होती है जो दोषों को नहीं देखती। इसका कारण यह है कि हमारे भीतर अभी तक इस प्रकार का भाव उत्पन्न नहीं हुआ है।” उक्त उदगार खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य मौलिकप्रभ सागर जी ने व्यक्त किए।
मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन में चल रहे चातुर्मासिक प्रवचन की कड़ी में आज मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने कहा कि हमारे भीतर अभी पात्रता विकसित नहीं हुई है, अपनी पात्रता को जगाओ। भाव के आधार पर अंदर में जब झांकेंगे तो हमें हमारा गुरु स्थान का पता चलेगा। गुरु के दोषों को जानने के बाद भी शिष्य के मन में कोई दुर्भाव उत्पन्न नहीं होता। वह अपने गुरु के गुणों को ही देखता है।
मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने कहा कि आज की दृष्टि में सामने वाले के पास भले ही सौ गुण हो लेकिन यदि एक दुर्गुण हुआ तो लोगों की नजर इस दुर्गुण पर टिक जाती है। दुर्गुणों को नजरअंदाज करो और सद्गुणों को ग्रहण करो। उन्होंने कहा कि हमारे संबंधों में स्वार्थ हो सकता है किंतु गुरु और शिष्य के संबंध में कोई स्वार्थ नहीं होता। गुरु का शिष्य के प्रति प्रेम / वात्सल्य भाव को समझो। शिष्य को भी प्रगति के बाद गुरु को कभी नहीं भूलना चाहिए।
मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने कहा कि हम अपने जीवन में कितनी सारी भूल करते हैं। गुरु यदि हमारी भूलों के लिए भरी सभा में हमें डांट भी दे तो हमें यह समझना चाहिए कि हममें पात्रता है। यदि किसी को गुरु का डांटना गलत लगता है तो समझ लेना चाहिए कि पात्रता में कहीं कमी है। उन्होंने कहा कि यदि एकांत में भी गुरु को अपने शिष्य की गलती पर डांटने में सुकुचाहट होती है तो समझ लेना उसकी पात्रता में कहीं कोई कमी है। उन्होंने कहा कि गुरु की सीख हमारे आचरण में आनी चाहिए। विचारों के मंथन से जो मक्खन निकलेगा उसमें यदि आप डूब गए तो आपका जीवन सफल हो जाएगा।




