नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़वासियों के लिए सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

रायपुर। नेपाल में भीषण बाढ़ एवं भूस्खलन से हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा भारत एकजुटता के साथ नेपाल के पीड़ितों के साथ खड़ा है। छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ वासियों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

मुख्यमंत्री ने भगवान पशुपतिनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकसंतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने तथा लापता लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की। इधर, नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता और सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार फंसे नागरिकों और उनके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। प्रदेश के नागरिक अथवा उनके परिजन सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 तथा दूरभाष नंबर +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है। नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़वासियों की सुरक्षित वापसी एवं आवश्यक सहायता के लिए सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।