मंच पर ‘णमोकार’, जमीन पर कबाड़!

महावीर स्तंभ की दुर्दशा पर तंज
जितेंद्र जैन जीतू
राजनांदगांव।
शहर के चौराहों पर धर्म के नाम पर लगने वाले बड़े-बड़े होर्डिंग्स और फ्लेक्स देखकर लगता है कि मानो आस्था अपनी चरम सीमा पर है। लेकिन, जमीन पर उतरकर देखिए तो हकीकत मुँह चिढ़ाती नजर आती है। शहर के बीचों-बीच शान से खड़ा महावीर स्तंभ प्रशाशन और समाज से उपेक्षित हो कर आज अपनी ही बदहाली पर आंसू बहा रहा है।

हालत यह है कि स्तंभ के ऊपर पवित्र णमोकार महामंत्र और भगवान महावीर की गरिमा अंकित है, तो ठीक उसी चबूतरे और रेलिंग के अंदर जूते-चप्पलों का पहरा, पसरा कचरा और सूखते हुए कपड़े नजर आते हैं। यह नजारा सिर्फ एक स्मारक की उपेक्षा नहीं, बल्कि हमारी खोखली होती व्यवस्था और दिखावे की आस्था का सबसे बड़ा प्रमाण है।

जानकार और स्थानीय लोग इस बात पर रोष जताते हैं कि जिस शहर में जैन धर्म और महापुरुषों के नाम पर भव्य आयोजन, बड़े-बड़े मंच और लंबी-चौड़ी बयानबाजी आम बात हो, उसी शहर में एक ऐतिहासिक और धार्मिक स्तंभ लावारिसों की तरह खड़ा है।
शहर की फिजाओं में धार्मिक आयोजनों के बैनर-पोस्टर तो चमकते हैं, लेकिन कुछ ही कदमों की दूरी पर उपेक्षित पड़े महावीर स्तंभ की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
जिस स्तंभ पर ‘परस्परोपग्रहो जीवानाम’ (जीवों का परस्पर उपकार) का संदेश लिखा है, आज वह खुद ही उपेक्षा और उदासीनता का शिकार होकर रह गया है।
इस मामले में सवाल सिर्फ व्यवस्था से नहीं, हमारी मानसिकता से भी है,
यह मुद्दा किसी एक समाज या वर्ग पर अंगुली उठाने का नहीं है, बल्कि यह सोचने का है कि हम दिखावे के धर्म और वास्तविक सम्मान के बीच की रेखा क्यों भूल गए हैं।
यहां सवाल ये भी लाजमी है, जब बड़े-बड़े जलसों और आयोजनों के लिए बजट और भीड़ जुट सकती है, तो क्या एक छोटे से स्मारक की नियमित सफाई और सुरक्षा के लिए कुछ हाथ आगे नहीं आ सकते?
इस मामले में नगर निगम की प्रशासनिक उदासीनता अपनी जगह है, लेकिन क्या(जैन समाज) हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी खत्म हो जाती है?
यदि शहर में आने वाला कोई बाहरी व्यक्ति इस स्तंभ के पास से गुजरे, तो वह क्या संदेश लेकर जाएगा? यही न कि “हम धर्म को सिर्फ पोस्टरों और नारों में पूजते हैं, जमीन पर उसकी कोई कीमत नहीं।”
अब वक्त आ गया है कि या तो प्रशासन अपनी नींद से जागे और दिल्ली दरवाजा के पास बने इस पवित्र स्थल की गरिमा बहाल करे, या फिर जैन समाज खुद आगे आकर हफ्ते में एक बार यहाँ सफाई का जिम्मा उठाएं। क्योंकि सम्मान नारों की गूँज से नहीं, साफ-सुथरी नीयत और सफाई से झलकता है!