
रेल्वे अंडर ब्रिज निर्माण कार्य के चलते आरओबी (ROB) पर भारी और अन्य वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध
राजनांदगांव। जिले में रेलवे अंडर ब्रिज (Level Crossing-460, स्टेशनपारा) के निर्माण कार्य के तहत चल रहे ‘बॉक्स पुशिंग’ कार्य को देखते हुए जन-धन की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राजनांदगांव-खैरागढ़ रोड पर स्थित रेलवे ओवर ब्रिज (ROB No. 329A) पर दुपहिया वाहनों को छोड़कर शेष सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन आगामी आदेश तक के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है।
वरिष्ठ सहायक मण्डल अभियंता (द.पू.म.रेल्वे, डोंगरगढ़), लोक निर्माण विभाग (सेतु), नगर पालिक निगम और यातायात पुलिस के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया था। इस दौरान रिपोर्ट दी गई कि 1 नवंबर 2026 से शुरू हुआ बॉक्स पुशिंग का यह कार्य आगामी 30 दिसंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है। इसी समयावधि और सुरक्षा कारणों से यातायात में यह बदलाव किया गया है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए पुलिस एवं यातायात विभाग द्वारा आवागमन हेतु वैकल्पिक/परिवर्तित मार्गों की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सहयोग करें।




