राजनांदगाँव का सिख परिवार झारखंड में हुआ हादसे का शिकार, तीन की मौत

तीनों मृतक महिलाएं
राजनांदगाँव।
शहर का एक सिख परिवार आज सुबह झारखंड में हादसे का शिकार हो गया। राजनांदगाँव से झारखंड के जमशेदपुर जा रहे एक परिवार की कार की पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में एक ट्रक से भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीनों महिलाएं हैं। हादसे में एक मासूम बच्चा सुरक्षित बच गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कार क्रमांक CG 13 CA 0751 में सवार होकर सिख परिवार की महिलाएं जमशेदपुर जा रही थीं। उनकी कार झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में पहुंची थी कि उसे सामने से आ रहे एक ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि घटना में कार में सवार अमृत कौर उम्र 45 वर्ष, सिमरन कौर उम्र 11 वर्ष और अमनदीप कौर उम्र 15 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। कार चला रहे प्रदीप सिंह और हरमन कौर घायल हैं। इस हादसे में कार में मौजूद करीब नौ-दस महीने का एक बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के जमशेदपुर जाने के लिए कार में निकले राजनांदगांव के जो लोग हादसे का शिकार हुए हैं वो मंगलम् मोटर्स के संचालक के परिजन हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।