
ग्रामीणों और गढ़चिरौली पुलिस की मेहनत से हुआ काम
राजनांदगाँव/गढ़चिरौली। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान करके अतिदुर्गम नेलगुंडा गांव के नागरिकों के लिए एक नए पुल का निर्माण किया है। 12 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के जरिए बारिश के दिनों में नाले में पानी भरने से कटने वाला संपर्क और आवागमन की गंभीर समस्या अब हल हो गई है।
गढ़चिरौली जिले के नेलगुंडा गांव के पास स्थित नाले में बारिश का पानी भर जाने से यातायात ठप हो जाता था और दूसरे गांवों से संपर्क टूट जाता था। इसके कारण ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल पाती थी और विद्यार्थियों की पढ़ाई का भी काफी नुकसान होता था। पुल के निर्माण से अब आवागमन आसान और सुरक्षित हो गया है।
अभियान के दौरान उचित सुरक्षा बंदोबस्त तैनात किया गया था। इस कार्य से यह स्पष्ट हुआ है कि गढ़चिरौली पुलिस केवल कानून-व्यवस्था और सुरक्षा ही नहीं, बल्कि जनहित और समाज के विकास के लिए भी तत्पर है। इससे ग्रामीणों और पुलिस के बीच आत्मीयता बढ़ी है।
यह पहल गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में पूरी की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी., अपर पुलिस अधीक्षक (अहेरी) हर्षवर्धन बी. जे. और उपविभागीय पुलिस अधिकारी (भामरागड़) हेमंत चांदेवार के निर्देशन पर सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट कुंभार, नेलगुंडा थाने के प्रभारी अधिकारी (पीएसआई) अजिंक्य इथापे, एसआरपीएफ के पीएसआई मोराणकर और पुलिस व एसआरपीएफ के जवानों ने सक्रिय रूप से श्रमदान कर इसे पूरा किया।

