
साइबर सेल और मोहारा पुलिस चौकी की कार्रवाई
राजनांदगाँव। मध्यप्रदेश सुना था, महाराष्ट्र सुना था लेकिन शायद पहली बार राजनांदगाँव जिले में पुलिस ने उत्तराखंड में निर्मित शराब बरामद की है। साइबर सेल और मोहारा पुलिस चौकी ने खेत के बोरघर में छिपाकर रखी गई उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ निर्मित शराब के कुल 497 पौवा बरामद किया है। पुलिस ने अवैध शराब की पैकिंग- लेबलिंग का बड़ा जखीरा उजागर करते हुए 2820 स्टीकर, 2541 लेबल पर्चियां एवं 303 खाली शराब शीशियां जब्त की हैं। मौके से दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहारा में जांच के दौरान अवैध कारोबार में प्रयुक्त 598 ढक्कन सहित अन्य पैकिंग सामग्री बरामद की गई है। मौके से आरोपी नंद किशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी और दउवा वर्मा पिता स्व. मोहन वर्मा, उम्र 60 वर्ष दोनों निवासी मोहारा को गिरफ्तार किया गया है जबकि फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा की पतातलास जारी है। पुलिस ने धारा 34(2), 36 एवं 59 आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है।
11 सितम्बर 2026 को पुलिस चौकी मोहारा में विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मोहारा में शराब भट्ठी जाने वाले रोड के पास स्थित दउवा वर्मा के खेत में बने बोरघर में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बिक्री के उद्देश्य से डम्प कर रखी गई है।सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए निरीक्षक शंकर गिरी गोस्वामी और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा स्वतंत्र गवाहों के साथ मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर दबिश दी गई। मौके पर बोरघर मालिक दउवा वर्मा पिता स्व. मोहन वर्मा, उम्र 60 वर्ष, निवासी बुढ़ादेव चौक मोहारा उपस्थित मिला। बोरघर की तलाशी लेने पर विभिन्न प्रकार की अंग्रेजी शराब के साथ शराब की पैकिंग, लेबलिंग एवं बिक्री में प्रयुक्त होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई।
तलाशी के दौरान उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रीट अंग्रेजी शराब के 429 पौवा, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 77.22 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत ₹16,302/- और छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू स्पेशल व्हिस्की – 68 पौवा, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 12.24 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत ₹8,160/- बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 89.46 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹47,462/-, बरामद एवं जब्त की गई। इसके अतिरिक्त मौके से जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 2820 स्टीकर, 2541 लेबल पर्चियां, 263 खाली प्लास्टिक शीशियां, 40 खाली प्लास्टिक शीशियां, 330 लाल रंग के प्लास्टिक ढक्कन, 268 टूटे हुए धातु के ढक्कन तथा 1 लोहे की कैंची बरामद की गई।
बरामद शराब एवं अन्य सामग्री के संबंध में दउवा वर्मा को वैध दस्तावेज, परमिट अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने हेतु विधिवत नोटिस दिया गया, किंतु उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।पूछताछ के दौरान दउवा वर्मा के मेमोरंडम कथन के आधार पर उक्त अवैध शराब को उसके भांचा नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटे कट्टी द्वारा मंगाया जाना तथा महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़े कट्टी द्वारा खेत में बने बोरघर में डम्प कर रखा जाना बताया गया।
मामले में आरोपी दउवा वर्मा को विधिवत हिरासत में लिया गया है। प्रकरण में संलिप्त आरोपी नंद किशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी को गिरफ्तार किया गया है।फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जप्त शराब में से निर्धारित मात्रा को रासायनिक/गुणवत्ता परीक्षण हेतु पृथक कर सीलबंद किया गया है। शेष शराब एवं अन्य सामग्री को भी विधिवत जब्त कर सीलबंद किया गया। घटनास्थल का नजरी नक्शा तैयार कर आवश्यक फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।


